• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Indian Navy Submarine | Army Chief Manoj Pandey

भास्कर अपडेट्स:क्रिकेटर मोहम्मद शमी अपनी पत्नी हसीन जहां को पचास हजार रुपए महीना गुजारा भत्ता दें, कोलकाता कोर्ट का आदेश

नई दिल्ली2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अपनी पत्नी हसीन जहां को पचास हजार रुपए महीना गुजारा भत्ता देना होगा। कोलकाता की एक कोर्ट ने शमी को यह आदेश दिया है। शमी की पत्नी हसीन जहां और मोहम्मद शमी अलग-अलग रह रहे हैं। शमी फिलहाल टीम इंडिया के साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में व्यस्त हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

गांधी-गोडसे: एक युद्ध फिल्म के डायरेक्टर राजकुमार संतोषी को जान से मारने की धमकी, खुद पुलिस में शिकायत की

गांधी गोडसे एक युद्ध फिल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी को अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है। संतोषी ने खुद पुलिस में इसकी शिकायत की है। उन्होंने इस संबंध में जॉइंट पुलिस कमिश्नर सत्यनारायण से शिकायत की है। फिल्म के प्रोड्यूसर ललित कुमार श्याम टेकचंदानी को भी जान से मारने की धमकी मिली है।

बेंगलुरु में पाकिस्तानी महिला पकड़ी गई, फर्जी पहचान बनाकर रह रही थी

बेंगलुरु पुलिस ने 19 वर्षीय पाकिस्तानी महिला को गिरफ्तार किया है। वह कथित तौर पर फर्जी पहचान बनाकर यहां रह रही थी। महिला इकरा जीवनी पिछले साल भारत-नेपाल सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुई थी। उसने बताया कि उसकी शादी उत्तर प्रदेश के 25 वर्षीय सुरक्षा गार्ड मुलायम सिंह यादव से हुई है, जिससे वह एक गेमिंग ऐप के जरिए मिली थी। दोनों ने नेपाल में शादी की और भारत-नेपाल सीमा पार कर भारत पहुंचे। उसके बाद पति उसे बेंगलुरु ले आया।

मणिपुर में भूकंप का झटका, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 4.8 आंकी गई

​​मणिपुर में सोमवार शाम 7:31 बजे भूकंप झटका महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.8 आंकी गई। भूकंप बिष्णुपुर से 79 किमी पश्चिम-उत्तर पश्चिम में आया।
‘जजों को चुनाव का सामना नहीं करना पड़ता’, कॉलेजियम पर बहस के बीच बोले केंद्रीय कानून मंत्री रिजिजू

केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कॉलेजियम को लेकर हो रही बहस के बीच कहा कि जजों को एक बार जज बनने के बाद आम चुनाव का सामना नहीं करना पड़ता है। उनकी सार्वजनिक जांच भी नहीं होती है​​​​​​।जजों को आम जनता नहीं चुनती है और यही वजह है कि जनता जजों को बदल भी नहीं सकती, लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि जनता आपको देख नहीं रही है। उन्होंने कहा कि आज सरकार और न्यायपालिका के बीच कोई समस्या नहीं है। किरेन रिजिजू ने ये बातें दिल्ली बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में कहीं।

मुंबई में 27 से 31 जनवरी तक शंघाई सहयोग संगठन फिल्म फेस्टिवल

मुंबई में 27 से 31 जनवरी तक शंघाई सहयोग संगठन फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। SCO 2022-2023 की भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य सिनेमाई साझेदारी का बनाना और SCO में विभिन्न देशों की संस्कृतियों के बीच एक ब्रिज के रूप में कार्य करना है।

रेसलर्स और WFI विवाद में ओवरसाइट कमेटी बनी, बॉक्सर मैरी कॉम होंगी अध्यक्ष

रेसलर्स और WFI के विवाद में निगरानी के लिए सोमवार को 5 मेंबर्स की ओवरसाइट कमेटी बना दी गई। वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम इसकी अध्यक्ष होंगी। कमेटी के अन्य मेंबर्स में ओलिंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त, द्रोणाचार्य अवॉर्डी तृप्ति मुरगुंडे, TOPS CEO राजगोपालन, राधा श्रीमन शामिल हैं। यह कमेटी एक महीने में रेसलर्स के लगाए गए आरोपों की जांच करेगी। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी।

टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा की मौत का मामला,आरोपी शीजान खान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की

टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी शीजान खान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है। शीजान ने अपने खिलाफ दर्ज FIR रद्द करने के लिए भी अर्जी दायर की है। इसकी सुनवाई 30 जनवरी को होगी।

दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले पहलवानों के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका, कहा- इन पर FIR दर्ज करने के निर्देश दें

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और महासंघ के कोचों के खिलाफ हाल ही में विरोध प्रदर्शन करने वाले पहलवानों के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन करने वाले पहलवानों ने न्याय का मजाक बनाकर यौन उत्पीड़न कानूनों का पूरी तरह से दुरुपयोग किया है। अगर किसी खिलाड़ी का यौन उत्पीड़न हुआ है, तो उसे पुलिस और अदालतों आदि के जरिये कानून के मुताबिक काम करना चाहिए था। याचिका में विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया सहित दूसरे खिलाड़ियों के खिलाफ कानून की प्रक्रिया का कथित रूप से दुरुपयोग करने के लिए FIR दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की गई है।

अनिल देशमुख को जमानत देने के बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप से SC का इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को जमानत देने के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। देशमुख के खिलाफ CBI ने केस दर्ज किया था।

असम में 14 साल से कम उम्र की लड़कियों से शादी करने वाले पुरुषों के खिलाफ POCSO एक्ट में केस दर्ज किया जाएगा

असम में 14 साल से कम उम्र की लड़कियों से शादी करने वाले पुरुषों के खिलाफ POCSO एक्ट में केस दर्ज किया जाएगा। CM हिमंत सरमा ने यह जानकारी दी।

उड़ान भरने के 47 मिनट बाद लौटी एअर इंडिया की फ्लाइट, त्रिवेंद्रम से मस्कट जाने के दौरान आई तकनीकी खराबी

केरल के त्रिवेंद्रम से मस्कट जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट तकनीकी समस्या के कारण लौट आई। एअर इंडिया के स्पोक्सपर्सन के मुताबिक फ्लाइट ने त्रिवेंद्रम से सुबह 8.30 बजे उड़ान भरी। इसके बाद फ्लाइट मैनेजमेंट सिस्टम में खराबी आने के बाद 9.17 बजे लैंडिंग की। इस फ्लाइट में 105 यात्री सवार थे।

उद्धव ठाकरे ने की वंचित बहुजन अघाड़ी से गठबंधन की घोषणा

उद्धव ठाकरे ने मुंबई निकाय चुनाव से पहले डाॅ. बीआर अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ गठबंधन की घोषणा की है।

कर्नाटक हिजाब विवाद पर सुप्रीम कोर्ट तीन जजों की बेंच गठित करेगी

कर्नाटक हिजाब मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि जल्द ही फैसला सुनाया जाएगा। कोर्ट ने कहा कि मामले की सुनवाई के लिए तीन जज की बेंच को गठित करने पर विचार किया जाएगा। पहले सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की बेंच ने कर्नाटक हाईकोर्ट के शैक्षणिक संस्थानों पर लगाए गए बैन वाले आदेश को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर खंडित फैसला सुनाया था। जिसको लेकर वकील ने मांग की है कि इस मामले में जल्द से जल्द सुनवाई हो।

पनडुब्बी वागीर नौसेना में शामिल हुई, पानी के भीतर 40KMPH रफ्तार

कलावरी क्लास की पांचवीं पनडुब्बी वागीर सोमवार सुबह नौसेना में शामिल हो गई। एडमिरल आर हरिकुमार ने मुंबई के नेवल डॉकयॉर्ड पर वागीर को कमीशन किया। पानी के भीतर वागीर की रफ्तार 40 किलोमीटर/घंटा है और पानी के ऊपर इसकी रफ्तार 20 किलोमीटर/घंटा है। पढ़ें पूरी खबर...

तवांग झड़प के 6 हफ्ते बाद अरुणाचल गए आर्मी चीफ, LAC पर सुरक्षा और तैयारियों का जायजा लिया

आर्मी चीफ जनरल मनोज पांडे शनिवार को अरुणाचल प्रदेश पहुंचे। यहां उन्होंने LAC से सटी भारतीय चौकियों का दौरा किया और भारत की तैयारियों और सुरक्षा हालात का जायजा लिया। यह जगह तवांग से करीब है, जहां 6 हफ्ते पहले भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। पढ़ें पूरी खबर...

तमिलनाडु में क्रेन गिरने से 4 लोगों की मौत, 9 घायल

तमिलनाडु के कीलवीथी में एक मंदिर उत्सव कार्यक्रम के दौरान क्रेन गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। यहां क्रेन इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं थी। क्रेन संचालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...

केरल में ट्रक ने कार को टक्कर मारी, 5 लोगों की मौत

केरल के अलप्पुझा में रविवार रात एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 5 लोगों को मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंबालापुझा पुलिस ने बताया कि एक्सीडेंट देर रात नेशनल हाई-वे पर हुआ।

सोमालिया के मोगादिशु में सरकारी बिल्डिंग पर आतंकी हमला, 5 की मौत; 6 आतंकी भी ढेर

सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में मेयर के ऑफिस के बाहर आतंकी हमला हुआ। यहां पहले धमाका हुआ इसके बाद कुछ आतंकियों में गोलीबारी की। हमले में 5 लोगों की मौत हो गई। 16 लोग घायल हुए। आतंकी संगठन अल-शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, धमाके के बाद आतंकियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ भी हुई। इस दौरान पुलिस ने 6 आतंकियों को मार गिराया।

तुर्किये में 14 मई को होंगे राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव, प्रेसिडेंट एर्दोगन ने की घोषणा

तुर्किये में राष्ट्रपति और संसदीय चुनावों की तारीख का ऐलान हो गया है। राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने कहा कि चुनाव 14 मई को होंगे। ये तय तारीख से एक महीना पहले ही हो रहे हैं। इसके पहले चुनाव 18 जून को होने वाले थे। उन्होंने कहा- यदि किसी भी उम्मीदवार को 50% से ज्यादा वोट नहीं मिले तो 28 मई को दूसरे दौर का मतदान होगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के 11 बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए आज प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) 2023 देंगी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 जनवरी को PMRBP विजेताओं के साथ संवाद करेंगे।

केंद्र सरकार बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए PMRBP पुरस्कार देती है। यह पुरस्कार पांच से 18 साल तक के बच्चों को कला एवं संस्कृति, बहादुरी, नवाचार, शिक्षा, सामाजिक सेवा और खेल क्षेत्र में उनकी उन असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाता है। पढ़ें पूरी खबर...

खबरें और भी हैं...