• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Narendra Modi Rahul Gandhi | Rajasthan Delhi MP UP Punjab Mumbai News

भास्कर अपडेट्स:केरल में विदेशियों को ले जा रही हाउसबोट में आग लगी, 3 जर्मन टूरिस्ट बचाए गए

2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

विदेशियों को ले जा रही एक हाउसबोट में केरल के अलप्पुझा-कोल्लम राष्ट्रीय जलमार्ग पर सोमवार को आग लग गई। पुलिस ने कहा कि तीन जर्मन टूरिस्ट और नाव के दो चालकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। हाउसबोट पूरी तरह से जलकर खाक हो गया।

आज की अन्य बड़ी खबरें..

मध्य प्रदेश के सिवनी में ट्रेन के इंजन से इंस्पेक्शन ट्रॉली टकराई, दो की मौत, 3 लोगों ने कूदकर जान बचाई

मध्यप्रदेश के सिवनी में बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने निकले कर्मचारियों की इंस्पेक्शन ट्रॉली सामने से आ रहे ट्रेन के इंजन से टकरा गई। हादसे में रेलवे के एक अधिकारी और एक कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं 3 कर्मचारियों ने ट्रॉली से कूदकर जान बचाई। पढ़ें पूरी खबर...

एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह 1 फरवरी को वायु सेना के नए उप प्रमुख बनेंगे

एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह 1 फरवरी को वायु सेना के नए उप प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे। वह एयर मार्शल संदीप सिंह की जगह ले रहे हैं, जो 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। एयर मार्शल सिंह अभी प्रयागराज स्थित मध्य वायु कमान का नेतृत्व कर रहे हैं।

​​​​​​​उपेंद्र कुशवाहा के काफिले पर भोजपुर में हमला, समर्थक भिड़े; बक्सर में कहा था- गाजर-मूली नहीं, जो कोई उखाड़ देगा

बिहार के भोजपुर में JDU संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के काफिले पर सोमवार शाम पत्थर फेंके गए। हालांकि, कुशवाहा को चोट नहीं आई है। उपेंद्र कुशवाहा बक्सर से लौट रहे थे, तभी भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाने के नयका टोला के पास कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए। काफिले पर पथराव कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने वाहनों से उतर कर लोगों को खदेड़ दिया।

उपेंद्र को वहां से रवाना किया गया। इस दौरान विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों और कुशवाहा समर्थकों के बीच मारपीट शुरू हो गई। जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दो लोगों के सिर फट गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। पूरी खबर पढ़ें...

आंध्र प्रदेश के CM जगन मोहन रेड्डी के प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग, दिल्ली जाने वाले थे

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी को ले जा रहे एक विशेष विमान की सोमवार को उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही गन्नवरम हवाईअड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान सुरक्षित उतर गया है। सीएम रेड्डी दिल्ली जाने वाले थे।

आसाराम महिला शिष्या से रेप के मामले में दोषी करार, सजा का ऐलान कल

गुजरात के गांधीनगर कोर्ट ने महिला शिष्या से रेप के मामले में आसाराम को दोषी करार दिया है। कोर्ट सजा का ऐलान मंगलवार को करेगा। आसाराम पर सूरत की एक महिला ने करीब 10 साल पहले अहमदाबाद के मोटेरा आश्रम में बार-बार रेप करने का आरोप लगाया था। इससे पहले जोधपुर कोर्ट ने 25 अप्रैल, 2018 को आसाराम को नाबालिग से रेप के जुर्म में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। यह मामला 2013 का है। पूरी खबर पढ़ें...

राष्ट्रपति ने तीन कांस्टेबल को जीवन रक्षा पदक दिया, इनमें दो उत्तर रेलवे के और एक RPSF का है
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर रेलवे के हेड कांस्टेबल जयपाल सिंह और सुरेंद्र कुमार और सातवीं बटालियन RPSF के कांस्टेबल भूदा राम सैनी को जीवन रक्षा पदक प्रदान किया।

लक्षद्वीप के पूर्व सांसद मोहम्मद फैजल की सजा सस्पेंड, चुनाव आयोग ने उपचुनाव पर रोक लगाई

केरल हाई कोर्ट ने 25 जनवरी को लक्षद्वीप के पूर्व सांसद मोहम्मद फैजल पीपी सजा सस्पेंड करने का आदेश दिया है। इसके बाद चुनाव आयोग ने लक्षद्वीप में लोकसभा उपचुनाव पर रोक लगा दी है।.strong>.

दिल्ली में 4 बसों सहित कई वाहन टकराए, 25 स्टूडेंट्स सहित 29 लोग घायल

दिल्ली के सलीमगढ़ फ्लाईओवर पर सोमवार को हुए एक हादसे में 25 स्कूली बच्चों समेत 29 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पुलिस को सुबह करीब 11 बजे मिली। डिप्टी पुलिस कमिश्नर (सेंट्रल) श्वेता चौहान ने कहा कि चार बसें, एक ऑटोरिक्शा, एक कार और एक मोटरसाइकिल टकरा गए थे। चार बसों में 216 स्टूडेंट्स सवार थे। हादसे में करीब 25 छात्र, स्कूल स्टाफ के तीन सदस्य और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घायलों का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है।

गोधरा ट्रेन कोच जलाने का मामला, SC ने दोषियों की जमानत याचिका पर गुजरात सरकार से जवाब मांगा

सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के गोधरा ट्रेन कोच जलाने के मामले में उम्र कैद की सजा पाए कुछ दोषियों की जमानत याचिकाओं पर सोमवार को गुजरात सरकार से जवाब मांगा। वारदात में ट्रेन में सवार 59 यात्रियों की मौत हो गई थी। इनमें महिला और बच्चे भी शामिल थे। CJI डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच में मामले पर सुनवाई हो रही है। गुजरात सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पैरवी कर रहे हैं।

कर्नाटक में कॉन्सर्ट के दौरान सिंगर कैलाश खेर पर बोतल फेंकी, आरोपी गिरफ्तार

कर्नाटक में एक कॉन्सर्ट के दौरान सिंगर कैलाश खेर पर बोतल फेंकी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा होने के बाद भी उन पर हमला हो गया। मामले में पुलिस ने बोतल फेंकने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच की जा रही है।

साउथ अफ्रीका में बर्थडे पार्टी में फायरिंग , 8 लोगों की मौत

साउथ अफ्रीका के पूर्वी शहर केप के पास एक बर्थेडे पार्टी में गोलीबारी हुई। इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, दो हमलावर एक घर में घुसे और फायरिंग शुरू कर दी। इस मामले में फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

चीन में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.8 मापी गई

चीन के शिंजियांग प्रांत में अक्सू क्षेत्र में सोमवार सुबह 5.19 पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव, टिपरा मोथा ने उम्मीदवारों की सूची जारी की

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से पहले तिपराहा स्वदेशी प्रगतिशील क्षेत्रीय गठबंधन (टिपरा मोथा) ने उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने बामुटिया से निताई सरकार, मंडाईबाजार से स्वप्ना देबबरमा, तकरजला से बिस्वजीत कलई, कमलासागर से आशीष दास, विशालगढ़ से एमडी शाह आलम मिया, गोलाघाटी से मानव देबबर्मा, तेलियामुरा से अभिजीत सरकार, काकराबान-सालगढ़ से क्षीर मोहन दास, राजनगर से अभिजीत मालाकार, अम्पीनगर से पठान लाल जमातिया, राइमा घाटी से नंदिता देबबर्मा रियांग और चांदीपुर से रंजन सिन्हा को मैदान में उतारा है।

हरियाणा के रेवाड़ी में दो कार के बीच टक्कर में 3 लोगों की मौत, 6 घायल

हरियाणा के रेवाड़ी में गुजरवास गांव के पास दो कार की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 या 6 लोग घायल हो गए। मरने वालों में दोनों कारों के ड्राइवर और एक पैसेंजर शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएसपी सुभाष चंद ने बताया कि ड्राइवरों ने बैलेंस खो दिया था जिसके चलते यह हादसा हुआ।

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री का शव उनके निवास पर लाया गया, झारसुगुड़ा में ASI ने मारी थीं दो गोलियां

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास का शव उनके आधिकारिक निवास पर लाया गया है। रविवार को झारसुगुड़ा के ब्रजराजनगर में एक ASI ने उन्हें सोने में दो मार दी थीं। उन्हें एयरलिफ्ट करके इलाज के लिए भुवनेश्वर के अपोलो अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

खबरें और भी हैं...