शारजाह से आ रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक प्लेन की रविवार को केरल के कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। प्लेन में हाइड्रोलिक खराबी आ गई थी। कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) के प्रवक्ता ने कहा कि शारजाह से उड़ान संख्या IX 412 में सवार सभी 193 पैसेंजर और क्रू के सभी 6 मेंबर्स सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट पर रात आठ बजकर चार मिनट पर फुल इमरजेंसी डिक्लेयर की गई। प्लेन रात 8.26 बजे सुरक्षित उतर गया। रात 8.36 बजे इमरजेंसी वापस ले ली गई।
आज की अन्य प्रमुख खबरें...
प्लेन क्रैश में शहीद हुए विंग कमांडर का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
शनिवार को वायुसेना के दो फाइटर जेट की टक्कर में शहीद हुए विंग कमांडर हनुमंथ सारथी का रविवार को कर्नाटक के बेलगावी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इंडियन एयरफोर्स का स्पेशल प्लेन तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को लेकर बेलगावी पहुंचा था। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदिरुप्पा और कांग्रेस MLA लक्ष्मी हेब्बालकर समेत बड़ी संख्या में लोगों ने घर पहुंचकर शहीद हनुमंथ सारथी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
हरियाणा में तेज रफ्तार कारचालक ने 4 को कुचला, 2 की मौके पर मौत
हरियाणा के बहादुरगढ़ में रविवार शाम तेज रफ्तार कार चालक ने चार लोगों को रौंद दिया। इनमें से दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाकी दो को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। दोनों मरने वाले यूपी में सिद्धार्थ नगर के रहने वाले। छोले-भटूरे की रेहड़ी लगाने वाले ये लोग शाम को काम खत्म होने के बाद सामान समेटकर घर जा रहे थे। उसी समय यह हादसा हुआ। कार चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पढ़ें पूरी खबर...
लद्दाख में दो लड़कियों के शव मिले, एवलॉन्च में दब गई थीं
लद्दाख के कारगिल जिले के टेनगोल में दो लड़कियों के शव मिले हैं। दोनों लड़कियां एवलॉन्च में दब गई थीं। यह जानकारी कारगिल के चीफ एग्जीक्यूटिव काउंसिलर फिरोज अहमद खान ने दी है।
सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा, शिवपाल यादव राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए
समाजवादी पार्टी ने रविवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शिवपाल यादव को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। कार्यकारिणी में 62 सदस्य शामिल किए गए हैं।
पक्षी से टकराने के बाद एयर एशिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, लखनऊ से कोलकाता जा रही थी फ्लाइट
लखनऊ से कोलकाता जा रहे एयर एशिया के विमान की रविवार को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान ने अभी उड़ान ही भरी थी कि वो अचानक एक पक्षी से टकरा गया। इसके बाद सुरक्षा कारणों से विमान को लखनऊ में ही वापस उतार दिया गया। इसके बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से कोलकाता भेजा गया। पढ़ें पूरी खबर...
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में नाव पलटी, 10 बच्चों की मौत
पाकिस्तान में नाव पलटने से 10 बच्चों की मौत हो गई। हादसा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की टांडा डैम लेक में हुआ। नाव में 25 से 30 बच्चे सवार थे, जिनमें से 17 को बचा लिया गया है। 6 बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय पुलिस अधिकारी मीर रऊफ के मुताबिक बचाव अभियान जारी है। कोहट जिले के कमिश्नर के मुताबिक, मारे गए बच्चों की उम्र 7 से 12 साल के बीच है। सभी बच्चे एक नजदीकी मदरसे में पढ़ते थे।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 4.1 तीव्रता का भूकंप
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया है। नेशनल सेंटर फॉर सिसमोलॉजी के मुताबिक, दोपहर 1 बजकर 24 मिनट पर भूंकप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र इस्लामाबाद से पूर्व में था। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
इंडिगो की फ्लाइट में पैसेंजर ने इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलने की कोशिश की, FIR दर्ज
नागपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में एक पैसेंजर ने लैंडिंग से पहले इमरजेंसी एग्जिट गेट कवर खोलने की कोशिश की। इसके बाद क्रू ने पैसेंजर को इसे लेकर चेतावनी भी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इमरजेंसी एग्जिट गेट से छेड़छाड़ करने के आरोप में पैसेंजर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में तेज रफ्तार बस खाई में गिरी, 41 लोगों की मौत
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में रविवार सुबह एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 41 लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तानी मीडिया डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा लसबेला जिले में हुआ। बस में करीब 48 यात्री सवार थे। पुलिस के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी तेज थी। इसके बाद वो ब्रिज के पिलर से टकराकर खाई में गिर गई। अब तक एक महिला और एक बच्चे समेत 3 लोगों को बचाया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
पेरू में खाई में गिरी बस, 24 लोगों की मौत; 60 यात्री सवार थे
पेरू में एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, बस में 60 यात्री सवार थे। पुलिस ने बताया कि बस लीमा से इक्वाडोर से सटे तुंबेस जा रही थी। बीच में ऑर्गनोस शहर के पास ये सड़क हादसा हो गया। इसमें कुछ हैती के यात्री सवार थे।
बजट से पहले सरकार ने 30 जनवरी को बुलाई सर्वदलीय बैठक
वित्त वर्ष 2023-24 का बजट पेश करने से पहले सरकार ने 30 जनवरी की शाम को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सरकार इस बैठक में सभी दलों से बजट सत्र में सहयोग करने की अपील कर सकती है। बता दें कि 31 जनवरी को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। इसके बाद 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी।
चेक रिपब्लिक के नए प्रेसिडेंट होंगे पेट्र पावेल, NATO की मिलिट्री कमिटी के चेयरमैन रह चुके हैं
चेक रिपब्लिकन आर्मी के रिटायर्ड जनरल पेट्र पावेल यूरोपीय देश चेक रिपब्लिक के नए राष्ट्रपति होंगे। उन्होंने 28 जनवरी को हुए राष्ट्रपति चुनाव में अरबपति कारोबारी आंद्रेज बेबिस को हरा दिया है। अब वो मौजूदा राष्ट्रपति मिलोस जमैन की जगह लेंगे। जनरल पावेल नॉर्थ एटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइजेशन (NATO) की मिलिट्री कमिटी के चेयरमैन रह चुके हैं।
मुंबई एयरपोर्ट पर 4.75 करोड़ रुपए का 9.5 किलो सोना बरामद, दो अजरबैजानी नागरिक गिरफ्तार
मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम डिपार्टमेंट ने 4.75 करोड़ रुपए की कीमत का 9.5 किलो सोना बरामद किया। इसे 8 सूटकेस में भरकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दुबई से आए अजरबैजान के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास 6 किलो सोना बरामद हुआ। इसकी कीमत 2.99 करोड़ रुपए है।
ईरान में 5.9 तीव्रता का भूकंप; 7 की मौत, 440 घायल
ईरान के खोए शहर में शनिवार रात 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 440 लोग घायल हुए। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किमी नीचे पाया गया। ईरानी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, भूकंप के झटके बहुत तेज थे और ईरान के पश्चिमी अजरबैजान प्रांत में कई इलाकों में महसूस किए गए। पूरी खबर यहां पढ़ें...
अफगानिस्तान में यूनिवर्सिटी एंट्रेंस एग्जाम नहीं दे पाएंगीं लड़कियां, तालिबान ने जारी किया नया फरमान
अफगानिस्तान की तालिबानी हुकूमत ने एक और महिला विरोधी आदेश जारी किया है। अगले महीने होने वाले यूनिवर्सिटी एंट्रेस एग्जाम में लड़कियों को बैठने की इजाजत नहीं दी गई है। तालिबान ने सभी प्राइवेट यूनिवर्सिटीज को आदेश दिया है कि लड़कियों को परीक्षा में शामिल न होने दिया जाए। अफगानिस्तान में लड़कियों के स्कूल जाने पर रोक लगी हुई है। पिछले महीने तालिबान ने महिलाओं की यूनिवर्सिटी की पढ़ाई पर बैन लगाया था। इस बैन को जारी रखते हुए तालिबान ने यह नया फरमान जारी किया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.