पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
बीजिंग. चीन में युवतियों के बीच कॉस्मेटिक सर्जरी का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। यहां युवतियां बड़ी आंखें, उठे हुए गाल, पतली नाक और छरहरे पैर पाने के लिए सर्जरी करा रही हैं। चाइना एसोसिएशन ऑफ प्लास्टिक एंड एस्थेटिक्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, तीन साल में प्लास्टिक सर्जरी करवाने वाले लोगों की संख्या 2 से 3 गुना बढ़ी है। 2017 में 1.63 करोड़ लोगों ने सर्जरी कराई। इनमें आधी से ज्यादा महिलाएं 26 साल से कम उम्र की हैं और ज्यादातर दूसरे और तीसरे दर्जे के शहरों की हैं। जबकि अमेरिका में कॉस्मेटिक सर्जरी कराने वाली युवतियों की संख्या 6% से कम है।
सर्जरी के लिए मिलता है लोन
विशेषज्ञों का कहना है कि इसकी वजह सो-यंग और गेंगमेई जैसे एप हैं। ये एप सर्जरी से पहले और बाद के फोटो जेनरेट करते हैं। इन पर सर्जन भी बुक किए जा सकते हैं और सर्जरी के लिए आसानी से लोन भी मिल जाता है। गेंगमेई एप पर 3.6 करोड़ यूजर्स हैं और 20 हजार सर्जन हैं। सो-यंग पर हर महीने 24.7 लाख यूजर्स आते हैं और इस पर करीब 6 हजार सर्जन हैं।
सरकार 1200 मुकदमे भी दर्ज कराए
कॉस्मेटिक सर्जरी के ट्रेंड पर रिसर्च कर चुके हांगकांग यूनिवर्सिटी में जेंडर स्टडीज विभाग के प्रो. ब्रेंडा एलेग्रे कहते हैं कि युवतियों में बढ़ती कॉस्मेटिक सर्जरी की बड़ी वजह यहां का पितृसत्तात्मक समाज है। यहां सुंदर होना यह सुनिश्चित करने का एक तरीका है कि आप काम में सफल होंगे और आपको सुंदर पति मिलेगा। इसके अलावा यहां सर्जन बड़े ऑफर देते हैं। जैसे एक सर्जरी की कीमत में दो सर्जरी के ऑफर काफी लोकप्रिय हैं। यहां आंख को बड़ी दिखाने के लिए की जाने वाली सर्जरी महज 143 डॉलर में हो जाती है, जो आसपास के देशों की तुलना में काफी सस्ती है। लेकिन बड़ी समस्या यह है कि सभी सर्जरी सफल नहीं होती हैं। चीन ने इसके खिलाफ अभियान चलाकर 2772 गैरकानूनी प्लास्टिक सर्जरी के केस पकड़े थे। 1200 मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.