महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के बाद अब जलगांव में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प होने की खबर है। इसके चलते इलाके में तनावपूर्ण के हालात बने हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात को कुछ आसामाजिक तत्वों ने मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी थी, जिसके बाद दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगो को हिरासत में लिया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
मस्जिद के बाहर गाना बजाने को लेकर हुआ था विवाद
तीन दिन पहले भी जलगांव में नमाज के समय मस्जिद के बाहर गाना बजाने को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गये थे। इसके बाद दोनों गुटों में जमकर पत्थरबाजी हुई थी। पथराव में दोनों ओर से चार लोग घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस ने 2 एफआईआर दर्ज की थी, जबकि 45 लोगों को हिरासत में लिया था।
संभाजीनगर में रामनवमी पर हुआ था बवाल
इसके बाद 30 मार्च को छत्रपति संभाजीनगर में रामनवमी पर जमकर बवाल हुआ था। शोभा यात्रा के दौरान दो पक्षों में पथराव और आगजनी हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर भी पथराव किया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में भी पुलिस ने करीब 15 लोगों को हिरासत में लिया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.