श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला का गिरफ्तारी के बाद पहली बार चेहरा दिखाई दिया। वह मंगलवार शाम रोहणी फोरेंसिक लैब से पॉलीग्राफी टेस्ट के बाद निकल रहा था। तभी मीडिया के कैमरों में कैद हुआ। सच जानने की यह प्रोसेस मंगलवार से ही शुरू की गई है जो करीब एक हफ्ते तक चलेगी।
इससे पहले सुबह साकेत कोर्ट ने आफताब की पुलिस रिमांड 4 दिन बढ़ा दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उसकी पेशी हुई। यह उसकी दूसरी वर्चुअल पेशी थी। कोर्ट ने आफताब को परिवार से मिलने की इजाजत भी दे दी है।
श्रद्धा मर्डर केस के अपडेट्स...
दावा- आफताब ने कोर्ट में जुर्म कबूला, वकील का इनकार
लीगल न्यूज वेबसाइट बार एंड बेंच और कुछ दूसरी मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि आफताब ने कोर्ट में मर्डर की बात कबूली है। जज से कहा कि उसने उकसावे और गुस्से में श्रद्धा का मर्डर किया। यह भी कहा कि पुलिस को सब कुछ बता चुका हूं। अब घटना याद करने में मुश्किल आ रही है।
ये रिपोर्ट्स सामने आने के करीब एक घंटे बाद आफताब के वकील अविनाश कुमार ने मर्डर के कुबूलनामे को अफवाह करार दिया। वे कैमरे पर बोले- आफताब ने ऐसा कोई कुबूलनामा नहीं दिया है। ऐसा कोई स्टेटमेंट रिकॉर्ड में नहीं लिया गया है। हां, वह यह जरूर बताने की कोशिश कर रहा था कि श्रद्धा उसे उकसाती थी और दोनों के बीच झगड़े होते थे।
अविनाश ने बताया कि आफताब ने उस तालाब का स्केच बनाकर दिया है, जिसमें उसने कथित रूप से श्रद्धा के टुकड़े फेंके थे। अविनाश ने आफताब से मिलने की इजाजत मांगी थी, जो कोर्ट ने उन्हें दे दी है। गिरफ्तारी के बाद से आफताब से कोई नहीं मिल पाया है।
आज बड़ा सबूत मिला, नया खुलासा भी
सबूत: दिल्ली पुलिस को आफताब के बाथरूम की टाइल्स से अहम सबूत मिले हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने ये सबूत हासिल किए हैं। सबूत क्या हैं, ये अभी नहीं बताया गया है। पहले आफताब के बाथरूम की टाइल्स पर भी खून के निशान मिले थे। एक्सपर्ट की रिपोर्ट आने में 2 हफ्ते का वक्त लगेगा।
खुलासा: पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा और आफताब का एक कॉमन फ्रेंड भी सामने आया है, जो ड्रग्स बेचा करता था। यह भी पता चला कि श्रद्धा और आफताब के बीच कई बार ब्रेकअप हुआ था, हालांकि दोनों बाद में सुलह कर साथ रहने लगते थे।
आफताब ने बताया- ब्लेड और आरी गुरुग्राम में फेंके
कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि आफताब ने मर्डर वेपन के बारे में पुलिस को जानकारी दी है। पूछताछ में बताया कि हत्या के बाद शव के टुकड़े करने के लिए इस्तेमाल किया ब्लेड और आरी उसने गुरुग्राम में फेंके हैं। दिल्ली पुलिस मर्डर वेपन की तलाश के लिए अब तक दो बार गुरुग्राम के जंगली इलाके में सर्चिंग कर चुकी है। अब पुलिस फिर से जंगल में तलाशी अभियान चलाएगी।
श्रद्धा के टुकड़े तलाश रही पुलिस को मिला इंसानी जबड़ा
दिल्ली पुलिस को सोमवार को लाश के टुकड़े ढूंढने के दौरान एक इंसानी जबड़ा मिला है। यह जबड़ा श्रद्धा का है या नहीं, ये पता लगाने के लिए डेंटिस्ट की मदद ली जा रही है। अब तक पुलिस ने जितने मानव अंग बरामद किए हैं, उन्हें जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी भेजा गया है।
एजेंसी के मुताबिक, जबड़े की जांच कर रहे डेंटिस्ट ने बताया- मैंने पुलिस से कहा कि मुंबई में जिस डॉक्टर ने श्रद्धा का रूट-कैनाल ट्रीटमेंट किया था, उससे श्रद्धा के जबड़े का एक्स-रे मांगिए। बिना एक्स-रे के कुछ भी कह पाना मुश्किल है।
पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट में अंतर
श्रद्धा के कातिल आफताब का नार्को टेस्ट होना था, लेकिन इससे पहले अब पॉलीग्राफ टेस्ट किया जा रहा है। बता दें कि पॉलीग्राफ टेस्ट या लाइ डिटेक्टर टेस्ट में आरोपी की फिजिकल एक्टिविटी जैसे, हार्टबीट, नाड़ी, सांस और पसीने को नोट किया जाता है। वहीं नार्को टेस्ट में आरोपी को इंजेक्शन द्वारा सोडियम पेंटोथल दवा दी जाती है। इससे वो बेहोश होता है लेकिन उसका दिमाग करता रहता है। इसके बाद आरोपी से सवाल किए जाते हैं। इस टेस्ट के बाद ज्यादातर अपराधी सच कबूल कर लेते हैं।
आफताब का नार्को टेस्ट भी होगा। यह टेस्ट रोहिणी के डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने 50 सवालों की लिस्ट तैयार की है।
आफताब-श्रद्धा 8 मई को दिल्ली पहुंचे, 18 को कत्ल
आफताब-श्रद्धा मुंबई से दिल्ली 8 मई को आए थे। यहां से पहाड़गंज के होटल और फिर साउथ दिल्ली में रहने लगे। साउथ दिल्ली के बाद महरौली के जंगल के पास फ्लैट लिया था। दिल्ली पहुंचने के 10 दिन बाद यानी 18 मई को 28 साल के आफताब ने श्रद्धा का मर्डर कर दिया और उसके 35 टुकड़े किए, जिन्हें उसने लगभग तीन हफ्ते तक 300 लीटर के फ्रिज में रखा। इसके बाद हर रोज इन टुकड़ों को मेहरौली के जंगल में फेंकने जाता था। आफताब ने वारदात से पहले अमेरिकी क्राइम शो डेक्स्टर समेत कई क्राइम मूवीज और शोज देखे थे।
श्रद्धा मर्डर से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...
श्रद्धा का सिर ढूंढने तालाब खाली कराने पहुंची पुलिस
श्रद्धा मर्डर केस में रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को आफताब ने बताया है कि उसने श्रद्धा का सिर दिल्ली के एक तालाब में फेंका है। इसके बाद दिल्ली पुलिस रविवार शाम छतरपुर जिले के मैदान गढ़ी पहुंची और यहां मौजूद एक तालाब खाली करा रही है। पढ़ें पूरी खबर...
पीटने के 5 दिन बाद श्रद्धा को अस्पताल लाया आफताब
श्रद्धा वालकर मर्डर में आफताब अब भी पुलिस को गुमराह कर रहा है। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को माना कि फिलहाल मामले में तफ्तीश जारी है और ठोस सबूत जुटाए जा रहे हैं। हालांकि, ऐसे सबूत और गवाह सामने आ रहे हैं, जो आफताब की बर्बरता की कहानी को साबित कर रहे हैं। ये सबूत कोर्ट में टिक पाएंगे, ये फिलहाल सबसे बड़ा सवाल है। पढ़ें पूरी खबर...
पापा 25 की हूं, फैसले ले सकती हूं:पिता बोले- बात मान लेती तो जिंदा होती श्रद्धा
श्रद्धा मर्डर केस में एक के बाद एक सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। 27 साल की लड़की को उसके लिव-इन पार्टनर ने किस बेरहमी से मारा और फिर उसके शरीर के 35 टुकड़े कर दिए, यह कहानी अपने आप में दिल दहलाने वाली है, लेकिन इसमें सबसे दुखद पहलू श्रद्धा के पिता का है। उन्हें इस बात का अफसोस है कि उनकी बेटी ने प्यार में जिद के चलते उनकी बात नहीं मानी। अगर मान ली होती तो आज वह जिंदा होती। पढ़ें पूरी खबर...
आफताब ने कुबूल किया.... यस आई किल्ड हर
पुलिस ने बताया कि आफताब से कत्ल के बारे में जो भी पूछा जाता है, वह उसके बारे में अंग्रेजी में जवाब देता है। ऐसा नहीं है कि उसे हिंदी नहीं आती, पर वो अंग्रेजी में ज्यादा कम्फर्टेबल है। उसने कुबूल किया- Yes i killed her... पूरी खबर यहां पढ़ें
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.