पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
बेंगलुरू. कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार को कर्नाटक यूनिट का अध्यक्ष बनाया गया है। एक दिन पहले पार्टी ने उन्हें मध्यप्रदेश में राजनीतिक संकट की वजह बने बागी विधायकों को मनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। डीके शिवकुमार को पार्टी का संकटमोचक भी कहा जाता है। पार्टी ने शिवकुमार के साथ ईश्वर खंडारे, सतीश जर्खिहोली और सलीम अहमद कर्नाटक स्टेट कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। स्टेट कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद शिवकुमार ने कहा- हम एक टीम हैं। मैं अकेला नहीं हूं। हम सभी एक साथ हैं और साथ मिलकर काम करेंगे।
कांग्रेस ने कर्नाटक के साथ दिल्ली कांग्रेस में भी अध्यक्ष की नियुक्ति की है। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, दिल्ली यूनिट की कमान अनिल चौधरी को सौंपी गई है। वहीं, अभिषेक दत्त, जयकिशन, मुदित अग्रवाल, अली हसन और शिवानी चोपड़ा को दिल्ली कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
कर्नाटक में बगावत रोकने का जिम्मा शिवकुमार को ही दिया गया था
कर्नाटक में हुए सियासी नाटक में शिवकुमार पार्टी के संकटमोचक बनकर उभरे थे। एचडी कुमारस्वामी की सरकार के समय जब जेडीएस और कांग्रेस के विधायकों ने बगावत की थी, तो शिवकुमार को ही संकट टालने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस्तीफा देकर मुंबई चले गए विधायकों को मनाने भी उन्हें ही भेजा गया था। हालांकि बाद में 17 विधायकों ने बगावत कर दी थी। इसके बाद येदियुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी थी। दल बदलने वाले विधायकों को स्पीकर ने अयोग्य करार दे दिया था। उपचुनाव में इन्हें भाजपा ने टिकट दिया था।
पांच महीने पहले शिवकुमार को जेल हुई
करीब पांच महीने पहले शिवकुमार को मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल भेजा गया था। ईडी ने शिवकुमार को तीन सितंबर को हिरासत में लिया था। वहीं, अदालत में ईडी ने कहा था कि पिछले कुछ सालो में शिवकुमार के पूरे परिवार की संपत्ति कई गुना बढ़ गई। इसकी जांच के दौरान वे लगातार अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। इनकम टैक्स के छापों में डीके शिवकुमार के मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में शामिल होने के सबूत मिले थे। इनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए उनकी रिमांड मांगी गई थी। उनकी गिरफ्तारी को राहुल गांधी ने बदले की कार्रवाई करार दिया था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.