पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
नई दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने रविवार को राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग की। न्यूज एजेंसी से इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि राहुल के लिए पूरी पार्टी रजामंद है। वे दिल से अच्छे हैं और उनके जैसा पार्टी में दूसरा कोई चेहरा नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर उनकी वापसी के लिए यह सही समय है। वे जितना जल्द ऐसा करेंगे पार्टी के लिए उतना ही बेहतर होगा। अगर पार्टियां समय के साथ अपना नेतृत्व नहीं बदलती हैं तो लोग पार्टियां बदल देते हैं। पार्टी नेतृत्व में बदलाव एक झटके में नहीं बल्कि धीरे-धीरे होना चाहिए।
माकन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल की तुलना करने पर कहा कि आज देश को अच्छा बोलने वाला नहीं अच्छे दिल के नेता की जरूरत। राहुल का भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आक्रमक रुख है।
सलाहकार की भूमिका में आएं सोनिया: माकन
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को पार्टी में अब सलाहकार की भूमिका निभानी चाहिए। पार्टी मामलों को देखने का उनका तर्जुबा नए अध्यक्ष के लिए अहम होगा। उनकी नई भूमिका सुनिश्चित करने के लिए पार्टी संविधान में संशोधन किया जाना चाहिए। सिर्फ कांग्रेस वर्किंग कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना पार्टी के लिए पर्याप्त नहीं होगा। पार्टी में शीर्ष से लेकर जमीनी स्तर पर बदलाव करने की जरूरत है।
लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल ने इस्तीफा दिया था
पिछले लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल ने वर्किंग कमेटी की बैठक में 25 मई को अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने पार्टी में किसी गैर-गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने का सुझाव दिया था। इसके बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि कांग्रेस का अध्यक्ष पद संभालना सम्मान की बात रही, लेकिन पार्टी के भविष्य के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। सीडब्ल्यूसी की अगली बैठक में सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष चुना गया था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.