पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस के अब तक 99 मामलों की पुष्टि हुई है। 13 राज्यों में कोरोना का संक्रमण फैल चुका है। महाराष्ट्र में शनिवार तक सबसे ज्यादा 26 संक्रमित मिले। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने संक्रमण रोकने के लिए 31 मार्च तक राज्य के सभी शॉपिंग मॉल को बंद रखने का आदेश दिया है। रविवार से ही महाराष्ट्र में कोई शॉपिंग मॉल नहीं खुलेगा। राज्य में सिनेमा हॉल और स्कूल पहले ही बंद किए जा चुके हैं। इस बीच, कोरोना संकट पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम 5 बजे सार्क देशों के नेताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। इसमें पाकिस्तान, नेपाल, अफगानिस्तान, श्रीलंका, मालदीव, बांग्लादेश और भूटान के नेता शामिल होंगे। मोदी ने ही सार्क देशों से चर्चा की पहल की थी।
राज्य सरकारों की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक संक्रमण के 99 मामले सामने आए हैं, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 84 मामलों की ही पुष्टि की है। उधर, केंद्र सरकार ने 3 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन में होने वाले पद्म पुरस्कार समारोह को स्थगित कर दिया है। लोकसभा सचिवालय ने भी संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए एहतियात के तौर पर दर्शक दीर्घा पास और संसद परिसर में घूमने की अनुमति रद्द कर दी है।
महाराष्ट्र में एक संदिग्ध मरीज की मौत
महाराष्ट्र के बुलढाणा में सऊदी अरब से लौटे एक 71 साल के संदिग्ध की मौत हो गई। बुजुर्ग को शुक्रवार को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसकी रिपोर्ट रविवार शाम तक आ सकती है। उधर, राजस्थान में स्पेन से लौटे एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 4 हो गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पिता और बेटा कोरोना पॉजिटिव पाए गए। तेलंगाना में दो मामले सामने आ चुके हैं।

अब तक 10 लोग ठीक हुए, किया गया डिस्चार्ज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना से संक्रमित 10 लोगों को अब तक ठीक हो चुके हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के 5, केरल के तीन, राजस्थान व दिल्ली के एक-एक मरीज शामिल हैं। इन्हें इलाज के बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। संक्रमण रोकने के लिए गोवा में स्कूल-कॉलेजों के साथ पर्यटकों के बीच लोकप्रिय कसीनो, बोट बार और डिस्को क्लब 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, मुंबई और बेंगलुरु में शॉपिंग मॉल और सिनेमाघर बंद हैं। उधर, इन्फोसिस ने बेंगलुरु स्थित अपना सैटेलाइट ऑफिस अगले आदेश तक बंद कर दिया है। कंपनी के कुछ कर्मचारी एक संदिग्ध मरीज के संपर्क में आए थे।
अपडेट्स
मास्क की कालाबाजारी पर अब 7 साल की सजा
कोरोनावायरस संक्रमण के बढ़ते असर को देखते हुए भारत सरकार ने शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया और एन 95 मास्क और हैंड सैनिटाइजर को आवश्यक वस्तु श्रेणी में शामिल कर लिया है ताकि इनकी कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके। इस कदम के बाद केंद्र और राज्य कोरोनावायरस के बचाव के काम में आने वाली इन चीजों के उत्पादन, गुणवत्ता और डिस्ट्रिब्यूशन को नियंत्रित कर सकेंगे। सरकार ने कहा है कि ये आदेश 30 जून महीने के आखिर तक प्रभावी रहेगा। इसमें मास्क (2 प्लाई और 3 प्लाई सर्जिकल मास्क, N95 मास्क) और हैंड सेनिटाइजर्स को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रखा गया है। इस अधिनियम का उल्लंघन करने पर 7 साल तक की सजा का प्रावधान है।

आईपीएल 15 अप्रैल तक टला, दक्षिण अफ्रीका सीरीज रद्द
बीसीसीआई ने आईपीएल को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया है। पहले यह टूर्नामेंट 29 मार्च से होना था, लेकिन कोरोनोवायरस और विदेशियों के वीजा पर प्रतिबंध होने की वजह से बीसीसीआई ने फिलहाल इसे नहीं कराने का फैसला लिया है। भारत दौरे पर आई दक्षिण अफ्रीकी टीम के 15 और 18 मार्च को खेले जाने वाले दोनों वनडे रद्द कर दिए गए हैं। 12 मार्च का पहला मैच भी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।
राज्यों में स्थिति
मध्य प्रदेश: सरकार ने 12वीं तक के सभी स्कूल, यूनिवर्सिटी बंद कर दिए हैं। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक,10वीं और 12वीं की परीक्षाएं यथावत जारी रहेंगी। इसके अलावा 15 मार्च से भोपाल के ऐशबाग, ध्यानचंद स्टेडियम और साई सेंटर पर होने वाले नेशनल हॉकी टूर्नामेंट को भी टाल दिया गया है। 31 मार्च तक सिनेमा घर भी बंद कर दिए गए हैं। राजधानी में शुक्रवार को दुबई से मुंबई होते हुए तीन यात्रियों के भोपाल आने की खबर से हड़कंप मच गया।

उत्तर प्रदेश: सरकार ने 22 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर परीक्षाएं चल रही हैं तो स्कूल बंद नहीं होंगे। अभी तक उत्तरप्रदेश में संक्रमण के 11 मामले सामने आ चुके हैं।
राजस्थान: प्रदेश में सरकार ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है। विधानसभा 26 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई। प्रदेश के सभी सरकारी व निजी स्कूल, मॉल, सिनेमाहॉल, जिम और कोचिंग सेंटर भी 30 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। सीएम अशोक गहलोत ने ये आदेश दिए। हालांकि, बाेर्ड सहित अन्य परीक्षाएं यथावत रहेंगी। राज्य निर्वाचन आयाेग की ओर से जयपुर, काेटा व जाेधपुर के 2-2 नगर निगमाें में 5 अप्रैल काे चुनाव कराए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
छत्तीसगढ़: सरकार ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र को ही 17 से 25 मार्च तक 10 दिन के लिए स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार की एडवायजरी को ध्यान में रखते हुए स्कूल-कॉलेजों के साथ-साथ आंगनबाड़ियों, लाइब्रेरी, जिम और सभी स्वीमिंग पूल भी 31 मार्च तक बंद रखे जाएंगे।
दिल्ली: केजरीवाल सरकार ने भी कोरोना को महामारी घोषित किया है। यहां 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। खेल से जुड़े सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। जवाहरलाल नेहरू और जामिया यूनिवर्सिटी ने 31 मार्च तक सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। परीक्षाएं, लेक्चर, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और वर्कशॉप रद्द कर दिए हैं। राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है।
पंजाब: फरीदकोट में नौसेना के जवान समेत 2 व रायकोट में इटली से लौटी महिला को संदिग्ध मान भर्ती किया गया है। शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला व उच्च शिक्षा मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने आंगनबाड़ी, सभी स्कूल, यूनिवर्सिटी, कॉलेज 31 मार्च तक बंद करने का एलान किया। हालांकि, परीक्षाएं तय कार्यक्रम अनुसार होंगी। एनआईआईटी ने मिड सेमेस्टर ब्रेक 28 मार्च तक बढ़ा दी।
बिहार: सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। सरकारी स्कूलों के बंद रहने तक इनमें पढ़ने वाले बच्चों के मिड-डे- मील के पैसे उनके बैंक खाते में आएंगे। 22 मार्च को बिहार दिवस पर होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द किए गए।

हरियाणा: हरियाणा ने कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया है। यह 1 साल की अवधि के लिए मान्य रहेगा। हरियाणा ऐसा करने वाला पहला राज्य है। रोहतक में कोर्ट ने प्राइमरी स्कूलों में 2 हफ्ते की छुट्टी करने के आदेश दिए हैं।
उत्तरखंड: सरकार ने सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सभी होटलों को एडवाइजरी जारी की है। विदेशियों को ठहराने से पहले सभी ऐहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
ओडिशा: सरकार ने कोरोनावायरस को आपदा घोषित किया है। 31 मार्च तक राज्य में सभी स्कूल बंद रहेंगे। सिर्फ परीक्षा के लिए स्कूल खोलने की छूट दी गई है। सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पुल और जिम भी बंद रहेंगे। गैर-जरूरी सेमिनार, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस भी 31 मार्च तक नहीं होंगे। धार्मिक कार्यक्रमों, शादी, रिसेप्शन और पार्टी स्थानीय अधिकारियों की देखरेख में होंगे। विधानसभा की कार्यवाही 29 मार्च तक स्थगित कर दी गई है।
कर्नाटक: मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सभी मॉल, सिनेमा हॉल, पब, शादी समारोह और बड़े पैमान पर होने वाले गतिविधियों पर अगले एक सप्ताह तक रोक लगा दी है। गूगल के बेंगलुरु ऑफिस में एक कर्मचारी में कोरोनावायरस के लक्षण दिखाई दिए। उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। कंपनी ने सभी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है। राज्य में संक्रमण से पहली मौत हुई है। यहां मंगलवार को एक 75 वर्षीय संदिग्ध की मौत हो गई थी। गुरुवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोनावायरस पॉजिटिव बताया गया।
जम्मू-कश्मीर: स्पोर्ट्स काउंसिल ने 31 मार्च तक सभी खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी है। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी है, जिससे मेडिकल सेवाएं बाधित नहीं हो। जम्मू के सभी शॉपिंग मॉल, जिम, स्विमिंग पूल, मनोरंजक क्लब तत्काल प्रभाव से बंद रहेंगे।
मणिपुर: स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद किए गए हैं। यहां शुक्रवार को होने वाला गृह मंत्री अमित शाह का दौरा भी रद्द किया गया। मणिपुर में म्यांमार सीमा से होने वाले व्यापार भी फिलहाल रोक लगा दी गई है।
केरल: सरकार ने विधानसभा की कार्यवाही 8 अप्रैल तक स्थगित की। एडवाजयरी जारी की गई।
महाराष्ट्र: सरकार ने स्कूलों में मास्क बांटने और सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने का ऐलान किया। पुणे और पिंपरी-चिंचवड में दो हफ्ते तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए?
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.