हरियाणा में लॉकडाउन फेज-2 के दूसरे दिन 16 नए मामले आए। पंचकूला में एक ही परिवार के 9 सदस्य संक्रमित मिले। अब पंचकूला में 14 पॉजिटिव मामले हो गए हैं। पहले एक महिला पॉजिटिव मिली थी, उसके बाद परिवार के दूसरे सदस्यों का टेस्ट किया गया तो 8 अन्य की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, दूसरी तरफ लॉकडाउन के बीच सरसों की खरीद का गुरुवार को दूसरा दिन है। खरीद आज से रफ्तार पकड़ेगी क्योंकि सरकार ने पहले दिन के ट्रायल में 25-25 किसानों को सरसों लेकर बुलाया था। आज से हर खरीद केंद्र पर 50 किसान सुबह और 50 किसान दोपहर बाद पहुंचेंगे। वहीं, राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 207 पहुंच गया है। इसमें से 52 मरीज ठीक हो चुके हैं।
पंचकूला: 9 पॉजिटिव मिलने के बाद उनसे सीधे जुड़े 24 लोग क्वारैंटाइन
पंचकूला के जिस परिवार के 9 लोग संक्रमित मिले हैं वह सेक्टर-15 में रहता है। सबसे पहले परिवार में महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद एक-एक करके दूसरे सदस्य भी पॉजिटिव मिले हैं। अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने इनके परिवार के 14 से ज्यादा सदस्यों समेत 24 लोगों को क्वारैंटाइन किया है। इनमें प्राइवेट क्लीनिक के डॉक्टर, उनकी फैमिली, ड्राइवर, स्टाफ के अलावा पैथोलॉजी सेंटर का तकनीशीयन और डॉक्टर शामिल हैं। वहीं, नजदीक में रहने वाली महिला की सहेली और उसके परिवार की भी जांच की जा रही है।
सीएम की खरीद पर नजर, 56 किसानों ने भी रिलीफ फंड में दान की राशि
हरियाणा में पहले दिन बुधवार को करीब 163 केंद्रों पर सरसों की 10 हजार टन खरीद हुई। 4500 किसान फसल लेकर पहुंचे। सरसों खरीद को गेहूं खरीद का ट्रायल माना जा रहा है। पहले दिन यह ट्रायल काफी हद तक सफल भी रहा। किसानों की मंडी के गेट पर ही थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। सैनिटाइजर व मास्क का भी पूरा इंतजाम किया गया है। सीएम मनोहर लाल सरसों खरीद की रिपोर्ट ले रहे हैं। खास बात यह रही कि मंडी में फसल बेचने पहुंचे 56 किसानों ने कोरोना रिलीफ फंड के लिए 64 हजार रुपए की राशि दान की है। दरअसल, सीएम ने प्रदेश के किसानों से भी रिलीफ फंड में दान देने की अपील की थी।
हरियाणा के छह जिलों को रखा गया रेड जोन में
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हरियाणा के 6 जिले- गुड़गांव, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, करनाल और अम्बाला को रेड जोन में शामिल किया है। 12 जिलों को नॉन हॉटस्पॉट और चार जिलों को ग्रीन जोन में शामिल किया गया है। केंद्र सरकार की जारी गाइड लाइन को हरियाणा सरकार पूरी तरह लागू करेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों की गुरुवार को बैठक बुलाई है। इसमें गाइडलाइन और राज्य की स्थिति पर मंथन होगा। राज्य सरकार हरियाणा में जिला व ब्लॉक स्तर पर समीक्षा के आधार पर ही छूट देगी। जहां केस नहीं हैं, उन जिलों को गाइडलाइन के अनुसार लॉकडाउन में 20 अप्रैल के बाद छूट मिल सकती है।
हरियाणा: संक्रमण का आंकड़ा 207, इसमें 117 का जमात से कनेक्शन
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.