देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 49 लाख के पार हो गया। 24 घंटे में 81 हजार 731 लोग संक्रमित पाए गए। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या 49 लाख 26 हजार 734 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 38 लाख 56 हजार 157 लोग ठीक भी हो चुके हैं। सोमवार को 79 हजार 113 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
अभी 9 लाख 89 हजार 234 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते 80 हजार 827 मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 1 हजार 73 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।
2024 तक दुनिया में हर किसी तक नहीं पहुंच सकेगी वैक्सीन
वैक्सीन बनाने वाली दुनिया की बड़ी कंपनियों में शुमार सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदर पूनावाला ने कोरोना वैक्सीन को लेकर कहा कि 2024 के अंत तक दुनिया में हर किसी के लिए कोरोना वायरस का वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो सकेगा। पूनावाला ने कहा कि फार्मा कंपनियां उत्पादन क्षमता में तेजी से वृद्धि नहीं कर रही हैं। इसके चलते दुनिया में सभी को वैक्सीन लगाने में 4-5 साल लग सकते हैं।
6 राज्यों में संक्रमितों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और तेलंगाना से सोमवार को अच्छी खबर सामने आई। यहां 24 घंटे के अंदर संक्रमितों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी।
राज्य | नए केस | रिकवर हुए |
आंध्र प्रदेश | 7,956 | 9,764 |
तमिलनाडु | 5,752 | 5,799 |
उत्तर प्रदेश | 5,159 | 5,932 |
दिल्ली | 3,229 | 3,374 |
बिहार | 1,137 | 1,966 |
तेलंगाना | 1,417 | 2,479 |
कोरोना अपडेट्स :
पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में सोमवार को कोरोना के 2,483 नए मामले सामने आए। 1,713 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया और 29 संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मध्य प्रदेश में अब तक 90 हजार 730 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 67 हजार 711 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 21 हजार 228 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 1,791 लोगों की मौत हो चुकी है।
2. राजस्थान
राज्य में सोमवार को 1,730 संक्रमित मिले और 1,644 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। 14 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक यहां 1 लाख 4 हजार 138 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 86 हजार 162 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 16 हजार 726 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 1,250 मरीजों की मौत हो चुकी है।
3. बिहार
राज्य से सोमवार को अच्छी खबर सामने आई। यहां पिछले 24 घंटे में संक्रमितों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी। 1,137 लोगों की रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई, जबकि 1,966 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। राज्य में अब तक संक्रमण के 1 लाख 59 हजार 526 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 45 हजार 19 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13 हजार 675 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। अब तक 831 लोग जान गंवा चुके हैं।
4. महाराष्ट्र
राज्य में सोमवार को कोरोना के 17 हजार 66 नए मामले सामने आए, 15 हजार 789 डिस्चार्ज हुए और 257 मौतें हुईं। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 10 लाख 77 हजार 374 हो गई। इनमें 7 लाख 55 हजार 850 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2 लाख 91 हजार 256 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
5. उत्तरप्रदेश
राज्य में सोमवार को 5,159 नए मामले सामने आए। हालांकि, अच्छी खबर ये रही कि इससे ज्यादा लोग ठीक होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिए गए। 24 घंटे के अंदर अलग-अलग अस्पतालों से 5,932 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। प्रदेश में अब तक 3 लाख 17 हजार 195 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 45 हजार 417 लोग ठीक हो चुके हैं। 67 हजार 287 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 4,491 मरीजों की मौत हो गई।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के गर्वनर रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनका रसोइया तीन दिन पहले कोरोना पॉजिटिव आया था। इसके बाद शुरुआती लक्षण दिखने पर स्वास्थ्य विभाग ने कल्याण सिंह का भी सैंपल लिया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में अब तक कुल 17 मंत्री कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.