पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
देश में लगातार दूसरे दिन 5 हजार से ज्यादा एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ी। बुधवार को एक्टिव केस में 5725 का इजाफा हुआ। मतलब देश में अब 4 लाख 49 हजार 490 मरीज हो गए हैं जिनका इलाज चल रहा है। बाकी या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनकी मौत हो चुकी है। पिछले 8 दिनों के अंदर ये 5वीं बार है जब एक्टिव केस में इजाफा हुआ है। इसके बढ़ने का मतलब है कि देश कोरोना की दूसरी लहर की तरफ तेजी से बढ़ने लगा है। इसमें दोबारा बढ़ोतरी का सिलसिला 19 नवंबर से शुरू हुआ था। तब पूरे देश में 344 एक्टिव मरीज बढ़े थे। इसके बाद 21 नवंबर को 732 और 22 नवंबर को 2480 एक्टिव केस बढ़े थे। 24 नवंबर को इसमें 5983 की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। 19 नवंबर से पहले लगातार 41 दिन इसमें कमी दर्ज की गई थी।
20 राज्यों में दूसरी लहर की आहट
देश में अब 20 राज्य ऐसे हैं जहां एक्टिव मरीजों की संख्या फिर से बढ़नी शुरू हो गई है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल जैसे प्रदेश शामिल हैं। इन राज्यों में हर दिन ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा नए केस में इजाफा हो रहा है। मतलब यहां कोरोना की दूसरी लहर ने आहट दे दी है। अगर यही आलम रहा तो अगले 3-4 दिन में पूरे देश में दूसरी लहर शुरू हो सकती है।
24 घंटे के अंदर 42 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले
पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 42 हजार 822 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 36 हजार 582 लोग ठीक हुए और 502 की मौत हो गई। अब तक 92 लाख 64 हजार 820 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 49 हजार 490 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 86 लाख 77 हजार 986 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 35 हजार 245 हो गई है।
कोरोना अपडेट्स
केंद्र सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की
केंद्र सरकार ने बुधवार को कोरोना पर नई गाइडलाइन जारी की है। इसमें केंद्र का फोकस कंटेनमेंट जोन पर है। सरकार ने यहां राज्यों से सख्ती और सावधानी बरतने को कहा है। राज्यों को छूट दी गई है कि वो अपने हालात के हिसाब से पाबंदियां लागू कर सकते हैं।
कंटेनमेंट जोन में नाइट कर्फ्यू भी लगा सकते हैं। हालांकि, केंद्र ने यह भी साफ किया है कि कंटेनमेंट जोन के बाहर स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन लगाने के लिए केंद्र की मंजूरी लेनी होगी। केंद्र की यह गाइडलाइन 1 दिसंबर से लागू होगी। केंद्र ने कहा कि अब तक कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हमने जो कामयाबी हासिल की है, उसे बरकरार रखना है।
5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
राजधानी दिल्ली में बुधवार को 99 मरीजों की मौत हुई। अब तक 8720 लोगों की जान गंवा चुके हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर 5246 लोग संक्रमित पाए गए। 5361 लोग रिकवर हुए। अब तक 5 लाख 45 हजार 787 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 38 हजार 287 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 98 हजार 780 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 8720 हो गई है।
2. मध्यप्रदेश
राज्य में बुधवार को 1773 नए मरीज मिले। 996 लोग रिकवर हुए और 14 की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 98 हजार 284 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13 हजार 742 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 81 हजार 345 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3197 हो गई है।
3. गुजरात
राज्य में बुधवार को 1540 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1283 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि 14 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 2 लाख 1 हजार 949 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14 हजार 187 मरीजों का इलाज चल रहा है। 1 लाख 83 हजार 856 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 3906 हो गई है।
4. महाराष्ट्र
राज्य में बुधवार को 6159 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा बढ़कर अब 17 लाख 95 हजार 959 हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर 4844 लोग ठीक हुए और 65 की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 63 हजार 723 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि मरने वालों की संख्या बढ़कर 46 हजार 748 हो गई है।
5. राजस्थान
बुधवार को राज्य में 3285 नए मरीज मिले। 2144 लोग ठीक हुए और 18 की मौत हो गई। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 2 लाख 53 हजार 767 हो गई है। इनमें 26 हजार 320 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 25 हजार 229 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर अब 2218 हो गई है।
पॉजिटिव- जिस काम के लिए आप पिछले कुछ समय से प्रयासरत थे, उस कार्य के लिए कोई उचित संपर्क मिल जाएगा। बातचीत के माध्यम से आप कई मसलों का हल व समाधान खोज लेंगे। किसी जरूरतमंद मित्र की सहायता करने से आपको...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.