पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
हम सभी के लिए अच्छी खबर है। देश में संक्रमण से ठीक होने वालों का आंकड़ा रविवार को 50 लाख के पार कर गया। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां इतने ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। देश का रिकवरी रेट 82.74% हो चुका है। मतलब अब हर 100 मरीजों में 82 लोग ठीक हो रहे हैं।
इस बीच, देश में अब तक 60 लाख 73 हजार 348 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 50 लाख 13 हजार 368 लोग ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। 95 हजार 574 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा संक्रमितों के मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है।
यहां अब तक 72 लाख 82 हजार से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 45 लाख 24 हजार मरीज ही रिकवर हो सके, जबकि 2 लाख से ज्यादा मरीजों ने जान गंवा दी। 25 लाख 24 हजार मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है, जबकि भारत में ऐसे मरीजों की संख्या अब 9 लाख 63 हजार रह गई है।
27 दिन में 23 लाख से ज्यादा मरीज मिले, 21 लाख ठीक भी हुए
पिछले 27 दिनों में देश में 23 लाख लोग संक्रमित मिले। 16 सितंबर को एक दिन में रिकॉर्ड 97 हजार 865 नए मरीज मिले थे। अच्छी बात है कि सितंबर के इस महीने में 21 लाख से ज्यादा लोग ठीक होकर अपने घर गए। 21 सितंबर को सबसे ज्यादा 1 लाख 2 हजार 70 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। एक दिन में ठीक होने वालों की यह संख्या पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा है।
पिछले 9 दिनों में 1 लाख एक्टिव केस कम हुए
सबसे राहत की बात है कि एक्टिव केस यानी ऐसे मरीजों की संख्या जिनका इलाज चल रहा है वो बढ़ने की बजाय लगातार घट रहे हैं। पिछले 9 दिनों में 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए हैं। 17 सितंबर को देश में एक्टिव केस की संख्या 10 लाख के पार होकर 10.25 लाख तक पहुंच गई थी। अब यह कम होकर 9.63 लाख पहुंच गई है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
री-इंफेक्शन के मामलों की जांच कर रहा आईसीएमआर: डॉ. हर्षवर्धन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को कहा, 'भारतीय जनसंख्या अभी भी कोविड-19 के खिलाफ हर्ड इम्युनिटी हासिल करने से दूर है। आईसीएमआर के दूसरे सीरो सर्वे से भी यह मालूम चला है। इसलिए, हम सभी को नियमों का पालन करके खुद को बचाना होगा।''
उन्होंने एक इंसान के दो बार संक्रमित होने की बात पर कहा कि आईसीएमआर ऐसे मामलों की जांच कर रहा है। रिसर्च करने के बाद ही इस पर अच्छे से बोला जा सकता है। फिलहाल ऐसे मामलों की संख्या न के बराबर है।
कोरोना अपडेट्स
पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को संक्रमण के 2,310 नए मामले सामने आए। प्रदेश में अब तक 1 लाख 22 हजार 209 लोग संक्रमित हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में 26 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों की संख्या अब 2,207 हो गई है।
राजधानी भोपाल में लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं करने के कारण अब भोपाल कलेक्टर ने सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के लिए कह दिया है। सभी एसडीएम को धारा 144 में जारी आदेश का पालन कराने के लिए कार्रवाई करने के लिए बोला है। ऐसे में अब व्यवसायिक संस्थानों पर जुर्माना तो लगेगा ही तीन दिन के लिए दुकान को बंद करना होगा।
2. राजस्थान
राज्य में रविवार को कोरोना के 2,084 मामले सामने आए। संक्रमितों का आंकड़ा अब 1 लाख 28 हजार 859 हो गया है। 24 घंटे के अंदर 15 लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद कुल मौत का आंकड़ा 1441 पहुंच गया।
राज्य में अब तक 30.51 लाख से ज्यादा सैंपल जांचे जा चुके हैं। अब तक कुल संक्रमितों में 1 लाख 7 हजार 718 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 19 हजार 700 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
3. बिहार
रविवार को राज्य में 1,527 नए केस मिले और 1,405 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। राज्य में अब तक 1 लाख 78 हजार 882 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 64 हजार 537 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13 हजार 456 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 888 मरीजों की मौत हो चुकी है।
4. महाराष्ट्र
राज्य में रविवार को 18 हजार 56 लोग संक्रमित पाए गए, 380 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई। 13 हजार 565 लोग ठीक होकर अपने घर गए। अब तक 13 लाख 39 हजार 232 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 लाख 30 हजार 15 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 35 हजार 571 मरीजों की मौत हो चुकी है। 2 लाख 73 हजार 228 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।
5. उत्तरप्रदेश
पिछले 24 घंटों में 4,403 नए मामले सामने आए, जबकि 5,656 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। संक्रमण के चलते अब तक 5,594 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक राज्य में 3 लाख 87 हजार 85 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 25 हजार 888 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट अब बढ़कर 84.19 प्रतिशत हो गया है।
पॉजिटिव- कहीं इन्वेस्टमेंट करने के लिए समय उत्तम है, लेकिन किसी अनुभवी व्यक्ति का मार्गदर्शन अवश्य लें। धार्मिक तथा आध्यात्मिक गतिविधियों में भी आपका विशेष योगदान रहेगा। किसी नजदीकी संबंधी द्वारा शुभ ...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.