देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा शनिवार को 35 लाख के पार हो गया। पिछले 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 78 हजार 479 नए मरीज बढ़े। ये एक दिन में मिले संक्रमितों के आंकड़े में सबसे ज्यादा है। इसके पहले 27 अगस्त को 76 हजार 826 नए कोरोना के केस बढ़े थे। अब तक 35 लाख 39 हजार 712 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। राहत की खबर है कि इनमें 27 लाख 12 हजार 520 लोग ठीक भी हो चुके हैं।
शनिवार को 64 हजार 982 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब तक 63 हजार 657 मरीजों की मौत हो चुकी है। 7 लाख 62 हजार 948 मरीज ऐसे हैं, जिनका अभी इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। देश में अब हर 10 लाख की आबादी में 29 हजार 234 लोगों का कोरोना टेस्ट हो रहा है। इनमें 2,516 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं।
तो भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा संक्रमित मिलने वाला देश हो जाएगा
संक्रमितों के मिलने की अगर यही रफ्तार रही तो अगले 4 दिनों में भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा संक्रमित मिलने वाला देश हो जाएगा। अभी ब्राजील दूसरे नंबर पर हैं। यहां 38 लाख 12 हजार 605 लोग संक्रमित हो चुके हैं। पहले नंबर पर अमेरिका है, जहां 61 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट महाराष्ट्र में
देश में सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट 19% महाराष्ट्र में है। यानी यहां हर 100 टेस्ट पर 19 मरीज कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। 18% पॉजिटिविटी रेट के साथ पुड्डुचेरी दूसरे नंबर पर है। इनके अलावा चंडीगढ़, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, दिल्ली और तेलंगाना में पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है।
दो दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा संक्रमित
कोरोना अपडेट्स...
पांच राज्यों के हाल
1. मध्यप्रदेश
बीते 24 घंटे में संक्रमण के 1,442 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 60 हजार 887 हो गई है। राज्य में इस बीमारी से 22 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 1,345 हो गई है।
2. राजस्थान
राज्य में शनिवार को संक्रमण के 1407 नए पॉजिटिव केस सामने आए। जिसके बाद कुल मरीजों का आंकड़ा 78,777 पहुंच गया। वहीं, संक्रमण से 13 मरीजों की मौत हो गई। इनमें जोधपुर, कोटा और जयपुर में 2-2, अजमेर, बाड़मेर, बीकानेर, दौसा, धौलपुर, सिरोही और उदयपुर में 1-1 मरीज की जान गई है। राजस्थान में कोरोना से अब तक 1,030 मरीजों की जान जा चुकी है। इनमें जयपुर में सबसे ज्यादा 269 मरीजों की मौत हुई।
3. बिहार
बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे के अंदर 2087 नए मरीज बढ़े। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 लाख 32 हजार 935 हो गई है। हालांकि, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को राज्य में रिकवरी रेट 85.13% था जो बढ़कर 85.94% हो गया।
4. महाराष्ट्र
राज्य में शनिवार को संक्रमण के रिकॉर्ड 16,867 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 7,64,281 हो गई। शनिवार को 328 मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों का आंकड़ा अब बढ़कर 24,103 हो गया है।
5. उत्तरप्रदेश
राज्य में शनिवार को संक्रमण के 5684 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 2 लाख 16 हजार 505 हो गई है। अब एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 53,360 हो गई है। 1,62,741 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते 3356 मरीजों की मौत हो चुकी है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में एक दिन में रिकॉर्ड 1,48,147 लोगों की जांच हुई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.