पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
तमिलनाडु के एग्रीकल्चर मिनिस्टर आर दोराइक्कन्नू की संक्रमण से शनिवार रात मौत हो गई। 72 साल के दोराइक्कन्नू को 13 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 2 दिनों से उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई थी। डॉक्टर्स ने दोराइक्कन्नू को लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा था, जहां शनिवार रात 11:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
उधर, देश में हर 10 लाख की आबादी में कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार घटकर 6 हजार से कम हो गई है। अब हर 10 लाख में 5,908 नए मरीज मिल रहे हैं। अक्टूबर के दूसरे हफ्ते तक ये आंकड़ा 7-8 हजार तक पहुंच गया था।
इस बीच, देश में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 11 करोड़ के करीब पहुंच गया है। अब तक 10 करोड़ 90 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें से 81 लाख 82 हजार 881 लोग संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक 74 लाख 89 हजार 230 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते 1 लाख 22 हजार 149 मरीजों की जान जा चुकी है।
महाराष्ट्र में लंबे समय बाद गिरा मौतों का ग्राफ
महाराष्ट्र में लंबे समय बाद मौत के ग्राफ में जबरदस्त गिरावट देखी गई है। करीब 5 महीने के बाद संक्रमण से मरने वालों की संख्या 80 से कम हुई है। शनिवार को 74 संक्रमितों की मौत हुई। इसके पहले 1 जून को यहां 79 लोगों ने जान गंवाई थी।
केंद्रीय मंत्री गंगवार की पत्नी और परिवार के 6 सदस्य पॉजिटिव
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की पत्नी और परिवार के 6 सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसकी जानकारी गंगवार ने शनिवार को ट्वीट करके दी। केंद्रीय मंत्री ने भी अपनी जांच कराई थी, लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। गंगवार ने बताया कि उनके परिजन हाल में ही दिल्ली गए थे, जहां वे संक्रमित हो गए। सभी को फरीदाबाद के ESI अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोरोना अपडेट्स
7 राज्यों में एक्टिव केस घटने की बजाय फिर बढ़ने लगे
देश में कोरोना के एक्टिव केस को लेकर एक अच्छी और एक बुरी खबर है। अच्छी खबर ये है कि लगातार 30वें दिन ओवरऑल एक्टिव केस में कमी देखने को मिली है। शुक्रवार को एक्टिव केस में 11 हजार 452 की गिरावट दर्ज हुई। इसके पहले लगातार 29 दिन औसतन 10-15 हजार एक्टिव केस कम हुए हैं। हालांकि, चिंताजनक बात यह है कि 7 राज्यों में एक्टिव केस घटने की बजाय अब बढ़ने लगे हैं।
इनमें दिल्ली, तेलंगाना, हरियाणा जैसे राज्य शामिल हैं। सबसे खराब हालत देश की राजधानी दिल्ली की है। यहां लगातार चौथे दिन एक्टिव मरीजों की संख्या में 1 हजार से ज्यादा का इजाफा हुआ है। केंद्र सरकार ने दिल्ली में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की समीक्षा करने का फैसला किया है। सोमवार को दिल्ली सरकार के अफसरों के साथ केंद्र के अफसर बैठक करेंगे।
पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में संक्रमण से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 2951 हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर 10 लोगों की मौत हो गई। 669 नए मरीज मिले, जबकि 1024 लोग रिकवर हुए। अब तक 1 लाख 71 हजार 359 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 8929 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 59 हजार 479 लोग ठीक हो चुके हैं।
2. राजस्थान
24 घंटे में 1780 नए केस मिले, 1920 लोग रिकवर हुए और 9 संक्रमितों की मौत हुई। अब तक 1 लाख 96 हजार 993 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 15 हजार 102 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 79 हजार 984 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1907 मरीजों की मौत हो चुकी है।
3. बिहार
राज्य में शनिवार को 800 मरीज मिले, 1186 लोग ठीक हुए और 6 की मौत हो गई। अब तक यहां 2 लाख 16 हजार 764 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7862 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 7 हजार 811 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1090 मरीजों की मौत हो चुकी है।
4. महाराष्ट्र
राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 16 लाख 78 हजार 406 हो गया है। 5548 मरीज पिछले 24 घंटे के अंदर मिले। 1 लाख 23 हजार 589 एक्टिव केस हैं। मतलब अभी इन मरीजों का इलाज चल रहा है। 15 लाख 10 हजार 353 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं, जबकि 43 हजार 911 मरीजों की मौत हो चुकी है।
5. उत्तरप्रदेश
राज्य में शनिवार को 1781 मरीज मिले, 2426 लोग रिकवर हुए और 18 की मौत हो गई। अब तक 4 लाख 81 हजार 863 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 23 हजार 768 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 51 हजार 70 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 7025 मरीजों की मौत हो चुकी है।
पॉजिटिव- आज ग्रह गोचर और परिस्थितियां आपके लिए लाभ का मार्ग खोल रही हैं। सिर्फ अत्यधिक मेहनत और एकाग्रता की जरूरत है। आप अपनी योग्यता और काबिलियत के बल पर घर और समाज में संभावित स्थान प्राप्त करेंगे। ...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.