देश में वैक्सीनेशन शुरू हुए 21 दिन हो चुके हैं। इस दौरान 50 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। भारत ने सबसे कम समय में यह उपलब्धि हासिल की है। 50 लाख लोगों के वैक्सीनेशन में अमेरिका को 24 दिन, ब्रिटेन को 43 और इजराइल को 45 दिन लगे थे। भारत में शुक्रवार को 3,31,029 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
यूनियन हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि 5 फरवरी की शाम 6 बजे तक 52,90,474 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इनमें साइड इफेक्ट के बहुत कम मामले सामने आए हैं। अब तक कुल 27 लोगों को हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है। पिछले 24 घंटों में किसी को हॉस्पिटल में एडमिट करने का कोई मामला सामने नहीं आया है।
महाराष्ट्र के होम मिनिस्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई
महाराष्ट्र के होम मिनिस्टर अनिल देशमुख कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर बताया कि मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी सेहत बेहतर है। जो भी लोग मेरे संपर्क में आए हैं, वे अपनी जांच करा लें। महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। यहां अब तक 20,36,002 केस हो चुके हैं। इनमें से 51,215 की मौत हुई है।
यूपी में 10 फरवरी से स्कूल खुलेंगे
उधर, उत्तर प्रदेश सरकार ने 10 फरवरी से 6वीं से 8वीं तक के स्कूल खोलने का फैसला लिया है। सरकार ने बताया कि पहली से 5वीं तक के स्कूल 1 मार्च से खुलेंगे।
फाइजर ने भारत में इमरजेंसी अप्रूवल की एप्लीकेशन वापस ली
अमेरिकन कंपनी फाइजर ने शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन के इमरजेंसी यूज की मांग को लेकर भारत सरकार को दी एप्लीकेशन वापस ले ली। 3 फरवरी को ही ड्रग रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी ने इसका रिव्यू किया था। कमेटी ने कंपनी से ट्रायल से जुड़ी और जानकारी मांगी थी। इसके बाद कंपनी ने एप्लीकेशन वापस लेने का फैसला लिया।
कंपनी ने बताया कि वह इंडियन अथॉरिटी के संपर्क में रहेगी और आगे फिर अप्रूवल के लिए अप्लाई करेगी। फाइजर दुनिया में इकलौती कोरोना वैक्सीन है जिसे वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने अप्रूवल दिया है।
डेथ रेट में .07% की गिरावट
राहत की खबर है कि देश में कोरोना से होने वाली मौतों में गिरावट हो रही है। डेथ रेट 1.44% से घटकर 1.37% हो गया है। हर दिन अब 200 से कम लोगों की जान जा रही है। 16 राज्य ऐसे हैं जहां अब संक्रमण से कोई मौत नहीं हो रहीं है।
एक्टिव केस 1.49 लाख से भी कम
कोरोना के एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा 1,48,731 लाख हो गया है। यह बीते करीब 8 महीने में सबसे कम है। इससे पहले 12 जून को 1.46 लाख एक्टिव केस थे। देश में 29 राज्य और सात केंद्र शासित प्रदेशों में से 20 में 1-1 हजार से कम एक्टिव केस हैं। इन राज्यों में सिर्फ 6,450 मरीजों का इलाज चल रहा है।
देश में गुरुवार को 12,401 संक्रमितों की पहचान हुई, 15,888 ठीक हुए और 120 ने जान गंवाई। अब तक 1.08 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1.04 करोड़ ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.54 लाख की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
राज्य में गुरुवार को 158 नए मरीज मिले। 165 लोग रिकवर हुए और 7 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 35 हजार 639 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 23 हजार 574 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 871 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1194 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
2. मध्यप्रदेश
यहां गुरुवार को 166 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 263 मरीज ठीक भी हुए और दो की मौत हो गई। अब तक 2.55 लाख केस आ चुके हैं। इनमें 2.49 लाख संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,818 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 2,331 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
3. गुजरात
यहां गुरुवार को 275 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 430 मरीज ठीक भी हुए और एक की मौत हो गई। अब तक 2.62 लाख केस आ चुके हैं। इनमें 2.55 लाख संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,392 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 2,700 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
4. राजस्थान
यहां गुरुवार को 139 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 192 मरीज ठीक भी हुए। अब तक 3.17 लाख केस आ चुके हैं। इनमें 3.13 लाख संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,770 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 1,639 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
5. महाराष्ट्र
राज्य में गुरुवार को 2,736 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 5,339 लोग रिकवर हुए और 46 की मौत हो गई। अब तक 20 लाख 36 हजार 2 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 19 लाख 48 हजार 674 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 51 हजार 215 मरीजों की मौत हो चुकी है। 34 हजार 862 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.