देश के 8 राज्यों में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में देश में दर्ज किए गए कुल मामलों में से 84.5% केस निकले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस दौरान देश में 53,250 नए केस सामने आए हैं।
महाराष्ट्र में 31,643, पंजाब में 2914, कर्नाटक में 2792, तमिलनाडु में 2279, गुजरात में 2252, केरल में 1549 और मध्य प्रदेश में 2,323 नए मरीज मिले हैं। इनके अलावा राजधानी दिल्ली में भी संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में यहां 1904 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
कई राज्यों में प्राइमरी स्कूल बंद
इस बीच दिल्ली सरकार ने कहा कि फिर से बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए छोटी कक्षाओं के लिए स्कूल फिलहाल नहीं खोले जाएंगे। पंजाब, पुडुचेरी, गुजरात, हिमाचल, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, राजस्थान समेत कई और राज्यों ने भी छोटी कक्षाओं के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है।
पंजाब के सभी स्कूल और कॉलेज 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। पंजाब बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 4 मई और 20 अप्रैल से शुरू होंगी। गुजरात सरकार ने अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा, सूरत, भावनगर, गांधीनगर, जामनगर और जूनागढ़ में सभी स्कूलों को 10 अप्रैल तक सिर्फ ऑनलाइन क्लास लेने के कहा है। तमिलनाडु सरकार ने भी राज्य के सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है।
एक्टिव केस एक लाख से ज्यादा बढ़े
देश में कोरोना की दूसरी लहर तेज होती जा रही है। पिछले 24 घंटे में दुनिया में सबसे ज्यादा नए मामले भारत में आए। यहां बीते 3 दिन से लगातार 60 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। रविवार को 68,206 संक्रमितों की पहचान हुई। यह आंकड़ा पिछले 169 दिन में सबसे ज्यादा है। इससे पहले पिछले साल 10 अक्टूबर को 74,418 मामले सामने आए थे। वहीं, बीते दिन 32,149 लोग ठीक हुए और 295 लोगों की जान भी गई।
उधर, एक्टिव केस का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में 138 दिन बाद एक्टिव केस का आंकड़ा 5 लाख के पार पहुंचा है। फिलहाल यहां 5.35 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस तो बीते 3 दिन में ही बढ़े हैं। इससे पहले पिछले साल 9 नवंबर को देश में 5 लाख 4 हजार 873 एक्टिव केस थे
अब तक 1.20 करोड़ लोग संक्रमित
देश में अब तक 1.20 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से करीब 1.13 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.62 लाख मरीजों ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
7 प्रमुख राज्यों के हाल...
1. महाराष्ट्र: एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले
यहां रविवार को 40,414 नए मरीज मिले। 17,874 ठीक हुए, जबकि 108 की मौत हुई। यह एक दिन में मिले संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 26 मार्च को 36,902 मामले आए थे। राज्य में अब तक 27.13 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 23.32 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 53,101 की मौत हुई है। यहां फिलहाल 3.25 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
2. पंजाब: ठीक होने वालों का आंकड़ा 2 लाख के पार
यहां रविवार को 2,870 नए मरीज मिले। 2,155 ठीक हुए, जबकि 69 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.31 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.01 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 6,690 की मौत हुई है। फिलहाल 23 हजार 917 लोगों का इलाज चल रहा है।
3. मध्यप्रदेश: एक्टिव केस 14 हजार के करीब
यहां रविवार को 2,276 नए मरीज मिले। 1075 लोग ठीक हुए, जबकि 11 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.88 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.70 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 3,958 की मौत हुई है। फिलहाल 14,185 लोगों का इलाज चल रहा है।
4. गुजरात: अब तक 3 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित
यहां रविवार को 2,270 नए कोरोना मरीज मिले। 1,605 मरीज ठीक हुए, जबकि 8 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.84 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,492 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 11,528 लोगों का इलाज चल रहा है। यहां 28 फरवरी को 407 केस आए थे, तब से इनमें हर दिन बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
5. दिल्ली: इस साल एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज आए
यहां शनिवार को 1,881 नए केस आए। यह इस साल एक दिन में मिलने वाले मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 28 मार्च को 1,558 केस आए थे। पिछले 24 घंटे में यहां 952 मरीज ठीक हुए और 9 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.57 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.39 लाख ठीक हुए हैं और 11,006 ने जान गंवाई है। अभी 7,545 का इलाज चल रहा है।
6. हरियाणा: लगातार तीसरे दिन 1300 से ज्यादा नए केस आए
यहां रविवार को 1392 नए मरीज मिले, 673 ठीक हुए और 9 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.87 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.75 लाख ठीक हो चुके हैं और 3,141 की मौत हो चुकी है। राज्य में अभी 9,120 मरीजों का इलाज चल रहा है।
7. राजस्थान: इस साल पहली बार हजार से ज्यादा नए केस आए
यहां रविवार को 1081 संक्रमितों की पहचान हुई। 278 मरीज ठीक हुए और दो लोगों की जान गई। राज्य में अब तक 3.30 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.20 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,813 ने जान गंवाई है। फिलहाल 7159 मरीजों का इलाज चल रहा है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.