पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
महाराष्ट्र में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार से राज्य में भीड़-भाड़ वाले सारे राजनीतिक और धार्मिक कार्यक्रमों पर पाबंदी लगाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हालात नहीं संभले तो राज्य में फिर लॉकडाउन लगाया जा सकता है।
उद्धव ने रविवार को लोगों को 8 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि जो लोग लॉकडाउन नहीं चाहते, वे मास्क जरूर पहनें। निजी फर्मों से भी वर्क फ्रॉम होम पॉलिसी अपनाने को कहा गया है, ताकि भीड़ से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि अगले 8 से 15 दिनों में हमें पता चल जाएगा कि यह कोरोना की नई लहर है या नहीं?
महाराष्ट्र में 10 दिन में 47 हजार केस
महाराष्ट्र में रविवार को 6971 नए केस सामने आए। यह पिछले 10 दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राज्य में 12 फरवरी से मरीजों की तादाद तेजी से बढ़नी शुरू हुई थी। 12 फरवरी से 21 फरवरी तक राज्य में 47979 नए केस मिल चुके हैं। कई शहरों में सख्ती शुरू कर दी गई है। अमरावती में सोमवार रात 8 बजे से एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। इस दौरान जरूरी सामान की दुकानें सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेंगी।
पुणे में नाइट कर्फ्यू, स्कूल-कॉलेज बंद
वहीं, पुणे जिला प्रशासन ने भी नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। यहां रात 11 से सुबह 6 बजे तक लोगों के घर से निकलने पर रोक लगा दी गई है। केवल इमरजेंसी में ही लोग बाहर निकल सकेंगे। स्कूल-कॉलेज 28 फरवरी तक बंद कर दिए गए हैं। पुणे के बाद अब नागपुर, यवतमाल और मुंबई में भी नाइट कर्फ्यू लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य के मंत्री विजय वेड्डेटीवार ने इसकी पुष्टि की।
टॉप-15 संक्रमित देशों में फिर शामिल हुआ भारत
इधर, बढ़ते मामलों की वजह से भारत एक बार फिर दुनिया के उन 15 देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है, बाकी या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनकी मौत हो गई है।
भारत इस सूची में 15वें नंबर पर आ गया है। 30 जनवरी को पुर्तगाल, इंडोनेशिया और आयरलैंड को पीछे छोड़ते हुए 17वें नंबर पर पहुंच गया था। तब उम्मीद थी कि जल्द ही दुनिया के टॉप-20 संक्रमित देशों की सूची से भी बाहर हो सकता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में एक्टिव केस फिर से बढ़ने लगे। इसकी वजह से भारत अब फिर दुनिया के सबसे संक्रमित देशों में शामिल हो गया।
केंद्र सरकार ने फिर टेस्टिंग बढ़ाने का आदेश दिया
पूरे देश में हर दिन होने वाली टेस्टिंग में पिछले एक महीने में 5 लाख की गिरावट दर्ज की गई है। दिसंबर तक जहां, हर दिन 11 लाख के करीब लोगों की जांच होती थी, वहां अब औसतन 6 लाख लोगों का टेस्ट हो रहा है। राज्यों में कोरोना केस बढ़ने का एक बड़ा कारण टेस्टिंग की संख्या कम करना भी है। अब फिर से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन सभी 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को चिट्ठी लिखकर टेस्टिंग बढ़ाने का आदेश दिया है। मंत्रालय ने कहा है कि टेस्टिंग के जरिए ज्यादा से ज्यादा कोरोना संक्रमितों को ट्रेस किया जाए ताकि संक्रमण को फिर से फैलने से रोका जा सके।
अमेरिका, फ्रांस और यूके में भी हालत खराब
एक्टिव केस के मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है। यहां अभी 92 लाख से ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा है। फ्रांस में 32 लाख और यूके में 16 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। इसके अलावा इस सूची में ब्राजील, बेल्जियम, स्पेन, इटली, रूस, मैक्सिको, पोलैंड, आयरलैंड, इंडोनेशिया, अर्जेंटिना और भारत भी शामिल हैं।
देश में अब तक 1.10 करोड़ केस
रविवार को देश में 13 हजार 795 नए मरीज मिले। 9 हजार 302 लोग ठीक हुए और 73 की मौत हो गई। 9 राज्य और केंद्र शासित राज्य ऐसे रहे जहां, ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा नए मरीजों की संख्या बढ़ी है। इनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पुडुचेरी, त्रिपुरा और चंडीगढ़ शामिल हैं। देश में अब तक 1 करोड़ 10 लाख 4 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 6 लाख 96 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 56 हजार 412 मरीजों की मौत हो गई। अभी 1 लाख 47 हजार 96 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
6 राज्यों का हाल
1. महाराष्ट्र
राज्य में रविवार को 6,971 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 2,417 मरीज ठीक हुए और 35 की मौत हो गई। अब तक 21 लाख 884 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, इनमें 19 लाख 94 हजार 997 लोग ठीक हो चुके हैं। 51 हजार 788 ने इस महामारी से जान गंवाई है। 52 हजार 956 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
2. केरल
राज्य में रविवार को 4,070 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 4,345 मरीज ठीक हुए और 15 संक्रमितों ने जान गंवाई। यहां अब तक 10 लाख 34 हजार 658 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 9 लाख 71 हजार 975 मरीज ठीक हो चुके हैं। 4,090 ने जान गंवाई है, जबकि 58,316 का इलाज चल रहा है।
3. मध्यप्रदेश
यहां रविवार को 299 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 238 मरीज ठीक हुए और चार की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 59 हजार 427 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 53 हजार 522 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,854 मरीजों की मौत हो गई। 2,051 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
4. गुजरात
यहां रविवार को 283 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 264 लोग ठीक हुए और एक की मौत हुई। अब तक 2 लाख 67 हजार 104 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 61 हजार 9 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4405 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1,690 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
5. राजस्थान
राज्य में रविवार को 82 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 137 लोग ठीक हुए। अब तक 3 लाख 19 हजार 543 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 15 हजार 513 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,785 मरीजों की मौत हुई है। 1,245 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
6.दिल्ली
यहां रविवार को 145 नए मरीज मिले और 97 ठीक हुए। दो की मौत भी हुई। यहां अब तक 6 लाख 37 हजार 900 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 25 हजार 929 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 900 मरीजों की मौत हो गई। 1071 का इलाज चल रहा है।
पॉजिटिव- आज आप बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से अपने काम संपन्न करने में सक्षम रहेंगे। सभी का सहयोग रहेगा। सरकारी कार्यों में सफलता मिलेगी। घर के बड़े बुजुर्गों का मार्गदर्शन आपके लिए सुकून दायक रहेगा। न...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.