पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
केंद्र सरकार ने मंगलवार को बताया कि देश 3 राज्यों में कोरोना के 2 नए वैरिएंट सामने आए हैं। महाराष्ट्र, केरल और तेलंगाना में कोरोना के दो म्यूटेटेड वैरिएंट N440K और E484K मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने बताया कि देश में इन दिनों कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी वायरस के इन्हीं स्वरूपों की वजह से हो रही है, इसके कोई सबूत नहीं मिले हैं।
हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, देश में साउथ अफ्रीकी स्ट्रेन के दो और केस सामने आए हैं। यहां अब तक 6 लोग इस स्ट्रेन से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, UK वैरिएंट के अब तक 187 मामले सामने आ चुके हैं। एक व्यक्ति में ब्राजील वाले स्ट्रेन की भी पुष्टि हुई है।
महाराष्ट्र में तेजी से केस बढ़ रहे
महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में लगातार तेजी आ रही है। पिछले 7 दिन (16-22 फरवरी तक) के अंदर यहां 34 हजार 788 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके पहले 9 से 15 फरवरी के बीच ये आंकड़ा 18 हजार 841 था। साफ है कि इस हफ्ते कोरोना के मामले लगभग दोगुने हो गए हैं।
नियमों को तोड़कर मंदिर पहुंचे महाराष्ट्र के मंत्री
राज्य में लोग कोरोना नियमों को ताक पर रखकर बाहर घूमते नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें राज्य के मंत्री संजय राठौड़ कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए वाशिम जिले के एक मंदिर पहुंचे। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थक भी थे। ज्यादातर लोग बगैर मास्क के थे। वीडियो वायरल होने के बाद महाराष्ट्र सरकार भाजपा के निशाने पर आ गई है। भाजपा ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। इसमें BMC और प्रदेश के प्रशासनिक अफसर मौजूद रहेंगे। कोरोना के रोकथाम के लिए इस मीटिंग में मुख्यमंत्री कुछ बड़े फैसले ले सकते हैं।
बढ़ते मामलों के मद्देनजर PMO ने बुलाई बैठक
इधर, देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच हालात की समीक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बैठक बुलाई। बैठक में कोरोना के म्यूटेड स्ट्रेन को लेकर भी चर्चा की गई। इसमें कहा गया कि देश और विदेश में पैदा हुए कोरोना के नए स्ट्रेन ज्यादा तेजी से संक्रमण फैला सकते हैं। ये स्ट्रेन देश में बढ़ते संक्रमण के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं।
4 राज्यों में कोरोना की दूसरी लहर ने दी दस्तक
देश में कोरोना का संकट फिर से गहराता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 13 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे रहे, जहां रिकवरी से ज्यादा नए मरीजों की पहचान हुई। इनमें भी 4 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर ने दस्तक दे दी है। इनमें महाराष्ट्र, पंजाब, जम्मू कश्मीर और चंडीगढ़ शामिल हैं। महाराष्ट्र में पिछले 10 दिन, पंजाब में 12, चंडीगढ़ में 10 और जम्मू कश्मीर में 7 दिन से लगातार एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। केरल में हालात अब काबू में आने लगे हैं। यहां सोमवार को एक्टिव मरीजों की संख्या पहले से कम 2841 रही।
13 हजार से ज्यादा नए केस मिले
मंगलवार को 13 हजार 442 लोग संक्रमित मिले, जबकि 13 हजार 657 लोग रिकवर हुए। 100 मरीजों ने दम तोड़ दिया। अब तक 1.10 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं, इनमें 1.07 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 56 हजार 598 मरीजों ने अब तक जान गंवा दी। 1 लाख 44 हजार 29 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
वैक्सीनेशन के बाद अब तक 19 लोगों ने जान गंवाई
देश में वैक्सीनेशन ड्राइव भी तेज हो गई है। अब तक 1 करोड़ 14 लाख से ज्यादा हेल्थ केयर और फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें 75 लाख 40 हजार 602 हेल्थ केयर वर्कर्स और 38 लाख 83 हजार 492 फ्रंट लाइन वर्कर्स शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि वैक्सीनेशन के बाद अब तक 46 लोगों को गंभीर साइड इफेक्ट्स की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इनमें 26 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और एक का इलाज चल रहा है। 19 लोग ऐसे भी रहे जिनकी मौत हो गई। हालांकि, इनकी मौत का कारण अलग-अलग रहा है।
6 राज्यों का हाल
1. महाराष्ट्र
राज्य में मंगलवार को 6,218 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 5,869 मरीज ठीक हुए और 51 की मौत हो गई। अब तक 21 लाख 12 हजार 312 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, इनमें 20 लाख 5 हजार 851 लोग ठीक हो चुके हैं। 51 हजार 857 ने इस महामारी से जान गंवाई है। 53 हजार 409 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
2. केरल
राज्य में मंगलवार को 4,034 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 4,823 मरीज ठीक हुए और 14 संक्रमितों ने जान गंवाई। यहां अब तक 10 लाख 40 हजार 904 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 9 लाख 81 हजार 835 मरीज ठीक हो चुके हैं। 4,120 ने जान गंवाई है, जबकि 54,665 का इलाज चल रहा है।
3. मध्यप्रदेश
यहां मंगलवार को 246 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 200 मरीज ठीक हुए और एक की मौत भी हुई। अब तक 2 लाख 59 हजार 967 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 53 हजार 963 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,855 मरीजों की मौत हो गई। 2,149 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
4. गुजरात
यहां मंगलवार को 348 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 294 लोग ठीक हुए। अब तक 2 लाख 67 हजार 767 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 61 हजार 575 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4406 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1,786 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
5. राजस्थान
राज्य में मंगलवार को 76 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 87 लोग ठीक हुए। अब तक 3 लाख 19 हजार 702 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 15 हजार 722 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,785 मरीजों की मौत हुई है। 1,195 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
6. दिल्ली
यहां मंगलवार को 145 नए मरीज मिले और 130 ठीक हुए। दो की मौत भी हुई। यहां अब तक 6 लाख 38 हजार 173 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 26 हजार 216 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 903 मरीजों की मौत हो गई। 1054 का इलाज चल रहा है।
पॉजिटिव- ग्रह स्थिति अनुकूल है। मित्रों का साथ और सहयोग आपकी हिम्मत और हौसले को और अधिक बढ़ाएगा। आप अपनी किसी कमजोरी पर भी काबू पाने में सक्षम रहेंगे। बातचीत के माध्यम से आप अपना काम भी निकलवा लेंगे। ...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.