• Hindi News
  • National
  • Coronavirus Outbreak India Cases & Vaccination LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Mumbai Delhi Coronavirus News

वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड:बीते दिन कोरोना के एक करोड़ से ज्यादा टीके लगे, कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 62 करोड़ के पार

नई दिल्ली2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

देश में शुक्रवार को कोरोना वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड बन गया है। सरकार के मुताबिक, भारत में 27 अगस्त एक करोड़ से ज्यादा लोगों को टीके लगाए गए हैं। 16 जनवरी को वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरुआत के बाद सबसे ज्यादा लोगों का टीकाकरण है। इसके साथ ही देश में वैक्सीनेशन कवरेज 62 करोड़ को पार कर गया है। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, सबसे ज्यादा 28.62 लाख टीके लगाकर यूपी पहले नंबर पर रहा। इसके बाद कर्नाटक में 10.79 लाख और महाराष्ट्र में 9.84 लाख डोज लगाए गए।

स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। Cowin पोर्टल के मुताबिक, 16 अगस्त को 92 लाख डोज लगे थे। वहीं, 25 अगस्त को 84 लाख लोगों का टीका लगाया गया था। जबकि, 26 अगस्त को देश में 24 घंटे में 79.48 टीके लगाए गए थे। इससे ये आंकड़ा 61.22 करोड़ के पार पहुंच गया था।

इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज रिकॉर्ड वैक्सीनेशन हुआ है। एक करोड़ की संख्या को पार करना एक अहम उपलब्धि है। टीका लगवाने वालों और इस अभियान को सफल बनाने वालों को बधाई।

प्रधानमंत्री मोदी ने वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बनने पर बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बनने पर बधाई दी।

वहीं वैक्सीनेशन पर बने टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप NTAGI के चीफ डॉ. एनके अरोड़ा ने कहा कि 63,000 वैक्सीनेशन सेंटर के साथ हम कोरोना वैक्सीन के 1 करोड़ से ज्यादा डोज देने में सक्षम हैं। हम एक ही दिन में स्विट्जरलैंड और स्कैंडिनेवियाई देशों (उत्तरी यूरोप के आने वाले देश) का वैक्सीनेशन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस मुकाम को हासिल करने के लिए प्राइवेट सेक्टर सहित देश भर के सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स, वैक्सीनेटर, नर्स, डॉक्टर और हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स को बधाई। यह देश के हेल्थ सिस्टम के लिए गर्व की बात है। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि मुझे यकीन है आने वाले दिनों और हफ्तों में, हम और भी ऊंचे मुकाम हासिल करेंगे।

अमेरिका की आबादी के डेढ़ गुना लोगों को पहला डोज
16 जनवरी को शुरू हुए वैक्सीनेशन को अब 224 दिन हो चुके हैं। इस दौरान 62 करोड़ से ज्यादा डोज लगे। यानी भारत अमेरिका की कुल आबादी से डेढ़ गुना लोगों को वैक्सीन लगा चुका है। एवरेज देखा जाए तो हर दिन करीब 27.67 लाख लोगों को टीका लगा है। इनमें करीब 48 करोड़ को पहला और 14 करोड़ को दोनों डोज लगे हैं।

देश में लगातार तीसरे दिन 40 हजार से ज्यादा केस आए
तीसरी लहर की आंशका के बीच चिंता की बात है कि देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में 46,761 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। यह लगातार तीसरा दिन है, जब 40 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। 22 अगस्त को सिर्फ 25 हजार केस मिले थे।

शुक्रवार को 31,204 मरीज ठीक हुए और 512 लोगों की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 15,031 का उछाल आया है। अब 3.53 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में बुधवार को 46,280 और गुरुवार को 44,550 केस आए थे।

केरल ने बढ़ाई चिंता देश में सबसे ज्यादा केस केरल में आ रहे हैं। यहां बीते तीन दिन से 30 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। शुक्रवार को भी इस राज्य में 32,801 केस मिले। गुरुवार को यह संख्या 30,077 और बुधवार को 31,445 थी।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में...
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए:
46,761
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 31,204
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 512
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.26 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.18 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.37 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.53 लाख

प्रमुख राज्यों का हाल:
1. केरल

यहां गुरुवार को 30,077 लोग संक्रमित पाए गए। 18,997 लोग ठीक हुए और 162 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 39.13 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 37.11 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,134 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.81 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

2. महाराष्ट्र
यहां गुरुवार को 5,108 लोग संक्रमित पाए गए। 4,736 लोग ठीक हुए और 159 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 64.42 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 62.52 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.36 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 50,393 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
दिल्ली में गुरुवार को 45 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 21 लोग ठीक हुए और एक व्यक्ति की मौत हुई। अब तक 14.37 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.12 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25,080 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 413 मरीजों का इलाज चल रहा है।

4. उत्तर प्रदेश
यहां गुरुवार को 10 लोग संक्रमित पाए गए। 14 लोग ठीक हुए। अब तक राज्य में 17.09 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.86 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,794 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 342 मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में गुरुवार को 16 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए और 18 लोग ठीक हुए। यहां अब तक करीब 8.25 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.15 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,080 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 157 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

6. राजस्थान
यहां गुरुवार को 3 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए और 17 लोग ठीक हुए। अब तक राज्य में 9.54 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.44 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,954 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 107 मरीजों का इलाज चल रहा है।

7. मध्यप्रदेश
प्रदेश में गुरुवार को 6 नए मामले सामने आए और 9 ने बीमारी को मात दी। अब तक राज्य में 7.92 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.81 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,516 लोगों की मौत हो गई। 76 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।