• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; ISRO Satellite Launch | Gujarat Jaipur Delhi Mumbai Indore News

भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में लश्कर के दो सहयोगी गिरफ्तार, दो चीनी ग्रेनेड बरामद

2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा पुलिस ने शनिवार को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो जिंदा चीनी ग्रेनेड समेत कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने 14RR और CRPF की मदद से इन आतंकियों को गिरफ्तार किया है।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

कर्नाटक के दावणगेरे में PM की सुरक्षा में चूक, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक दावणगेरे में भाजपा के विजय संकल्प यात्रा के समापन समारोह में रोड शो किया। इस दौरान एक शख्स PM का सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए काफिले के नजदीक पहुंच गया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। पूरी खबर पढ़ें...

संजय राउत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव राज्यसभा भेजा गया, विधानमंडल को बताया था चोर मंडली

राज्यसभा सांसद संजय राउत के 'चोर मंडली' वाले बयान पर उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राउत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव राज्यसभा में भेजा जा रहा है। यह जानकारी विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने दी है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा ने पहली नजर में राउत को विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव का दोषी पाया है। विधिमंडल में चोरों का गिरोह है, उनकी ऐसी टिप्पणी के बाद ही राउत के खिलाफ प्रस्ताव रखा गया था।

म्यांमार के नैप्यीडॉ में 4.0 तीव्रता का भूकंप

म्यांमार के नैप्यीडॉ में शनिवार शाम 4.0 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र राजधानी बर्मा से 106 किमी दूर उत्तर में था। जमीन से इसकी गहराई 10 किमी थी। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

गुजरात में DGFT के अधिकारी ने आत्महत्या की, पांच लाख की रिश्वत मामले में CBI ने गिरफ्तार किया था

गुजरात के राजकोट में विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) के एक सीनियर अधिकारी ने रिश्वत के आरोप में गिरफ्तारी के बाद आत्महत्या कर ली। मरने वाले अधिकारी का नाम जवरी मल बिश्नोई है। उन्होंने राजकोट के अपने कार्यालय की चौथी मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। उन्हें 5 लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में CBI ने गिरफ्तार किया था।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान-शाही ईदगाह मामले में सुनवाई, कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किए जाने की मांग निरस्त

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद मामले में एडीजे 6th की कोर्ट में शनिवार को सुनवाई हुई। अदालत ने कोर्ट कमिश्नर को नियुक्त करने से इनकार कर दिया। वहीं, शाही ईदगाह परिसर के सर्वे मामले की सुनवाई लोअर कोर्ट में चलती रहेगी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने कोर्ट कमिश्नर नियुक्ति की मांग को लेकर वाद दाखिल किया था। पूरी खबर पढ़ें...

जम्मू-कश्मीर की स्क्रैप फैक्ट्री में विस्फोट; एक की मौत, 6 लोग घायल

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में एक स्क्रैप फैक्ट्री में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन 6 घायल हुए है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक की पहचान राजौरी के रहने वाले मोहन लाल के रूप में हुई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मैनेजमेंट में किए बड़े बदलाव: वेंकटचारी श्रीकांत को नया CFO बनाया

मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने शुक्रवार (24 मार्च) को वेंकटचारी श्रीकांत को अपना नया चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) बनाया है। वेंकटचारी श्रीकांत 1 जून 2023 से CFO पद की कमान संभालेंगे। बीते 30 सालों से कंपनी में काम कर रहे 65 साल के आलोक अग्रवाल की जगह श्रीकांत को यह पद सौंपा गया है।

आलोक अग्रवाल ने 1993 में रिलांयस जॉइन की थी। उन्हें 2005 में CFO बनाया गया था। अब आलोक अग्रवाल को रिलायंस के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी के सीनियर एडवाइजर की कमान सौंपी गई है।

पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,590 नए मरीज सामने आए, ये 146 दिनों में सबसे ज्यादा; 6 मौतें भी हुईं

देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,590 मरीज सामने आए। ये संख्या पिछले 146 दिनों में सबसे ज्यादा है। देश में एक्टिव मामले बढ़कर 8,601 हो गए हैं।

शुक्रवार को कोरोना से 6 मौतें भी हुईं। इनमें से 3 महाराष्ट्र और 1-1 मौत कर्नाटक, राजस्थान और उत्तराखंड में हुई। डेली पॉजीटिविटी रेट 1.33% और वीकली पॉजीटिविटी रेट 1.23% रही।

मनी लॉन्ड्रिंग केस में मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई 5 अप्रैल तक टली

दिल्ली की एक कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई 5 अप्रैल तक के लिए टाल दी है। दिल्ली शराब नीति मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में ED ने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है।

ISRO कल 36 सैटेलाइट लॉन्च करेगा; मिशन में अमेरिका, जापान समेत 6 कंपनियों की हिस्सेदारी

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) रविवार यानी 26 मार्च को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्रीहरिकोटा के स्पेसपोर्ट से एलवीएम-एम3/वनवेब इंडिया-2 मिशन लांच करेगा। ISRO का 43.5 मीटर लंबा एलवीएम3, रविवार सुबह 9.00 बजे 643 टन वजन के साथ दूसरे लॉन्च पैड से उड़ान भरेगा, जिसमें ब्रिटेन की कंपनी वनवेब के 36 सैटेलाइट शामिल हैं। यह लॉन्च पैड चंद्रयान-2 मिशन सहित अब तक पांच सफल लॉन्चिंग कर चुका है। 36 सैटेलाइट का कुल वजन लगभग 5,805 किलोग्राम है।

नेटवर्क एक्सिस एसोसिएटेड लिमिटेड यानी वनवेब (OneWeb) यूके आधारित एक संचार कंपनी है। इसमें ब्रिटिश सरकार, भारत की भारती इंटरप्राइजेज, फ्रांस की यूटेलसैट, जापान के सॉफ्टबैंक, अमेरिका के ह्यूज्स नेटवर्क्स और दक्षिण कोरियाई डिफेंस कंपनी हनव्हा हिस्सेदार हैं।

गृह मंत्रालय ने नगालैंड के 8 जिलों और 5 अन्य जिलों के 21 पुलिस स्टेशन इलाकों में बढ़ाया AFSPA

केंद्र सरकार नगालैंड के 8 जिलों और 5 अन्य जिलों के तहत 21 पुलिस स्टेशनों के इलाकों को आर्म्ड फोर्सेज स्पेशल पावर्स एक्ट, 1958 के दायरे में ले आई है। केंद्र ने इन सभी इलाकों को 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक 6 महीने के डिस्टर्ब्ड एरिया यानी अशांत इलाका घोषित किया है। AFSPA लगाए गए 8 जिलों में दीमापुर, नियुलैंड, चुमोओकेदिमा, मोन, किफेरे, नोकलाक, फेक और फेरेने जिले शामिल हैं।

कर्नाटक में कांग्रेस के 124 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी, सिद्धारमैया वरुणा से चुनाव लड़ेंगे

कर्नाटक कांग्रेस ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पूर्व सीएम सिद्धारमैया वरुणा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार कनकपुरा से मैदान में होंगे।

कुछ दिन पहले शिवकुमार ने कहा कि था कि उनकी पार्टी कर्नाटक में अकेले चुनाव लड़ेगी। कर्नाटक में कुल 224 सीटें हैं। पिछले चुनाव यानी 2018 में भाजपा को 114, कांग्रेस को 80 और जेडीएस को 37 सीटें मिली थीं। बाकी सीटें अन्य के खाते में गई थीं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

तीसरी बार पिता बने मार्क जुकरबर्ग, फेसबुक पर फोटो शेयर कर दी जानकारी

फेसबुक के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग की पत्नी प्रिसिला चॉन ने बेटी को जन्म दिया है। जुकरबर्ग ने फेसबुक पर इसकी जानकारी दी है। मार्क ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ओरिलिया चॉन जुकरबर्ग, दुनिया में स्वागत है। तुम सच में ईश्वर का नन्हा सा आशीर्वाद हो। मार्क जुकरबर्ग और प्रिसिला का ये तीसरा बच्चा है।

केंद्र सरकार ने उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी शिफ्ट करने को मंजूरी दी

केंद्र सरकार ने उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी शिफ्ट करने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेटर लिखकर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लेटर में लिखा कि राज्य सरकार की ओर से हल्द्वानी में हाईकोर्ट के लिए जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराए जाने के बाद केंद्र सरकार शिफ्ट करने की अधिसूचना की प्रक्रिया शुरू कर देगी।
उज्ज्वला योजना में हर सिलेंडर पर मिलने वाली​​​​ 200 रुपये की सब्सिडी 1 साल के लिए बढ़ी

केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए प्रति सिलिंडर 200 रुपए की सब्सिडी एक साल के लिए बढ़ा दी है। इससे देश के 9.6 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा। वहीं, सरकार ने जूट पर MSP 300 रुपs बढ़ाकर 5,050 रुपs प्रति क्विंटल कर दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस बारे में जानकारी दी है।

गुजरात की सभी जेलों में पुलिस छापेमारी कर रही, अतीक अहमद के बारे में जानकारी जुटाना है मकसद

गुजरात पुलिस शुक्रवार देर रात से राज्य की जेलों में छापेमारी कर रही है। इससे पहले गांधीनगर में गृह राज्य मंत्री की अध्यक्षता में राज्य के DGP समेत उच्चाधिकारियों की दो घंटे की मैराथन बैठक हुई थी, जिसके बाद जेलों के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई का मकसद यूपी के गैंगस्टर अतीक अहमद की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पता लगाना है, जो साबरमती की एक जेल में बंद हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उसने जेल में रहते हुए उमेश पाल की हत्या करवाई थी। पढ़ें पूरी खबर...

केंद्रीय कर्मचारियों को मोदी सरकार का तोहफा, महंगाई भत्ते में 4% की बढ़ोतरी, DA 38% से बढ़कर 42% किया

केंद्र सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 4% बढ़ा दी है। शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया है। इस फैसले के बाद महंगाई भत्ता 38% से बढ़कर 42% हो गया है। बढ़ी हुई दरें जनवरी 2023 से लागू होंगी। इसके साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारियों को एरियर भी मिलेगा। इस ऐलान से सरकार पर हर साल 12,815 करोड़ रुपए का वित्तीय भार पड़ेगा।

इसरो को गगनयान मिशन के लिए क्रू मॉड्यूल संरचना सिम्युलेटेड असैंबली मिली
इसरो को 24 मार्च को गगनयान मिशन में पैराशूट सिस्टम के अनुक्रम और प्रदर्शन को मान्य करने के लिए इंटीग्रेटेड एयर-ड्रॉप टेस्ट के लिए क्रू मॉड्यूल संरचना सिम्युलेटेड असैंबली मिली। इस मॉड्यूल को मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र इसरो ने डिजाइन किया था। इसका हार्डवेयर श्री वेंकटेश्वर एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड ने तैयार किया।

खबरें और भी हैं...