नमस्कार,
आज रविवार है, तारीख 16 जनवरी; पौष मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि।
सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. देश में लगातार चौथे दिन कोरोना के 2 लाख से ज्यादा नए केस
देश में शनिवार को भी 2 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज सामने आए। इन्हें मिलाकर देश में कुल एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 15 लाख से ज्यादा हो गई है। देश में इस समय कुल 15.33 लाख एक्टिव केस हैं। इस बीच अच्छी खबर ये है कि मुंबई के बाद अब दिल्ली में भी लगातार दूसरे दिन नए केस घटे हैं।
पढ़िए पूरी खबर...
2. पांच राज्यों में चुनावी रैलियों पर प्रतिबंध 22 जनवरी तक बढ़ा
उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रचार में ढील दी जाए या नहीं, इस पर चुनाव आयोग की समीक्षा का नतीजा आ गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर शनिवार को आयोग ने चुनावी रैलियों पर रोक 22 जनवरी तक जारी रखने का फैसला लिया है। हालांकि राजनीतिक दल इनडोर हॉल की कुल क्षमता के 50% लोगों के साथ मीटिंग कर सकेंगे।
पढ़िए पूरी खबर...
3. अफ्रीका में शर्मनाक हार के बाद कोहली का टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा
साउथ अफ्रीका से टेस्ट सीरीज में शर्मनाक हार के बाद विराट कोहली ने टेस्ट टीम की कप्तानी भी छोड़ दी है। विराट कोहली ने शनिवार शाम को इसकी सूचना दी। विराट ने कहा कि मैं हमेशा हर चीज में 120% योगदान देना चाहता हूं, अगर मैं ऐसा नहीं कर पाता हूं तो यह गलत होगा। मैं अपनी टीम के साथ बेइमानी नहीं कर सकता हूं।
पढ़िए पूरी खबर...
4. देश में तीसरी लहर 20 दिन से जारी, फिर भी लॉकडाउन नहीं
भारत में तीसरी लहर के दौरान 27 दिसंबर को कोरोना के 6,780 नए मामले सामने आए थे, वहीं सिर्फ 20 दिन बाद यह आंकड़ा 2.68 लाख पर पहुंच गया। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कई राज्यों में कर्फ्यू, वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो गई है। ऐसे में सवाल है कि क्या दूसरी लहर की तरह इस बार भी लॉकडाउन लगेगा? बीमारी के ताजा हालात देखकर लगता है कि शायद इस बार लॉकडाउन की जरूरत न पड़े।
पढ़िए पूरी खबर...
5. UP में भाजपा के 107 कैंडिडेट की सूची, योगी गोरखपुर से मैदान में
भाजपा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 107 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इनमें 44 पर OBC, 19 पर SC और 10 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सूची में 21 नए चेहरे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से उम्मीदवार होंगे। वहीं, डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से चुनाव लड़ेंगे।
पढ़िए पूरी खबर...
6. गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत नेताजी के जन्मदिन 23 जनवरी से
केंद्र सरकार ने शनिवार को एक बड़ा फैसला किया। अब गणतंत्र दिवस समारोह 24 जनवरी की जगह 23 जनवरी से शुरू किया जाएगा। यह फैसला नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन को गणतंत्र दिवस में समारोह में शामिल करने के उद्देश्य से किया गया है। नेताजी का जन्म 23 जनवरी 1897 को हुआ था।
पढ़िए पूरी खबर...
7. पंजाब कांग्रेस में सिद्धू हावी, CM चन्नी के भाई का टिकट काटा
कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 86 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 4 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। टिकट बंटवारे में जहां सिद्धू का दबदबा दिखा है, वहीं मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कमजोर दिखाई दिए। CM अपने भाई तक के लिए टिकट नहीं जुटा सके हैं।
पढ़िए पूरी खबर...
8. मारुति ने कारों की कीमत बढ़ाई, स्विफ्ट-बलेनो महंगी हुईं
मारुति सुजुकी ने नए साल में अपने मॉडल्स की कीमतों में 4.3% तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें शनिवार से ही लागू हो गईं। कंपनी ने कहा है कि कमोडिटी प्राइस और प्रोडक्शन कॉस्ट बढ़ने से व्हीकल की कीमत बढ़ाई जा रही हैं। सभी मॉडलों की एक्स शोरुम कीमतों में औसतन 1.7% की बढ़ोतरी हुई है।
पढ़िए पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में
आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
भारतीय मूल की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला ने आज ही के दिन अंतरिक्ष के लिए आखिरी बार उड़ान भरी थी। 16 जनवरी 2003 को कल्पना ने नासा के कोलंबिया स्पेस शटल से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थीं, लेकिन धरती पर लौटते समय 1 फरवरी 2003 को स्पेस यान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। दुर्घटना में कल्पना समेत सातों अंतरिक्ष यात्रियों की मौत हो गई थी। कल्पना का जन्म 1 जुलाई 1962 को हरियाणा के करनाल में हुआ था। (पढ़ें आज घटीं अन्य घटनाएं)
और अब संडे विचार
अपने पुराने विचारों को बाहर निकालिए, ये आपको आगे नहीं बढ़ने देंगे और आप वहीं रह जाएंगे जहां पहले खड़े थे।
- एंथोनी रॉबिन्स, अमेरिकन बेस्ट सेलर ऑथर
आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.