नमस्कार,
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट ने लोकसभा सांसद बनने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने हिमाचल की मंडी सीट को पहली पसंद बताया। साथ ही कहा कि अगर हिमाचल के लोग और भाजपा चाहे तो जनसेवा के लिए वो अगला लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। कंगना ने ये बातें एक मीडिया ग्रुप के इवेंट में कही।
कंगना के चुनाव लड़ने के सवाल पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि अगर वे पार्टी में शामिल होना चाहती हैं, तो उनका स्वागत है। उनकी जिम्मेदारी पार्टी तय करेगी। उधर, वंदेभारत एक्सप्रेस शनिवार को गुजरात के अतुल रेलवे स्टेशन के पास बैल से टकरा गई, जिसके बाद इंजन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा।
अब बात टी-20 वर्ल्ड कप की...। आज टीम इंडिया तीसरा मैच खेलने उतरेगी। पर्थ में होने वाले मुकाबले में भारत का सामना साउथ अफ्रीका से होगा। वहीं, पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच भी आज मैच होना है। न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। पहला शतक साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज राइली रूसो ने बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. अगले हफ्ते से 10 राज्यों में कड़ाके की सर्दी, दिन-रात के तापमान में 17 डिग्री के अंतर के आसार
नवंबर में मौसम का रुख पलटने वाला है। देश में एक साथ एक्टिव हुए दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 10 राज्यों में ठिठुरन भरी सर्दी लाएंगे। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में तापमान 6 से 7 नवंबर के बीच तेजी से गिरेगा। दिन और रात के तापमान में 11 से 17 डिग्री का अंतर आने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय उत्तर और पश्चिम से लेकर मध्य भारत तक ड्राइ नॉर्थ-वेस्ट हवाएं चल रही हैं। उत्तर के पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद ये हवाएं बर्फीले इलाकों से गुजरती हुई मध्य भारत तक ठंडक लेकर पहुंचेंगी।
पढें पूरी खबर...
2. ED पर 1 लाख का जुर्माना, एजेंसी ने कैंसर पीड़ित आरोपी की जमानत रद्द करने की मांग की थी
सुप्रीम कोर्ट ने एक कैंसर पीड़ित आरोपी की जमानत रद्द करने की मांग पर ED को फटकार लगाई। साथ ही याचिका दायर करने वाले अधिकारी को वेतन से 1 लाख रुपए जुर्माना भरने का आदेश दिया। कैंसर पीड़ित आरोपी एक प्राइवेट बैंक का कर्मचारी है। उस पर 24 करोड़ रुपयों की धोखाधड़ी का आरोप है। इसी मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। आरोपी को 12 नवंबर को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जमानत दी थी। ED ने हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी।
पढें पूरी खबर...
3. शक्कर के एक्सपोर्ट पर अक्टूबर 2023 तक रोक, गेहूं के निर्यात पर भी लगा है बैन
केंद्र सरकार ने शक्कर के एक्सपोर्ट पर लगे बैन को अक्टूबर 2023 तक बढ़ा दिया है। घरेलू बाजार में इसकी बढ़ती कीमत को देखते हुए 1 जून 2022 से 31 अक्टूबर 2022 तक चीनी एक्सपोर्ट पर प्रतिबंध लगाया गया था। कीमतों में यह बढ़ोतरी शक्कर के रिकार्ड एक्सपोर्ट के बाद हुई थी। पिछले साल 60 LMT (लाख मीट्रिक टन) तक चीनी निर्यात का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन 70 LMT चीनी एक्सपोर्ट हुई। इस साल भी 82 LMT चीनी एक्सपोर्ट की गई। उधर, मई में गेहूं के निर्यात पर भी बैन लगाया जा चुका है।
पढें पूरी खबर...
4. ड्रोन से आतंकी हमले का खतरा, UNSC में जयशंकर बोले- आतंकियों ने इंटरनेट को हथियार बनाया
दिल्ली में शनिवार को UNSC की काउंटर टेररिज्म कमेटी की मीटिंग हुई। मीटिंग में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई तकनीक के जरिए आतंकी हमलों को अंजाम दिए जाने पर चिंता जताई। जयशंकर ने कहा कि कम लागत और आसानी से मिलने की वजह से दुनियाभर में ड्रोन हमलों का खतरा बढ़ गया है। टेक्नोलॉजी की आसानी से उपलब्धता ने आतंकियों की क्षमताएं बढ़ा दी हैं। विदेश मंत्री ने कहा- आतंकवादी समूह इंटरनेट का इस्तेमाल समाज को अस्थिर करने के लिए कर रहे हैं।
पढें पूरी खबर...
5. तीसरी बार हादसे का शिकार हुई वंदे भारत, बैल से टकराने के बाद इंजन का अगला हिस्सा टूटा
देश की सबसे तेज ट्रेन वंदेभारत शनिवार को हादसे का शिकार हो गई। हादसा गुजरात के अतुल रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जब मुंबई से गांधीनगर जा रही ट्रेन के सामने एक बैल आ गया। टक्कर से इंजन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा। अक्टूबर महीने में वंदेभारत अब तक तीन बार मवेशियों से टकराई है। देश की पहली हाई स्पीड ट्रेन वंदेभारत एक्सप्रेस अभी तीन रूट पर चल रही है। दिल्ली से वाराणसी, दिल्ली से कटरा और अभी 30 सितंबर को ही गुजरात के गांधी नगर से मुंबई के लिए इसकी शुरुआत हुई है।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ की खबरों का वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर दिए फोटो पर क्लिक करें।
आज का कार्टून...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
खबर लेकिन कुछ हटके…
7 महीने से बेहोश महिला ने बिटिया को जन्म दिया, आंखें खुलीं, लेकिन बोलती-समझती नहीं
UP के बुलंदशहर की रहने वाली शाफिया 31 मार्च को पति हैदर के साथ बाइक से जा रही थीं। अचानक उनका दुपट्टा बाइक में फंसा और वो गिर गईं। उनके सिर में गहरी चोट आई। हैदर शाफिया को पास के हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया। महिला को तुरंत एडमिट कर सर्जरी की गई। प्रेग्नेंसी टेस्ट कराया तो वह 40 दिन की प्रेग्नेंट थी। डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि बच्चा सुरक्षित है। 20 अक्टूबर को शाफिया ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। वह आंखें तो खोल पाती हैं, लेकिन बोलती-समझती कुछ नहीं। पढ़े पूरी खबर...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
फोटो जो खुद में खबर है…
यह तस्वीर बीकानेर के लालगढ़ रेलवे स्टेशन की है। यहां शनिवार को रेलवे और नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम ने मॉकड्रिल में हिस्सा लिया। रेल हादसे के दौरान लोगों को बचाने और सुरक्षित निकालने का सीन क्रिएट किया गया। मॉकड्रिल के जरिए सिस्टम कितना अलर्ट है, इसकी जांच की गई। ड्रिल की जानकारी देते हुए अजमेर के NDRF प्रभारी ने बताया कि अगर एक बोगी के ऊपर दूसरी बोगी चढ़ जाने की स्थिति में छत काटकर लोगों को कैसे निकाला जाए, उन्हें तत्काल मेडिकल सहायता कैसे दी जाए और जल्द से जल्द अस्पताल कैसे पहुंचाया जाए, इसको लेकर अभ्यास किया गया।
आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
रूस ने किया था सबसे खतरनाक एटम बम का टेस्ट, इसे बनाने वाले को मिला शांति का नोबेल
आज ही के दिन 1961 में रूस ने सबसे खतरनाक 'जार एटम बम' का परीक्षण किया था। इस बम के लिए खास लड़ाकू जहाज बनाया गया। हथियार और मिसाइलें लड़ाकू जहाजों में रखे जाते हैं, लेकिन जार बम इतना बड़ा था कि उसे विमान से पैराशूट के जरिए लटकाकर रखा गया था। 27 टन वजनी ये बम हिरोशिमा पर गिरे बम से 3800 गुना ज्यादा ताकतवर था। टेस्ट साइट के 100 किमी दूर घरों के शीशे टूट गए।
इस विस्फोट का असर ये हुआ कि दुनिया के तमाम देश खुले में एटमी टेस्ट न करने पर राजी हो गए। 1963 में ऐसे एटमी परीक्षणों पर रोक लगा दी गई। इस बम को बनाने वाले आंद्रेई सखारोव को भी लगा कि ऐसा बम दुनिया में तबाही मचा सकता है। वे बाद में एटमी हथियारों के खिलाफ अभियान के नेता बन गए। बाद में सखारोव को अपने योगदान के लिए 1975 में शांति का नोबेल पुरस्कार मिला।
तुला राशि के नौकरीपेशा लोगों की तरक्की के योग हैं। आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.