नमस्कार,
बीते 6 दिन से फरार चल रहे ‘वारिस पंजाब दे’ के मुखिया अमृतपाल सिंह की आखिरी लोकेशन हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मिली है। पंजाब पुलिस के IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में वह एक महिला के घर रुका था, बलजीत कौर नाम की इस महिला को हिरासत में लिया गया है। अमृतपाल 19 मार्च की रात शाहबाद आया था और दोपहर को अपने सहयोगी पपलप्रीत के साथ निकल गया।
अमृतपाल जब से फरार हुआ है, उसने न केवल हुलिया बदला है, बल्कि वाहन भी बदल रहा है। पंजाब से कुरुक्षेत्र वह स्कूटी पर पहुंचा। पंजाब पुलिस के मुताबिक, अमृतपाल ने अपने गांव जल्लूपुर खेड़ा में हथियार चलाने की ट्रेनिंग देने के लिए एक फायरिंग रेंज बनाई थी। यहां हथियारों को खोलने-जोड़ने की ट्रेनिंग दी जा रही थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी में देश के पहले अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे का शिलान्यास करेंगे। 3.8 किलोमीटर लंबाई वाला यह रोपवे 2 साल में बनकर तैयार हो जाएगा। जिसकी लागत 644 करोड़ रुपए है। आमतौर पर रोप-वे का इस्तेमाल हिल स्टेशन या पहाड़ी इलाकों में होता है, लेकिन यह पहला रोप-वे होगा जिसे अर्बन ट्रांसपोर्ट के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी..
1. अमृतपाल का गनमैन गोरखा गिरफ्तार, उसके उत्तराखंड या महाराष्ट्र में होने की आशंका
पंजाब पुलिस ने अमृतपाल के गनर तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा को लुधियाना में गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह पंजाब से भाग गया है। पुलिस को उसके उत्तराखंड में होने का शक है। पंजाब से भागकर वह हरियाणा गया था। पुलिस को महाराष्ट्र के नांदेड़ में भी अमृतपाल के छिपे होने के इनपुट मिले हैं। पंजाब पुलिस की टीमें वहां रेड करने के लिए रवाना की गई हैं।
पंजाब के पड़ोसी राज्यों के अलावा उत्तराखंड में भी अमृतपाल के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। पंजाब के पाकिस्तान से सटे बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट फिरोजपुर और तरनतारन में इंटरनेट पर पाबंदी आज दोपहर 12 बजे तक बढ़ा दी गई है। अजनाला, मोगा, संगरूर और मोहाली से इंटरनेट की पाबंदी हटा दी गई है। अमृतपाल के करीबी लवप्रीत सिंह उर्फ तूफान सिंह को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
पढ़ें पूरी खबर...
2. केजरीवाल बोले- PM पढ़े-लिखे होते तो नोटबंदी नहीं होती, उन्हें शिक्षा की कीमत पता नहीं
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर से 'मोदी हटाओ, देश बचाओ' कैंपेन लॉन्च किया। CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे होते तो नोटबंदी नहीं होती। उन्हें नींद नहीं आती, इसलिए गुस्से में रहते हैं। PM को बोलो ठीक से सोया करें। सारे दिन चिड़चिड़े रहते है। PM ने 60 हजार सरकारी स्कूल बंद किए। अगर वे पढ़े लिखे होते तो शिक्षा की कीमत पता चलती।
उधर, PM मोदी के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने के दो दिन बाद दिल्ली में जगह-जगह दीवारों पर केजरीवाल के खिलाफ पोस्टर लगाए गए। इन पर 'केजरीवाल हटाओ, दिल्ली बचाओ' के नारे लिखे थे। पोस्टर्स पर केजरीवाल ने कहा है कि मुझे इनसे कोई परेशानी नहीं है। किसी को गिरफ्तार न किया जाए। AAP ने 30 मार्च को देशभर में ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाने की बात कही है।
पढ़ें पूरी खबर..
3. मानहानि केस में राहुल गांधी को 2 साल की सजा, अब लोकसभा सदस्यता रद्द होने खतरा
मानहानि केस में राहुल गांधी को दोषी मानते हुए सूरत कोर्ट ने 2 साल की सजा सुनाई है। हालांकि, कुछ देर बाद अदालत ने उन्हें जमानत भी दे दी। सुनवाई के दौरान राहुल कोर्ट में मौजूद रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कर्नाटक में एक रैली के दौरान राहुल ने कहा था- सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है, चाहे वह ललित मोदी हो या नीरव मोदी हो चाहे नरेंद्र मोदी।
राहुल के वकील ने फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की बात कही है। हायर कोर्ट में अपील करने के लिए राहुल के पास 30 दिन का वक्त है। रिप्रेजेंटेशन ऑफ द पीपल एक्ट(1951) के मुताबिक, 2 साल की सजा होने के बाद राहुल गांधी की सदस्यता जा सकती है। बशर्ते ये सजा सुप्रीम कोर्ट से भी बरकरार रहे। अगर सजा पर रोक के साथ ही दोषसिद्धि पर भी रोक लगेगी, तब राहुल की संसद सदस्यता बच सकती है।
पढ़ें पूरी खबर...
4. सिर्फ दो देशों में अर्बन ट्रांसपोर्ट रोप-वे, वाराणसी भारत का पहला शहर, इसमें कुल 150 केबल कार होंगी
PM मोदी आज वाराणसी में 18 अरब के 28 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। अर्बन ट्रांसपोर्ट रोप-वे का निर्माण स्विट्जरलैंड की कंपनी बर्थोलेट और नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड (NHLPL) मिलकर करेंगी। NHLPL के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि भारत तीसरा देश और वाराणसी भारत का पहला शहर होगा, जहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए रोप-वे का इस्तेमाल किया जाएगा।
अभी बोलीविया के लापाज और मेक्सिको में अर्बन ट्रांसपोर्ट के लिए रोप-वे का इस्तेमाल किया जा रहा है। रोप-वे में कुल 150 केबल कार या ट्रॉलियां होंगी। जो सड़क से 164 फीट ऊंचाई पर दौड़ेंगी। हर डेढ़ से दो मिनट पर यात्रियों के लिए ट्रॉली उपलब्ध रहेगी। एक ट्रॉली पर 10 पैसेंजर सवार होंगे। एक दिशा में एक घंटे में 3,000 लोग यात्रा कर सकेंगे। यानी 6,000 लोग दोनों दिशा से एक घंटे में आ-जा सकेंगे।
पढ़ें पूरी खबर...
5. इजराइली PM को अदालत भी नहीं हटा सकेगी, नेतन्याहू के खिलाफ करप्शन केस में फैसले नया कानून
इजराइली संसद ने एक नया बिल पास किया। इसके तहत अब सुप्रीम कोर्ट भी प्रधानमंत्री को पद से नहीं हटा सकती। फिजिकली या मेंटली अनफिट होने पर सिर्फ सरकार ही उन्हें अयोग्य घोषित कर सकती है। इसके लिए भी तीन-चौथाई सांसदों का समर्थन जरूरी होगा। इजराइल की संसद में लंबी बहस के बाद ये बिल 61-47 वोटों के अंतर से पारित हुआ। नेतन्याहू को ऊपर करप्शन के 3 केस चल रहे हैं।
इनमें रिश्वत लेने, अपने खास लोगों से महंगे तोहफे लेने और मीडिया कंपनियों से सरकार के पक्ष में खबरें दिखाने की डील करने के आरोप हैं। इन मामलों में अदालत का फैसला आना बाकी है। विपक्षी पार्टियों ने नए कानून का विरोध किया है। नेतन्याहू सरकार के ज्यूडीशियल रिफॉर्म बिल के खिलाफ इजराइल में प्रदर्शन जारी है। बिल के तहत संसद को SC के फैसलों को पलटने का अधिकार मिल जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में...
खबर लेकिन हटके...
गोलकीपर ने 101 मीटर दूर से गोल दागा, सबसे लंबी दूरी के गोल का रिकॉर्ड बन सकता है
लैटिन अमेरिकी देश चिली में टॉप डिवीजन फुटबॉल लीग के दौरान हैरतअंगेज गोल देखने को मिला। केब्रेसल टीम के अर्जेंटीना के गोलकीपर लिएंड्रो रिकेना ने अपने बॉक्स से ही बिना किसी मदद के दूसरे छोर पर बॉल पहुंचा दी और गोल दाग दिया। दूसरे शब्दों में कहें तो एक किक में बिना किसी को पास किए गोलकीपर ने गोल स्कोर किया।
चिली के स्पोर्ट्स चैनल TNT स्पोर्ट्स के मुताबिक, गोल ने 101 मीटर की दूरी तय की। अगर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इसे वेरिफाई करता है तो यह गोल फुटबॉल इतिहास में सबसे लंबी दूरी के गोल के रिकॉर्ड को तोड़ देगा। केब्रेसल ने कोलो-कोलो को 3-1 से हराया। चिली फुटबॉल फेडरेशन मैदान की लंबाई देखने के लिए ऑफिशियल्स को भेजेगा। पूरा फुटबॉल ग्राउंड 150 मीटर लंबा है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...
वृष राशि वालों की आर्थिक स्थिति बेहतर रहेगी। मिथुन राशि वालों के लिए दिन अच्छा है। आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.