नमस्कार,
योग गुरु बाबा रामदेव ने तंगहाल पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया। रामदेव ने हरिद्वार में दावा किया कि पाकिस्तान के 4 टुकड़े होंगे। उन्होंने कहा- बलूचिस्तान, PoK, पंजाब, सिंध अब एक अलग राष्ट्र बनने वाले हैं। पाकिस्तान एक छोटा सा देश रह जाएगा और जल्दी ही PoK का भी भारत में विलय होगा।
रामदेव ने कहा- आने वाले समय में भारत एक महाशक्ति के रूप में उभरेगा। वहां के 3 हिस्से ( पंजाब, सिंध और बलूचिस्तान) भारत में मिल जाएंगे और एक अखंड भारत का सपना भी जल्दी साकार होगा। चीन और पाकिस्तान की तरफ से नापाक हरकतें हो रही हैं। तालिबानियों से भी अब अफगानिस्तान संभलने वाला नहीं है।
उधर, शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर पठान ने पहले दिन दुनियाभर में 100 करोड़ की कमाई की। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 55 करोड़ की बंपर ओपनिंग की। पठान बॉलीवुड के इतिहास में फर्स्ट डे पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इससे पहले ऋतिक रोशन की फिल्म 'वॉर' ने 51.6 करोड़ का फर्स्ट डे कलेक्शन किया था। पठान फिल्म 250 करोड़ के बजट में बनी है।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...
1. बाबा रामदेव बोले- सनातन धर्म को नीचा दिखाने के लिए देश में धार्मिक आतंकवाद चल रहा
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि पाकिस्तान के 4 टुकड़े होंगे। आने वाले समय में भारत एक महाशक्ति के रूप में उभरेगा। आजकल सनातन धर्म पर लगातार हमला हो रहा है। रामायण, भगवत गीता, वेद और उपनिषद को कलंकित करने की कोशिश की जा रही है। यह सब अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र के तहत किया जा रहा है। सनातन के खिलाफ चल रहे प्रोपेगैंडा को हम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सनातन धर्म को नीचा दिखाने के लिए देश में धार्मिक आतंकवाद चल रहा है। कभी सनातन धर्म, तो कभी हमारे महापुरुषों के चरित्र पर तरह-तरह के लांछन लगाए जा रहे हैं। जो ऐसा कर रहे हैं, वे राष्ट्र विरोधी हैं। यह सब कुछ विदेशी ताकतों के इशारे पर किया जा रहा है।
पढ़े पूरी खबर...
2. तेलंगाना में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में नहीं पहुंचे CM, हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं हुआ पब्लिक प्रोग्राम
तेलंगाना में इस बार भी गणतंत्र दिवस पर सार्वजनिक समारोह नहीं हुआ। तेलंगाना हाईकोर्ट ने एक दिन पहले ही निर्देश दिया था कि पूरी तैयारी के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाए, इसके बावजूद कार्यक्रम नहीं हुआ। राजभवन में राज्यपाल मिलसाई सुंदराजन ने ध्वजारोहण किया, लेकिन यहां CM के. चंद्रशेखर राव मौजूद नहीं थे। एक शिलान्यास कार्यक्रम में चले गए।
इस पर राज्यपाल सुंदराजन ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के इतिहास में लिखा जाएगा कि CM ने संविधान का सम्मान नहीं किया। तेलंगाना सरकार ने कोविड प्रोटोकॉल का हवाला देकर इस बार भी समारोह राजभवन में ही कराने की सूचना दी, जबकि केंद्र सरकार और तेलंगाना हाईकोर्ट ने इसे सार्वजनिक तौर पर आयोजित करने का निर्देश दिया था।
पढ़े पूरी खबर...
3. दुनिया की पहली कोविड नेजल वैक्सीन लॉन्च, सरकारी अस्पताल में 325 और निजी में 800 रुपए देने होंगे
हेल्थ मिनिस्टर मनसुख मांडविया और साइंस-टेक्नोलॉजी मिनिस्टर जितेंद्र सिंह ने दुनिया की पहली इंट्रानेजल कोविड-19 वैक्सीन iNCOVACC को लॉन्च किया। इस वैक्सीन को हैदराबाद की भारत बायोटेक ने वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन (WUSM) के साथ मिलकर तैयार किया है।
नाक से ली जाने वाली इस वैक्सीन को बूस्टर डोज के तौर पर लिया जा सकेगा। हालांकि, इसे प्राइमरी वैक्सीन के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। वैक्सीन के लिए सरकारी अस्पतालों में 325 रुपए, जबकि प्राइवेट अस्पताल में 800 रुपए चुकाने होंगे। इस वैक्सीन को इंजेक्शन से नहीं दिया जाता, इसलिए इन्फेक्शन का खतरा नहीं है। इसे देने वाले हेल्थकेयर वर्कर्स को भी खास ट्रेनिंग की जरूरत नहीं है।
पढ़े पूरी खबर...
4. पठान ने पहले दिन रिकॉर्ड 55 करोड़ की कमाई की, KGF 2 के हिंदी वर्जन को भी छोड़ा पीछे
बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 55 करोड़ की बंपर ओपनिंग करने वाली पठान को देशभर में 5,500 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था, लेकिन फिल्म के क्रेज को देखते हुए 300 स्क्रीन्स और बढ़ा दिए गए। 250 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म को दुनियाभर में 8,000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया।
पठान ने KGF-2 (हिंदी डबिंग) का भी रिकॉर्ड तोड़ा है। KGF-2 (हिंदी डबिंग) ने ओपनिंग डे पर 53.96 करोड़ कमाए थे। पठान ने पहले दिन 100 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया। किसी भी भारतीय फिल्म के पहले दिन की कलेक्शन की बात करें तो 'RRR' ने दुनियाभर में 225.5 करोड़ रुपए कमाए थे। इस लिस्ट में 213 करोड़ के फर्स्ट डे कलेक्शन के साथ बाहुबली-2 दूसरे नंबर पर है।
पढ़े पूरी खबर...
5. BBC डॉक्यूमेंट्री पर अमेरिका ने बदला स्टैंड, कहा- हम प्रेस की स्वतंत्रता का समर्थन करते हैं
PM मोदी पर बनी BBC डॉक्यूमेंट्री को लेकर पूछे गए सवाल पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा था कि दोनों देशों के साझा मूल्य भारत और अमेरिका को संपन्न और जीवंत लोकतंत्र बनाते हैं, लेकिन नेड 48 घंटे बाद ही अपनी बात से पलट गए। उन्होंने कहा कि दुनिया में फ्रीडम ऑफ स्पीच के महत्व को हाइलाइट करने का यह सही समय है और ऐसा भारत में भी लागू होता है।
BBC ने 17 जनवरी को गुजरात दंगों पर बनी डॉक्यूमेंट्री द मोदी क्वेश्चन का पहला एपिसोड यूट्यूब पर रिलीज किया। दूसरा एपिसोड 24 जनवरी को रिलीज होना था। इससे पहले ही केंद्र सरकार ने पहले एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया। भारत सरकार ने डॉक्यूमेंट्री को प्रधानमंत्री मोदी और देश के खिलाफ प्रोपेगैंडा बताया है।
पढ़े पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
खबर लेकिन कुछ हटके…
फुटबॉल इतिहास में पहली बार दिखा व्हाइट कार्ड, पुर्तगाल की विमेंस लीग में हुआ इस्तेमाल
फुटबॉल में यलो और रेड कार्ड के बारे में तो सभी जानते है, लेकिन पुर्तगाल की विमेंस लीग में रेफरी ने वाइट कार्ड दिखाया। यह कार्ड पुर्तगाल के क्लब बेनफिका और स्पोर्टिंग लिस्बन के बीच महिला कप के क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान दिखाया गया। हाफ टाइम के ठीक पहले बेनफिका 3-0 से आगे चल रही थी, उसी समय रेफरी ने व्हाइट कार्ड दिखाने का फैसला किया। कार्ड निकलते ही स्टेडियम के दर्शकों ने रेफरी के लिए चीयर किया।
पुर्तगाल की नेशनल प्लान फॉर एथिक्स इन स्पोर्ट (PNED) ने एक नई पहल की है, इसके मुताबिक वाइट कार्ड फेयर प्ले के लिए दिखाया जाएगा। पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन ने इस पायलट प्रोजेक्ट को शुरू किया है। जब भी दो टीमें आपस में खेल भावना के साथ खेलेंगी, तब रेफरी व्हाइट कार्ड दिखाएंगे।
मैच के दौरान दर्शकों में मौजूद एक फैन बीमार होकर बेहोश हो गया। स्थिति को संभालने के लिए दोनों ओर से टीम की मेडिकल टीम स्टैंड्स पर पहुंची और कुछ ही मिनटों में फैन को मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया। मेडिक्स की तारीफ में रेफरी ने सफेद कार्ड दिखाया। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...
मिथुन राशि वालों की आर्थिक स्थिति में सुधार होने के योग बनेंगे। कर्क राशि के नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन मिल सकता है। आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.