• Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Gautam Adani Vs Hindenburg Report, Pakistan Shahbaz Sharif | IMF Loan

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ10 दिन में अडाणी के शेयर 56% गिरे:RBI बोला- कर्जदारों पर नजर; PM शाहबाज कर्ज के लिए बेरहम शर्तें मानने को मजबूर

4 महीने पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

24 जनवरी को हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप ऑफ कंपनीज को लेकर एक रिपोर्ट जारी की थी। रिपोर्ट आने से पहले अडाणी एंटरप्राइजेज के एक शेयर की कीमत 3400 रुपए के करीब थी। शुक्रवार को इसका शेयर 1,531 रुपए पर बंद हुआ। बीते 10 दिन में अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर की कीमतों में 56% की गिरावट हुई है। इस दौरान अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर्स भी 50% गिरे हैं।

उधर, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने कहा है कि बैंकिंग सेक्टर लचीला और स्थिर है। इसके साथ ही RBI कर्जदारों पर लगातार नजर बनाए हुए है। हम बैंकिंग सेक्टर को मॉनिटर कर रहे हैं, हालांकि RBI ने अडाणी ग्रुप का नाम नहीं लिया। वहीं, हिंडनबर्ग रिसर्च के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है।

उधर, पाकिस्तान को इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) के 1.2 अरब डॉलर के कर्ज की जरूरत है, लेकिन IMF ने कर्ज की किश्त देने के लिए सख्त शर्तें लगाई हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ अपनी आवाम के सामने सरकार की लाचारी जाहिर की। उन्होंने कहा- IMF ने जो शर्तें रखी हैं वो हमारी सोच से भी ज्यादा सख्त और खतरनाक हैं, लेकिन क्या करें? हमारे पास कोई और चारा भी तो नहीं है।

आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. गृह मंत्री अमित शाह झारखंड के देवघर में विजय संकल्प रैली करेंगे।
  2. विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन श्रीलंका के 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...

1. अडाणी के शेयर में 35% गिरावट, फिर 50% रिकवरी, हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद आई कमी

24 जनवरी को अडाणी एंटरप्राइजेज के एक शेयर की कीमत 3,442 रुपए था। शुक्रवार को इसका शेयर 1,531 रुपए पर बंद हुआ। अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज डाउ जोंस ने अडाणी एंटरप्राइजेज को सस्टेनबिलिटी इंडेक्स से बाहर कर दिया। इसके बाद कंपनी के शेयर 35% तक गिर गए। हालांकि, इसके बाद शेयर में ​रिकवरी आई और यह ​केवल ​​​2.19% की गिरावट के साथ 1,531 रुपए पर बंद हुए।

निचले स्तर से शेयर में 50% की रिकवरी देखने को मिली। अडाणी ग्रुप में SBI और LIC का पैसा लगाने के मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही लगातार दूसरे दिन स्थगित करनी पड़ी। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने से पहले दुनिया के अमीरों में अडाणी चौथे नंबर पर थे। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, अडाणी फिलहाल 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

पढ़ें पूरी खबर...

2. जजों की नियुक्ति में देरी पर सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी, कहा- कड़ा फैसला लेने पर मजबूर न करें
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 5 जजों की नियुक्ति के लिए 13 दिसंबर को केंद्र सरकार से सिफारिश की थी, लेकिन इसे मंजूरी नहीं मिली। अदालत ने देरी पर नाराजगी जताई और सरकार से कहा कि ये बेहद गंभीर मामला है। हमें ऐसा स्टैंड लेने पर मजबूर न करें, जिससे परेशानी हो। दरअसल, एडवोकेट्स एसोसिएशन बेंगलुरु ने इस मामले में एक अवमानना याचिका लगाई थी।

इस याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने ये बातें कही। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि नियुक्ति की सिफारिशें अगले 5 दिन में मंजूर हो जाएंगी। सुप्रीम कोर्ट में जजों की सैंक्शन स्ट्रेंथ CJI समेत 34 है। फिलहाल 27 जजों के साथ काम हो रहा है। पांचों जजों के शपथ लेने के बाद यह संख्या बढ़कर 32 हो जाएगी।
पढ़ें पूरी खबर...

3. कैप्टन अमरिंदर के राज्यपाल बनने की चर्चा, पत्नी परनीत कौर को कांग्रेस ने सस्पेंड किया

कांग्रेस ने पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पटियाला की सांसद परनीत कौर को सस्पेंड कर दिया है। परनीत पर पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल होने का आरोप है। उन्हें पक्ष रखने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। यह कार्रवाई कैप्टन अमरिंदर के राज्यपाल बनने की चर्चा के बीच हुई है। अमरिंदर भाजपा की 83 मेंबर वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी का हिस्सा हैं।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने परनीत कौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पार्टी हाईकमान को शिकायत भेजी थी। इसी शिकायत के आधार पर कांग्रेस की डिसिप्लिनरी एक्शन कमेटी (DAC) के मेंबर सेक्रेटरी तारीक अनवर ने परनीत कौर को सस्पेंड करने से जुड़ा लेटर जारी किया।
पढ़ें पूरी खबर...

4. US एयरबेस के ऊपर चीनी बैलून दिखा, चीन बोला- वो सिविल बैलून था, गलती के लिए अफसोस है
अमेरिका के मोंटाना शहर में एयरफोर्स का स्पेशल बेस है। इस बेस से इंटरकॉन्टिनेंटल मिसाइल ऑपरेट की जाती है। बेस पर चीन का संदिग्ध जासूसी बैलून देखा गया। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के प्रेस सेक्रेटरी पैट राइडर ने इसकी जानकारी दी है। पेंटागन का दावा है कि इसे खुफिया निगरानी के लिए भेजा गया था। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस बैलून से उनकी मिलिट्री को खतरा नहीं है।

इस मामले पर चीन ने कहा कि यह बात सही है कि हमारा बैलून अमेरिकी एयरबेस के ऊपर चला गया था। यह एक सिविल यूज बैलून था। हमें इस गलती का अफसोस है। खास बात यह है कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की चीन यात्रा से एक दिन पहले यह बैलून देखा गया है। ब्लिंकन 5 और 6 फरवरी को चीन का दौरा करेंगे।
पढ़ें पूरी खबर...

5. शाहबाज बोले- IMF ने बेरहम शर्तों पर कर्ज दिया, लेकिन क्या करें, कोई चारा भी तो नहीं है

पाकिस्तान के PM शाहबाज शरीफ ने कहा है कि IMF ने जो शर्तें रखी हैं वो हमारी सोच से भी ज्यादा सख्त और खतरनाक हैं, लेकिन क्या करें? हमारे पास कोई और चारा भी तो नहीं है। 31 जनवरी को IMF की टीम इस्लामाबाद पहुंची और 9 फरवरी तक वहां रहेगी। कर्ज की किश्त जारी करने से पहले IMF चाहता है कि इलेक्ट्रिसिटी और फ्यूल 60% महंगा हो और टैक्स कलेक्शन दोगुना किया जाए।

अगर ये शर्तें मान ली जाती है तो महंगाई अभी से करीब-करीब दोगुनी, यानी 54 से 55% तक हो जाएगी। इससे जनता सड़कों पर उतर जाएगी और शाहबाज की कुर्सी जाना तय है। दरअसल पाकिस्तान के पास सिर्फ 3.1 अरब डॉलर ही विदेशी मुद्रा भंडार बचा है। इसमें से 3 अरब डॉलर गारंटी डिपॉजिट हैं, यानी इन्हें खर्च नहीं किया जा सकता। सितंबर 2022 में विदेशी कर्ज 130.2 अरब डॉलर था।
पढ़ें पूरी खबर...

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में...

  1. इंडिगो की गलती से पटना की जगह उदयपुर पहुंचा यात्री: महीनेभर में दूसरी गड़बड़, DGCA ने कहा- बोर्डिंग पास अच्छी तरह स्कैन नहीं किया (पढ़ें पूरी खबर)
  2. त्रिपुरा में बोले नड्डा- 9 साल पहले भारत घुटने टेकता: कहा- मोदी के नेतृत्व में छलांग लगाने वाले देश बना (पढ़ें पूरी खबर)
  3. सुप्रीम कोर्ट का महाराष्ट्र सरकार को निर्देश-हेट स्पीच न हो: पुलिस सकल हिंदू समाज के इवेंट की वीडियोग्राफी करें, भड़काऊ भाषण रोकें (पढ़ें पूरी खबर)
  4. केजरीवाल ने सरकार के अधिकार पर उठाया सवाल: कहा- SC के फैसले के बाद भी LG के पास जा रही हैं फाइलें (पढ़ें पूरी खबर)
  5. US की पाकिस्तान परस्त सांसद को झटका: इल्हान उमर फॉरेन अफेयर्स कमेटी से बाहर, भारत-इजराइल के खिलाफ कई बार जहर उगला (पढ़ें पूरी खबर)

खबर लेकिन हटके...

जापान में मजे के लिए जूठन फैला रहे लोग, परेशान रेस्टोरेंट लीगल एक्शन लेने को मजबूर

इन दिनों में एक सोशल मीडिया ट्रेंड काफी फेमस हुआ है जिससे इस देश की छवि खराब हुई है। दरअसल लोग इस ट्रेंड में सूशी यानी चावल के साथ पके जापानी सी फूड को जूठा कर रहे हैं। इसे सूशी टेरेरिज्म कहा जा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि रेस्टोरेंट के मालिकों को इसे रोकने के लिए अब लीगल एक्शन लेना पड़ रहा है।

रेस्टोरेंट में जाकर खाना और दूसरे सामान में गंद फैलाने वालों मे ज्यादातर युवा और बच्चे हैं। खाने को जूठा और गंदा करने का पहला वीडियो जापान के जिफू शहर का है। इसके वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई और ऐसे वीडियो दिखने लगे। धीरे-धीरे ये ट्रेंड बढ़ता चला गया। पढें पूरी खबर...

खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...

  1. आसाराम की गिरफ्तारी की फिल्मी कहानी: 9 घंटे छकाने के बाद कहा खुदकुशी कर लूंगा; ACP चंचल बोलीं- गेट खोलो नहीं तो तोड़ दूंगी
  2. मुस्लिम-लड़की से प्रेम करने पर महाराजा रणजीत के कपड़े उतारे: 100 कोड़ों की सजा, पूर्व गृहमंत्री को जूते साफ करने पड़े; कहानी श्री अकाल तख्त की
  3. जम्मू टारगेट किलिंग, हिंदुओं ने निकालीं 20 साल पुरानी राइफलें: मारे गए लड़कों की मां बोलीं- आतंकी पकड़ लाओ, मैं उन्हें गोली मारूंगी
  4. लोगों ने ताने मारे औरत नहीं, मर्दों जैसी लगती हो: 37 की उम्र में सिक्स पैक एब्स बनाए, कई साउथ स्टार्स की फिटनेस ट्रेनर हैं किरण
  5. 6 करोड़ साल पहले पेड़-पौधों के दबने से बने पत्थर: इसी से अयोध्या में बनेगी रामलला की मूर्ति; मान्यता- शाप से शालिग्राम बने थे विष्णु

मेष राशि के नौकरीपेशा लोगों को मन मुताबिक प्रोजेक्ट मिल सकता है। वृष राशि वालों को तरक्की के कई मौके मिलेंगे। आप भी जानिए अपना राशिफल

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...