नमस्कार,
गुजरात के मोरबी में रविवार शाम 143 साल पुराना केबल सस्पेंशन ब्रिज टूट गया। इससे करीब 400 लोग मच्छु नदी में जा गिरे। हादसे में 140 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 50 से ज्यादा बच्चे और महिलाएं हैं। ब्रिज रेनोवेशन के लिए 6 महीने से बंद था, इसे 25 अक्टूबर को ही खोला गया था। इसका उद्घाटन 20 फरवरी 1879 को मुंबई के गवर्नर रिचर्ड टेम्पल ने किया था।
अब बात टी-20 वर्ल्ड कप की....। साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हरा दिया। 2009 के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को हराया है। वहीं, पाकिस्तान ने नीदरलैंड को हराकर वर्ल्ड कप में पहली जीत दर्ज की। उधर, रोहित शर्मा टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 36 मैच खेलने वाले प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने तिलकरत्ने दिलशान (35 मैच) का रिकॉर्ड तोड़ा।
भारत की हार के बाद अब पाकिस्तान टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अगर साउथ अफ्रीका अगले मैच में पाकिस्तान को हरा देता है तो बाबर आजम की टीम वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगी। वहीं, टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने अगले दोनों मैच जीतने होंगे। भारत के दोनों मैच जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खिलाफ हैं।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. गुजरात में पुल टूटने से 400 लोग नदी में गिरे, 2 करोड़ रुपए से इसका रेनोवेशन हुआ था
गुजरात के मोरबी में हादसे का शिकार पुल पिछले 6 महीने से बंद था। रेनोवेशन के बाद दिवाली के एक दिन बाद यानी 25 अक्टूबर को इसे आम लोगों के लिए खोला गया था। ब्रिज की क्षमता करीब 100 लोगों की थी, लेकिन गुजराती नववर्ष की छुट्टियां और रविवार होने के चलते इस पर करीब 500 लोग जमा थे। यही हादसे की वजह बनी। 11 अगस्त 1979 को इसी नदी पर बना मच्छू डैम टूट गया था। इस हादसे में 2 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी। मच्छू नदी का जलस्तर कम है, साथ ही तल भी पथरीला और ऊंचा-नीचा है।
पढ़ें पूरी खबर...
2. भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी की रनिंग, महिलाओं के साथ लोक नृत्य भी किया
तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा के 5वें दिन राहुल गांधी का अलग अंदाज दिखा। उन्होंने स्कूली बच्चों से बात करते समय दौड़ लगा दी। राहुल ने सिक्योरिटी और तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को भी पीछे छोड़ दिया। राहुल से मिलने पहुंचे बच्चे भी उनकी स्पीड की बराबरी नहीं कर पाए। इसके बाद वे गोलापल्ली पहुंचे और महिलाओं के साथ बथुकम्मा फेस्टिवल में डांस किया। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने उनका साथ दिया। तेलुगु में बथुकम्मा का मतलब होता है, देवी मां जिन्दा है।
पढ़ें पूरी खबर...
उधर, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने राहुल गांधी की तुलना साईंबाबा से कर दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच साईंबाबा के समान है, जिन्होंने एकता के लिए प्रचार किया।
3. वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका से हारा भारत, पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत को पहली हार का सामना करना पड़ा। साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हरा दिया। भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 133 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 68 रन की पारी खेली। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। एडम मार्करम और डेविड मिलर ने हाफ सेंचुरी लगाईं। भारत की हार के बाद सेमीफाइनल के लिए पाकिस्तान की राह मुश्किल हो गई है।
पढ़ें पूरी खबर...
4. दिल्ली जल बोर्ड के डायरेक्टर का यमुना स्नान, BJP सांसद को जवाब- पानी जहरीला नहीं
दिल्ली जल बोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा के साथ शुक्रवार को भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने बदसलूकी की थी। सांसद ने शर्मा को फटकार लगाई और उन्हें यमुना के पानी में नहाने की चुनौती दी थी। रविवार को उसी अफसर ने यमुना के पानी से स्नान किया। नहाने के बाद शर्मा बोले- पानी का BOD (बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड) लेवल 12-13 है, जबकि TSS (टॉक्सिक शॉक सिंड्रोम) 20 के नीचे है। यमुना नदी का पानी स्वच्छ है। लोग इसमें बेझिझक डुबकी लगा सकते हैं।
पढ़ें पूरी खबर...
5. अब देश में बनेंगे एयरक्राफ्ट, PM मोदी ने वडोदरा में पहले प्लांट की आधारशिला रखी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा में देश के पहले एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखी। इसमें इंडियन एयरफोर्स लिए C-295 मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट बनाए जाएंगे। एयरक्राफ्ट का निर्माण यूरोपीय एयरोस्पेस कंपनी एयरबस और टाटा ग्रुप मिलकर करेंगे। इस प्लांट के शुरू होने के साथ ही भारत एयरक्राफ्ट बनाने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा। इस लिस्ट में फिलहाल अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, फ्रांस, इटली, स्पेन, यूक्रेन, ब्राजील, चीन और जापान शामिल हैं।
पढ़े पूरी खबर...
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ की खबरों का वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर दिए फोटो पर क्लिक करें।
आज का कार्टून...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
ममता बनर्जी ने कोलकाता के नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ जूडिशियल साइंसेज (NUJS) के दीक्षांत समारोह में की CJI यू यू ललित से लोकतंत्र बचाने की अपील की। पढ़ें पूरी खबर...
खबर लेकिन कुछ हटके…
फायर स्टंट के दौरान दाढ़ी में लगी आग, दशहरा मेले में करतब दिखा रहा था युवक
सोशल मीडिया पर एक युवक के फायर स्टंट का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें स्टंट के दौरान युवक की दाढ़ी में आग लग गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने जल्दबाजी में हाथों से ही दाढ़ी में लगी आग बुझाई। यह वीडियो मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले का है। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस तरह के जानलेवा स्टंट को करने के लिए युवक की आलोचना की है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
फोटो जो खुद में खबर है…
यह तस्वीर पटना के एक गंगा घाट की है। छठ पूजा के त्योहार पर व्रतियों ने सोमवार शाम भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। देशभर में गंगा और अन्य नदियों के घाटों पर श्रद्धालु सिर पर धम्मा और दउरा लेकर छठ व्रतियों के साथ गीत गाते हुए पहुंचे। इस दौरान महिलाएं पानी में खड़ी दिखीं, चेहरे पर नारंगी रंग का लंबा 'सिंदूर' पहने और घाट पर सूर्य भगवान को फल और मिठाई चढ़ाती नजर आईं। भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा से जुड़ा यह पर्व बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड समेत देश के अन्य हिस्से में बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता है
आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
आज ही के दिन 1984 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दो बॉडीगार्ड्स, बेअंत सिंह और सतवंत सिंह ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। ये दोनों इंदिरा द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' से कथित तौर पर नाराज थे। इस हत्याकांड में एक तीसरा शख्स भी शामिल था, जिसका नाम था केहर सिंह। केहर इंदिरा पर गोली चलाने में शामिल नहीं था, लेकिन उसे इस हत्या के साजिश रचने का दोषी पाया गया था।
बेअंत सिंह को इंदिरा पर गोलियां चलाने के बाद उनके सुरक्षाकर्मियों ने वहीं ढेर कर दिया था। सिखों के पवित्र स्थल स्वर्ण मंदिर में खालिस्तानी आतंकियों के खिलाफ सेना की मदद से इंदिरा द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ में सैकड़ों लोग मारे गए थे।
आज मकर राशि वालों की एक्स्ट्रा इनकम शुरू हो सकती है। आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.