नमस्कार,
जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई लोग राहुल के सुरक्षा घेरे में घुस गए। इसके चलते शुक्रवार को यात्रा रोकनी पड़ी। राहुल ने इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा- पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई। जो पुलिसवाले भीड़ को कंट्रोल करते हैं या तो चले गए या दिखे नहीं। मेरे सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि हम और नहीं चल सकते।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि- जम्मू-कश्मीर में यात्रा के दौरान राहुल की सुरक्षा में चूक परेशान करने वाली है। देश पहले ही दो PM और कई नेताओं को खो चुका है। हम यात्रियों के लिए बेहतर सुरक्षा की मांग करते हैं। यात्रा आज श्रीनगर से 33 दूर अवंतीपोरा से शुरू होगी।
उधर, BBC डॉक्यूमेंट्री ’द मोदी क्वेश्चन’ की स्क्रीनिंग को लेकर उठा विवाद JNU, जामिया और हैदराबाद यूनिवर्सिटी के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी पहुंच चुका है। केंद्र सरकार पहले ही इस डॉक्यूमेंट्री पर बैन लगा चुकी है।
कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग का ऐलान किया था, लेकिन स्क्रीनिंग न होने पाने पर स्टूडेंट्स ने आर्ट्स फैकल्टी के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स को हिरासत में ले लिया। आर्ट्स फैकल्टी के पास धारा 144 लगाई गई है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि स्क्रीनिंग के लिए कोई अनुमति नहीं मांगी गई। हम इसकी इजाजत नहीं दे सकते।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...
1. जम्मू-कश्मीर में राहुल का सुरक्षा घेरा टूटा, वेणुगोपाल ने उपराज्यपाल पर निशाना साधा
जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई लोग राहुल के सुरक्षा घेरे में घुस गए। इसके चलते शुक्रवार को यात्रा रोकनी पड़ी। सुरक्षा में चूके के आरोपों का जवाब देते हुए जम्मू-कश्मीर के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आरके गोयल ने कहा- सरकार सुरक्षा के प्रति गंभीर है। भारत जोड़ो यात्रा के लिए सबसे अच्छी और संभव सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।
वहीं कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने सुरक्षा चूक के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पर निशाना साधा। वेणुगोपाल ने सुरक्षा में सेंध के लिए पुलिस अधिकारियों और CRPF के जवानों को जिम्मेदार बताया।
पढ़े पूरी खबर...
2. कैप्टन अमरिंदर महाराष्ट्र के अगले गवर्नर हो सकते हैं, BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के मेंबर हैं
पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह महाराष्ट्र के अगले गवर्नर हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि BJP की टॉप लीडरशिप में इसको लेकर सहमति बन गई है। हालांकि, पार्टी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। महाराष्ट्र के मौजूदा गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी ने हाल ही में पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। अमरिंदर भाजपा की 83 मेंबर वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी का हिस्सा हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला से विधायक और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने इससे पहले 2002 से 2007 तक पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उनके पिता पटियाला राज्य के अंतिम महाराजा थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 1963 से 1966 तक भारतीय सेना में भी काम किया है।
पढ़े पूरी खबर...
3. BBC डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग पर DU में हंगामा, डॉक्यूमेंट्री के विरोध में कश्मीर फाइल्स की स्क्रीनिंग
कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में BBC डॉक्यूमेंट्री ‘द मोदी क्वेश्चन’ की स्क्रीनिंग का ऐलान किया था। छात्रों का कहना था कि वे यह डॉक्यूमेंट्री देखना चाहते हैं, जबकि पुलिस उन्हें देखने नहीं दे रही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि इस डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है, लिहाजा इसकी स्क्रीनिंग की इजाजत नहीं दी जा सकती।
एक दिन पहले गुरुवार को हैदराबाद यूनिवर्सिटी में इसी डॉक्यूमेंट्री को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बीच विवाद हो चुका है। हैदराबाद में SFI ने 400 से अधिक छात्रों को विवादित डॉक्यूमेंट्री दिखाई। जवाब में RSS की स्टूडेंट्स विंग और ABVP कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी कैंपस में 'द कश्मीर फाइल्स' की स्क्रीनिंग की।
पढ़े पूरी खबर...
4. सिंधु जल समझौते पर भारत का PAK को नोटिस, बातचीत के लिए 90 दिन का वक्त दिया
भारत ने पहली बार सिंधु जल समझौते में संशोधन की मांग की है। 1960 की सिंधु जल संधि में संसोधन को लेकर पाकिस्तान को नोटिस जारी किया गया है। दरअसल भारत जल संधि में बदलाव चाहता है, लेकिन पड़ोसी देश इसे टाल रहा है। पाकिस्तान भारत से बात करने की बजाय वर्ल्ड बैंक के पास पहुंच जाता है।
भारत ने इस इस नोटिस के जरिए पाकिस्तान को इंटरनेशनल वॉटर ट्रीटी (IWT) के उल्लंघन (मटेरियल ब्रीच) को सुधारने के लिए 90 दिनों में इंटर गवर्नमेंट नेगोशिएशन करने का मौका दिया है। पाकिस्तान ने भारत की किशनगंगा और रतले हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट (HEPs) को लेकर आपत्ति जताई थी। इस पर फैसले के लिए वो कोर्ट ऑफ आरबिट्रेशन के पास पहुंच गया था। पाकिस्तान की ये हरकत IWT के डिस्प्यूट सेटलमेंट के आर्टिकल IX के खिलाफ है।
पढ़े पूरी खबर...
5. एक रिपोर्ट से अडाणी को 1.32 लाख करोड़ का नुकसान, निवेशकों के 2.75 लाख करोड़ डूबे
फोरेंसिक फाइनेंशियल रिसर्च फर्म हिंडेनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में अडाणी ग्रुप पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। इस रिपोर्ट के बाद अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर्स में गिरावट का दौर जारी है।अडाणी टोटल गैस और अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर्स में 20-20% की गिरावट आई है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक अडाणी को 1.44 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
अडाणी की नेटवर्थ 3 दिन में 10% से ज्यादा कम हो गई है। अडाणी की कंपनियों की मार्केट कैप भी कम हुई है। इसके चलते निवेशकों को भी 2.75 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। हिंडेनबर्ग ने बुधवार को जारी रिपोर्ट में बताया था कि अडाणी ग्रुप की सभी 7 प्रमुख लिस्टेड कंपनियों पर काफी ज्यादा कर्ज है। ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयर 85% से ज्यादा ओवरवैल्यूड भी हैं। अडाणी ग्रुप ने शेयरों में हेरफेर की।
पढ़े पूरी खबर...
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
खबर लेकिन कुछ हटके…
भारत में मिनी अफ्रीका, लेकिन बोली गुजराती-हिंदी, जूनागढ़ के नवाब गुलाम बनाकर लाए थे
गुजरात के भरूच से करीब 35 किलोमीटर दूर है झगड़िया तहसील का रतनपुर गांव। यहां रहते हैं अफ्रीकी मूल के सिद्दी मुसलमान हैं। रंग-रूप, वेश-भूषा, कल्चर सब कुछ अफ्रीका के लोगों की तरह, लेकिन फर्राटेदार गुजराती और हिंदी बोलते हैं। ये धमाल नृत्य करते हैं। जो पूरी दुनिया में इनकी पहचान है, लेकिन इनके लिए खुदा की इबादत। सिद्दियों के भारत आने की कई कहानियां हैं।
कुछ इतिहासकारों के मुताबिक सिद्दी मुसलमान करीब 800 साल पहले जूनागढ़ के नवाब अफ्रीका गए थे। वहां उन्हें एक अफ्रीकी महिला से प्यार हो गया। कुछ दिन अफ्रीका में रहने के बाद नवाब उस महिला को लेकर भारत लौट आए। महिला अपने साथ कुछ दास-दासियों को भी लेकर आई थी। ये लोग शरीर से ताकतवर थे। बाकी लोगों के मुकाबले ज्यादा काम करते थे। नवाब ने इन्हें काम पर रख लिया। धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ती गई। आज इनकी आबादी 65 हजार से ज्यादा हो गई है। इस समुदाय की पूरी कहानी जानने के लिए यहां क्लिक करें...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...
आज मेष राशि वालों के प्रमोशन के योग बन रहे हैं। मिथुन राशि के लोगों को धन लाभ हो सकता है। आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.