नमस्कार,
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट सत्र के दौरान इकोनॉमिक सर्वे पेश किया। इसमें वित्त वर्ष 2023-24 के लिए इकोनॉमिक ग्रोथ में सुस्ती का अनुमान जताया गया है। इस दौरान GDP ग्रोथ रेट 6.5% रहेगी, यह पिछले 3 साल में सबसे धीमी ग्रोथ होगी। साल 2021-22 में ग्रोथ रेट 8.7% थी।
सर्वे में कहा गया है कि EV इंडस्ट्री 2022 से 2030 के बीच 5 करोड़ डायरेक्ट और इनडायरेक्ट जॉब क्रिएट करेगी। 7 साल में डोमेस्टिक इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) मार्केट 49% की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CGR) से बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। इकोनॉमिक सर्वे के मुताबिक, ग्रीन एनर्जी की ओर शिफ्ट होने में ऑटोमोटिव इंडस्ट्री अहम रोल निभाएगी।
उधर, गुजरात के गांधीनगर की एक अदालत ने 81 साल के आसाराम को रेप के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई है। उसे सूरत की एक महिला से रेप के मामले में सोमवार को दोषी करार दिया गया था। इससे पहले जोधपुर कोर्ट ने 25 अप्रैल 2018 को UP की एक नाबालिग से रेप के मामले में आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। तब से वह जोधपुर की जेल में बंद है।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...
1. वित्त मंत्री ने पेश किया इकोनॉमिक सर्वे, बेरोजगारी दर कम होकर 7.2% हुई
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट सत्र के दौरान इकोनॉमिक सर्वे पेश किया। सर्वे में कहा गया है कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। सर्वे के मुताबिक, PPP (पर्चेजिंग पावर पैरिटी) के मामले में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और एक्सचेंज रेट के मामले में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था।
सर्वे के मुताबिक, जुलाई सितंबर 2019 में बेरोजगारी दर 8.3% से घटकर जुलाई-सितंबर 2022 में 7.2% हुई। शिक्षा पर खर्च बढ़ा है, जबकि स्वास्थ्य पर खर्च लगभग दोगुना हो गया है। इकोनॉमिक सर्वे एक तरह से हमारी अर्थव्यवस्था के लिए डायरेक्शन की तरह काम करता है, क्योंकि इसी से पता चलता है कि हमारी अर्थव्यवस्था कैसी चल रही है और इसमें सुधार के लिए हमें क्या करने की जरूरत है।
पढ़ें पूरी खबर...
2. राज्यसभा सांसद जेठमलानी का आरोप- BBC ने चीनी कंपनी से पैसे लेकर डॉक्यूमेंट्री बनाई
राज्यसभा सांसद और सीनियर एडवोकेट महेश जेठमलानी ने PM मोदी पर बनी डॉक्यूमेंट्री को लेकर BBC पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि BBC ने देश विरोधी डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए चीनी कंपनी हुवेई से पैसा लिया। अब BBC चीनी एजेंडे को ही आगे बढ़ा रहा है। जेठमलानी ने यह भी कहा कि BBC का भारत के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाने का लंबा इतिहास रहा है।
महेश जेठमलानी दिवंगत एडवोकेट राम जेठमलानी के बेटे हैं। BBC ने 17 जनवरी को गुजरात दंगों पर बनी डॉक्यूमेंट्री द मोदी क्वेश्चन का पहला एपिसोड यूट्यूब पर रिलीज किया। इसमें 2002 में गुजरात में हुए दंगों में तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी की भूमिका होने का दावा किया गया था।
पढ़ें पूरी खबर...
3. 81 साल के आसाराम को रेप केस में उम्रकैद, सूरत की शिष्या से आश्रम में किया था दुष्कर्म
गुजरात के गांधीनगर सेशन कोर्ट ने आसाराम को रेप के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई है। 10 साल से जेल में बंद आसाराम के खिलाफ 2013 में FIR दर्ज हुई थी। इसके मुताबिक, उसने अहमदाबाद के आश्रम में महिला से 2001 से 2006 तक कई बार रेप किया था। इस केस में आसाराम की पत्नी समेत 6 अन्य आरोपी थे, लेकिन 5 आरोपी सबूतों के अभाव में बरी हो गए।
आसाराम का असली नाम आसुमल हरपलानी है। उसका जन्म अप्रैल 1941 में सिंध, पाकिस्तान के बेरानी गांव में हुआ था। 1947 के विभाजन के बाद परिवार अहमदाबाद में बस गया था। 1960 के दशक में आसाराम ने लीलाशाह को अपना गुरु बनाया था। आसाराम ने दावा किया कि गुरु ने उसे आसुमल की जगह आसाराम नाम दिया है। 1972 में आसाराम ने अहमदाबाद से दस किलोमीटर दूर मोटेरा गांव के पास साबरमती नदी के किनारे अपनी छोटी सी झोपड़ी बनाई।
पढ़ें पूरी खबर...
4. अनैतिक संबधों पर कोर्ट मार्शल होगा, SC ने कहा- 2018 का फैसला आर्मी एक्ट पर लागू नहीं होता
अनैतिक संबंधों, यानी एडल्टरी के मामले में दोषी पाए जाने पर तीनों सेनाएं अपने कर्मचारी के खिलाफ कोर्ट मार्शल की कार्रवाई कर सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की बेंच ने मंगलवार को रक्षा मंत्रालय की अर्जी पर यह स्पष्टीकरण दिया है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 27 सितंबर 2018 को IPC की धारा 497 को असंवैधानिक करार दिया था। इसके तहत एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर (एडल्टरी) को अपराध बताया गया था।
अब 5 जजों की कॉन्स्टिट्यूशनल बेंच ने कहा है कि अदालत का 2018 का फैसला आर्मी एक्ट पर लागू नहीं होता। रक्षा मंत्रालय ने यह कहते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था कि एडल्टरी को अपराध के तौर पर शामिल करने का 2018 का फैसला आर्म्ड फोर्स के अफसरों को अनैतिक संबंधों जैसी गतिविधियों के लिए दोषी ठहराए जाने के रास्ते में रोड़ा बन सकता है।
पढ़ें पूरी खबर...
5. ऑस्ट्रेलिया में माइक्रो रेडियोएक्टिव कैप्सूल गुम, 1400 KM में तलाश जारी, लगातार छोड़ रहा रेडिएशन
ऑस्ट्रेलिया में 12 जनवरी को एक रेडियोएक्टिव कैप्सूल खो गया था। यह तब खोया जब इसे दूसरे कैप्सूल के साथ एक ट्रक में माइनिंग साइट से लाया जा रहा था। इसकी लंबाई 8 मिलीमीटर और चौड़ाई 6 मिलीमीटर है। कैप्सूल को खोजने के लिए 1400 किमी के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यहां की सरकार ने कहा है कि कैप्सूल हर घंटे 10 एक्स-रे जितना रेडिएशन छोड़ रहा है।
कैप्सूल के ज्यादा करीब जाने से स्किन जलने और कई गंभीर बीमारियों का खतरा है। सरकार ने अपील की है कि अगर कैप्सूल किसी को दिखता है तो उसे छूने से बचें और तुरंत स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दें। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के चीफ हेल्थ ऑफिसर ने बताया कि इस तरह से किसी रेडियोएक्टिव कैप्सूल का खोना कोई आम घटना नहीं है।
पढ़ें पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में...
खबर लेकिन हटके...
शौक के लिए ईरान से मंगवाई 1.5 लाख की बिल्लियां, पालने में हर महीने 12 हजार है खर्च
पटना के वेटनरी कॉलेज में 'कैट शो' का आयोजन हुआ। इस दौरान ईरान से इंपोर्ट की गई दो पर्शियन बिल्लियां भी शो में दिखीं। इनकी मालकिन के मुताबिक इन्हें भारत लाने में 1.5 लाख रुपए खर्च हुए हैं। बिल्लियों की मालकिन शिरीन शाहीन ने बताया कि ये गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड के जैसे नखरे करने वाली हैं।
वो जल्द ही इन दोनों की शादी करवाएंगी। शाहीन ने अपने शौक के लिए बिल्लिों को ईरान से इंपोर्ट कर पटना मंगवाया था। उन्होंने बताया कि उन्हें प्योर ब्रीड की पर्शियन बिल्लियां नहीं मिल रही थीं। इसके बाद उन्होंने अपने भाई से ईरान में 50–50 हजार की दो बिल्लियां खरीदवाईं और फिर उसे फ्लाइट से पटना मंगवाया। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...
सिंह राशि वालों को निवेश में फायदा मिल सकता है। तुला राशि के नौकरीपेशा लोगों को ट्रांसफर से जुड़ी खबर मिलेगी। आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.