नमस्कार,
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तयबा ने हैदराबाद में हमले की साजिश रची थी। इसके लिए आतंकियों को हैंड ग्रेनेड और पैसे मुहैया कराए गए थे। इसका खुलासा नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की FIR से हुआ है। ये FIR 25 जनवरी को दर्ज की गई थी, जिसकी जानकारी रविवार को सामने आई।
NIA ने पिछले साल अक्टूबर में हैदराबाद में आतंकी हमलों की साजिश रचने के आरोप में 3 आतंकियों को अरेस्ट किया था। इनमें से एक आतंकी के पास से हैंड ग्रेनेड मिले थे। इसी आतंकी ने ISI और लश्कर के इशारे पर दो आतंकियों को रिक्रूट किया था। FIR के मुताबिक इन आतंकियों को निर्देश दिए गए थे कि वे किसी भीड़भाड़ वाली जगह ग्रेनेड फेंककर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ दें।
उधर, अमेरिका ने अपने एयरस्पेस में 8 दिन से मंडरा रहे चीन के जासूसी बैलून को मार गिराया। US प्रेसिडेंट जो बाइडेन के आदेश के बाद अमेरिकी फाइटर जेट F-22 ने बैलून पर स्ट्राइक की। हालांकि, चीन ने इस कार्रवाई पर ऐतराज जताया है। आरोप है कि बैलून तबाह करके अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया है। चीन ने इसके जवाब में एक्शन लेने की भी धमकी दी है।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...
1. पाकिस्तान की भारत में अटैक की साजिश, लोन वुल्फ अटैक को अंजाम देने वाले थे आतंकी
पाकिस्तान ने हैदराबाद में हमले की साजिश रची थी। NIA की FIR के मुताबिक, आरोपी अब्दुल जाहेद लश्कर और ISI से जुड़ा था। जाहेद ने आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए माज और समीउद्दीन सहित कई नौजवानों को रिक्रूट किया। हैदराबाद पुलिस ने 1 अक्टूबर 2022 को जाहेद के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत FIR दर्ज की थी। इसके बाद जांच NIA को सौंप दी गई।
जाहेद के घर से दो हैंड ग्रेनेड, दो मोबाइल और 3 लाख 91 हजार रुपए बरामद हुए थे। ये आतंकी भारत में लोन वुल्फ अटैक को अंजाम देने वाला था। किसी अकेले इंसान का खतरनाक तरीके से सेलिब्रिटी या नेताओं पर किया जाने वाला हमला 'लोन वुल्फ अटैक' कहलाता है। ये लोग भीड़ या रैली में जाकर हमला करके बड़ी तादाद में लोगों की जान ले सकते हैं।
पढ़ें पूरी खबर...
2. आर्मी ने बदली अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया, अब ऑनलाइन एंट्रेंस एग्जाम पहले होगा, फिजिकल बाद में
आर्मी ने अग्निवीर भर्ती की चयन प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब कैंडिडेट्स को पहले ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम यानी रिटन टेस्ट देना होगा। पुरानी प्रक्रिया के तहत सबसे पहले कैंडिडेट्स का फिजिकल फिटनेस टेस्ट होता था। उसके बाद मेडिकल टेस्ट और फिर आखिर में रिटन टेस्ट पास करना होता था। नई प्रक्रिया 2023-24 में होने वाली भर्ती में शामिल होने वाले करीब 40,000 कैंडिडेट्स पर लागू होगी।
इस बदली हुई प्रक्रिया का ऑफिशियल नोटिफिकेशन फरवरी के बीच में जारी किया जा सकता है। पहले CEE होने से रैलियों में होने वाली भीड़ घटेगी। इससे खर्च का बोझ भी घटेगा। केवल वही लोग रैलियों में भाग लेंगे, जिन्होंने CEE क्लियर कर लिया है। अब तक 19,000 अग्निवीरों की नियुक्ति हो चुकी है। वहीं मार्च के पहले हफ्ते तक 21 हजार और अग्निवीरों की जॉइनिंग होगी।
3. असम में बाल विवाह के खिलाफ एक्शन, 2278 की गिरफ्तारी, 2026 तक चलेगा अभियान
असम में बाल विवाह के खिलाफ राज्य सरकार का अभियान जारी है। 3 दिनों के भीतर 10 जिलों से 2,200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें ऐसी शादियां कराने वाले हिंदू और मुस्लिम समुदाय के पुजारी-मौलवी भी शामिल हैं। पुलिस के पास कुल 8 हजार लोगों की लिस्ट है। उधर, महिलाओं ने सरकार के इस कदम का विरोध किया। मांग है कि उनके पति और बेटों को रिहा किया जाए।
राज्य मंत्रिमंडल ने 23 जनवरी को अपराधियों को गिरफ्तार करने का फैसला किया था। 15 दिन से भी कम समय में पुलिस ने बाल विवाह के 4,004 मामले दर्ज कर लिए। इसके अलावा बाल विवाह को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया था। उधर, CM हिमंत बिस्वा सरमा का कहना है कि बाल विवाह के खिलाफ अभियान 2026 में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगा।
पढ़ें पूरी खबर...
4. पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति मुशर्रफ का निधन, 1965 में भारत से लड़े थे युद्ध, करगिल की साजिश रची
पाकिस्तान के तानाशाह और पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का 79 साल की उम्र में निधन हो गया। लंबे वक्त से बीमार मुशर्रफ का दुबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। वे 20 जून 2001 से 18 अगस्त 2008 तक पाकिस्तान के राष्ट्रपति रहे। मई 2016 में उन पर देशद्रोह के आरोप लगे और वो पाकिस्तान छोड़कर दुबई चले गए। बाद में उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया गया।
मुशर्रफ ने 1965 में भारत के खिलाफ जंग लड़ी। हार के बावजूद पाकिस्तान सरकार ने मुशर्रफ को मेडल दिया। 1971 के युद्ध में भी मुशर्रफ की अहम भूमिका रही।1998 में परवेज मुशर्रफ जनरल बने। उन्होंने भारत के खिलाफ कारगिल की साजिश रची। अपनी जीवनी में जनरल मुशर्रफ ने लिखा कि उन्होंने कारगिल पर कब्जा करने की कसम खाई थी, लेकिन नवाज शरीफ की वजह से वो ऐसा नहीं कर पाए।
पढ़ें पूरी खबर...
5. अमेरिका ने मार गिराया चीन का जासूसी बैलून, चीन बोला- हमारे पास भी एक्शन का हक
अमेरिका ने अपने एयरस्पेस में 8 दिन से मंडरा रहे चीन के जासूसी बैलून को कैरोलिना तट के पास समुद्र में गिराया। US प्रेसिडेंट जो बाइडेन ने फाइटर पायलट्स को बधाई दी। हालांकि, चीन ने इस कार्रवाई पर ऐतराज जताया है। चीन कहना है कि बैलून तबाह करके अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया है। हमारे पास भी कार्रवाई का अधिकार है और हम जरूरी एक्शन ले सकते हैं।
अमेरिका के आसमान में चीन का जासूसी बैलून आने से दोनों देशों के बीच डिप्लोमैटिक क्राइसिस, यानी कूटनीतिक संकट पैदा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के फॉरेन मिनिस्टर एंटनी ब्लिंकन ने अपने चीन दौरे को रद्द कर दिया। वो रविवार से दो दिन के चीन दौरे पर जाने वाले थे।
पढ़ें पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में...
खबर लेकिन हटके...
ज्वेलरी शॉप से डायमंड नेकलेस चुरा ले गया चूहा, यूजर्स बोले- चुहिया काफी डिमांडिंग होगी
किसी ज्वेलरी शॉप से सोना, चांदी या डॉयमंड की चोरी की खबरें तो आपने सुनी होगी। लेकिन दिल्ली में एक चोरी हुई और यह चोर कोई आदमी नहीं बल्कि चूहा था। चूहे के डायमंड नेकलेस चुराने का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। 30 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक चूहा ऊपर के कूद कर आया और डिस्प्ले पर लगे डायमंड सेट पर बैठ गया।
इतना ही नहीं चूहे ने नेकलेस को डिस्प्ले से निकाला और तुरंत वहां से गायब हो गया। इस वीडियो पर सोशल मीडिय यूजर्स मजेदार कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- हार अपनी पत्नी चुहिया के लिए ले गया होगा, तो वहीं एक ने लिखा कि चुहिया काफी डिमांडिंग होगी। कुछ लोगों ने तो ये भी कहा कि चूहा वैलेंटाइन डे की तैयारी कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...
मिथुन राशि वालों के लिए फायदे वाला दिन है। कर्क राशि वालों को महत्वपूर्ण उपलब्धियां मिल सकती है। जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.