नमस्कार,
कांग्रेस के मीडिया प्रमुख जयराम रमेश ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को 24 कैरेट गद्दार कहा है। रमेश ने कहा- सिब्बल ने पार्टी छोड़ने के बाद कभी भी पार्टी या कांग्रेस लीडरशिप के बारे में गलत बातें नहीं कहीं, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया और असम के CM हेमंत बिस्व सरमा ने इसके उलट काम किया। ऐसे नेता 24 कैरेट गद्दार और देशद्रोही हैं।
रमेश ने आगे कहा कि सिब्बल जैसे नेताओं की पार्टी में वापसी हो सकती है, लेकिन सिंधिया और सरमा को कांग्रेस दोबारा स्वीकार नहीं करेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या सिंधिया कांग्रेस छोड़ देते, अगर उन्हें पार्टी अध्यक्ष, मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री या राज्यसभा भेजा जाता? इस पर रमेश ने कहा- "सिंधिया एक 'गद्दार' हैं, सच्चे गद्दार, असली गद्दार और 24 कैरेट का गद्दार।
उधर, दक्षिण एशियाई देश इंडोनेशिया में प्रीमैरिटल (शादी से पहले) सेक्स पर बैन लगने वाला है। साथ ही शादी के बाद पार्टनर के अलावा किसी और से संबंध बनाने पर भी रोक होगी। इसको लेकर यहां की सरकार एक कानून पास करने वाली है। कानून का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है, जिसे एक हफ्ते के भीतर पार्लियामेंट में पेश किया जाएगा।
कानून बनने के बाद पति और पत्नी को ही शारीरिक संबंध बनाने का अधिकार होगा। नियम तोड़ने पर एक साल की जेल और जुर्माना भी लग सकता है। इंडोनेशिया में करीब तीन साल पहले भी सरकार ने इस कानून को लागू करने की तैयारी की थी, लेकिन हजारों लोग इसके विरोध में सड़कों पर उतर आए थे।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...
1. जयराम रमेश बोले- सिंधिया गद्दार, एक दिन पहले कहा था- बंगले में रहने के लिए कांग्रेस छोड़ा
कांग्रेस के मीडिया प्रमुख जयराम रमेश ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को 24 कैरेट गद्दार बताया। रमेश ने कहा- मुझे लगता है कि जो लोग कांग्रेस छोड़ चुके हैं, उन्हें पार्टी में वापस नहीं लाया जाना चाहिए। रमेश ने एक दिन पहले भी सिंधिया पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा- सिंधिया कांग्रेस इसलिए छोड़कर गए क्योंकि वो कैबिनेट मंत्री बनना चाहते थे और 27 नंबर बंगले में रहना चाहते थे, बाकी सब बहाने थे।
यह 27 नंबर वही बंगला है जो तीन दशक पहले उनके पिता माधवराव सिंधिया को मिला था, तब ज्योतिरादित्य सिंधिया 13 साल के थे। सिंधिया का बचपन यहीं पर गुजरा है। यह दिल्ली के 27 सफदरजंग रोड पर स्थित है। ज्योतिरादित्य को गुना से लोकसभा चुनाव हारने के बाद बंगला छोड़ना पड़ा था, लेकिन कैबिनेट मंत्री बनने के बाद उन्हें यह दोबारा मिल गया।
पढ़ें पूरी खबर...
2. मोदी को रावण जैसा बताने पर कांग्रेस में विरोध, अहमद पटेल की बेटी ने खड़गे को दी सलाह- सोच-समझकर बोलें
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रावण जैसा बताया था। इस बयान पर अब पार्टी के अंदर ही खड़गे का विरोध शुरू हो गया है। गुजरात की कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने कहा- नेता अपनी बात कहते समय शब्द सावधानी से चुनें, क्योंकि उनका गलत इस्तेमाल हो सकता है। इस तरह की टिप्पणियों से बचने में ही समझदारी है। बता दें कि मुमताज सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे दिवंगत अहमद पटेल की बेटी हैं। दो साल पहले कोविड से अहमद का निधन हो गया था। अहमद पटेल 2001 से सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार थे। जनवरी 1986 में वे गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे।
पढ़ें पूरी खबर...
3. मूसेवाला मर्डर का मास्टरमाइंड हिरासत में, गोल्डी बराड़ को कैलिफोर्निया में डीटेन किया
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है। पंजाब के CM भगवंत मान ने गोल्डी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा है कि गोल्डी को जल्द भारत लाया जाएगा। गोल्डी के खिलाफ पहले ही 2 पुराने मामलों में रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है। मूसेवाला के कत्ल के वक्त गोल्डी बराड़ कनाडा में रह रहा था।
सिंगर के कत्ल के बाद गोल्डी भारतीय खुफिया एजेंसियों और मूसेवाला के फैंस के निशाने पर आ गया। उसे डर लगा कि कहीं कोई उसके ठिकाने का पता न बता दे। इस वजह से वह कुछ समय पहले कनाडा से अमेरिका के कैलिफोर्निया की फ्रेसनो (FRESNO) सिटी भाग निकला था। वहां जाकर उसने 2 वकीलों की मदद से राजनीतिक शरण लेने की भी कोशिश की।
पढ़ें पूरी खबर...
4. इंडोनेशिया में शादी से पहले सेक्स बैन होगा, पत्नी के अलावा किसी और से संबंध भी क्राइम
इंडोनेशिया ने शादी से पहले सेक्स और शादी के बाद पार्टनर के अलावा किसी और से संबंध बनाना बैन होगा। नया कानून बनने के बाद इंडोनेशिया में बिना शादी के सेक्स करना अपराध माना जाएगा। वहीं, अगर शादीशुदा कपल अपने पार्टनर के बजाय किसी और के साथ शारीरिक संबंध बनाते हैं तो यह भी अपराध के दायरे में होगा। पहली स्थिति में अविवाहितों पर कार्रवाई तब होगी, जब माता-पिता बच्चों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे। वहीं, शादीशुदा कपल के मामले में कार्रवाई तब होगी, जब कोई महिला या पुरुष अपने पार्टनर के खिलाफ केस दर्ज कराएगा। कानून के तहत कोर्ट में ट्रायल चलने से पहले शिकायत वापस भी ली जा सकती है, लेकिन एक बार ट्रायल शुरू हुआ तो कानून के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को एक साल की जेल हो सकती है और उन पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
पढ़ें पूरी खबर...
5. पटरी से उछला सब्बल खिड़की तोड़कर गर्दन में घुसा, पैसेंजर की मौके पर ही मौत
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में नीलांचल एक्सप्रेस में एक बेहद चौंकाने वाला हादसा हुआ। यहां पटरी पर पड़ा सब्बल ट्रेन की खिड़की तोड़ते हुए पैसेंजर के गर्दन में जा घुसा। इससे पैसेंजर की मौके पर ही मौत हो गई। वह ट्रेन के जनरल कोच में खिड़की के किनारे बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रेन की रफ्तार 110 किमी/घंटा थी। घटना डाबर-सोमना स्टेशन के बीच हुई। हादसे के बाद कम्पार्टमेंट में चीख-पुकार मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। किसी को कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिरी ये कैसे हुआ। कुछ ही देर में कम्पार्टमेंट का फर्श खून से लाल हो गया। इस बीच अन्य यात्रियों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन रोकी। GRP और RPF को बुलाया। शव को ट्रेन से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पढ़ें पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
खबर लेकिन कुछ हटके…
37 हजार फीट पर फ्लाइट का गेट खोलने लगी महिला, बोली- जीसस ने ऐसा करने को कहा था
अमेरिका में एक महिला ने 37 हजार फीट की ऊंचाई पर फ्लाइट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। फ्लाइट अटेंडेंट ने जब उससे पूछा कि वो ऐसा क्यों कर रही है, तो महिला ने जवाब दिया कि जीसस ने उसे ऐसा करने के लिए कहा है। फ्लाइट अटेंडेंट के साथ महिला की बहस होते देख कुछ पैसेंजर्स चिल्लाने लगे- महिला दरवाजा खोलने की कोशिश कर रही है। इससे फ्लाइट में मौजूद यात्री घबरा गए।
इसी बीच एक पैसेंजर ने महिला को रोकने की कोशिश की। दोनों के बीच हाथापाई हो गई, दोनों फ्लाइट के फ्लोर पर गिर गए। फिर महिला ने उसे रोकने वाले शख्स की जांघ पर काट लिया। वो यहां नहीं रुकी और अपना सिर फ्लोर पर मारने लगी। इस घटना के बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...
फोटो जो खुद में खबर है...
यह तस्वीर दिल्ली में शुक्रवार को हुए '8वें डॉ. एल एम सिंघवी मेमोरियल लेक्चर' की है। इस कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और चीफ जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़ भी शामिल हुए। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा है कि दुनिया को ऐसे उदाहरण के बारे में नहीं पता है, जहां लोगों की इच्छा को दर्शाने वाले संवैधानिक प्रावधान को न्यायपालिका पलट सकती है। हालांकि, उपराष्ट्रपति ने स्पष्ट तौर संवैधानिक संशोधन का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा सुप्रीम कोर्ट की ओर से निरस्त किए जा चुके नेशनल जूडिशियल अपॉइंटमेंट कमीशन (NJAC) को लेकर था। केंद्र सरकार ने जजों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव के लिए 2014 में संविधान के 99वें संशोधन के तहत NJAC एक्ट बनाया था, लेकिन इसे सुप्रीम कोर्ट ने 2015 में खारिज कर दिया। इसके बाद कॉलेजियम सिस्टम दोबारा लागू हुआ, जिसके तहत मौजूदा जज नए जजों को अपॉइंट कर सकते हैं। कुछ दिन पहले ही रिजिजू ने मौजूदा कॉलेजियम सिस्टम पर सवाल उठाते हुए इसे अपारदर्शी बताया था।
आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
आज ही के दिन 1971 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी कलकत्ता में एक जनसभा कर रही थीं। तभी ठीक 5 बजकर 40 मिनट पर पाकिस्तानी एयरफोर्स के सैबर जेट्स और लड़ाकू विमानों ने भारतीय वायु सीमा पार कर पठानकोट, श्रीनगर, अमृतसर, जोधपुर और आगरा के मिलिट्री बेस पर बम गिराने शुरू कर दिए। उसी समय भारतीय सेना ने भी जवाब में हमला किया।
14 दिसंबर को भारतीय सेना ने एक गुप्त संदेश को पकड़ा कि दोपहर 11 बजे ढाका के गवर्नमेंट हाउस में एक मीटिंग होने वाली है। भारतीय सेना ने तय किया कि मीटिंग के वक्त ही गवर्नमेंट हाउस पर बम बरसाए जाएंगे। भारतीय वायुसेना के मिग-21 विमानों ने बिल्डिंग की छत उड़ा दी। उस मीटिंग में तब के पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) के सेना प्रमुख जनरल नियाजी भी मौजूद थे।
16 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे जनरल नियाजी ने भारतीय सेना के सामने सरेंडर कर दिया। उन्होंने अपने बिल्ले उतार दिए और रिवॉल्वर भी रख दी। उसी समय जनरल सैम मानेकशॉ ने इंदिरा गांधी को फोन कर बांग्लादेश पर जीत की खबर बताई। इसके बाद इंदिरा गांधी ने ऐलान किया- "ढाका अब एक आजाद देश की आजाद राजधानी है।"
मेष राशि वालों के आर्थिक हालत में सुधार होने के योग हैं। कुंभ और मीन राशि के नौकरीपेशा लोगों के लिए दिन अच्छा है। आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.