• Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Rahul Gandhi Bharat Jodo Yatra Vs Amit Shah, Narendra Modi

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफजम्मू-कश्मीर ने मुझे ग्रेनेड नहीं, प्यार दिया:राहुल बोले- यहां BJP यात्रा नहीं कर सकती; पाकिस्तान की मस्जिद में फिदायीन हमला

2 महीने पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

नमस्कार,

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर में खत्म हुई। भारी बर्फबारी के बीच राहुल ने संबोधन दिया। राहुल ने कहा- सिक्योरिटी ने कहा कश्मीर में आखिरी 4 दिन आपको गाड़ी से चलना चाहिए। मुझसे कहा गया कि पैदल चलने पर आप पर ग्रेनेड फेंका जाएगा। मैंने सोचा मुझसे जो नफरत करते हैं, क्यों न उनको मौका दूं।

मैंने कहा 4 दिन चलूंगा, बदल दो इस टी-शर्ट का रंग, लाल कर दो। देखी जाएगी। मगर जो मैंने सोचा था, वही हुआ। जम्मू-कश्मीर के लोगों ने मुझे हैंड ग्रेनेड नहीं दिया, अपने दिल खोलकर प्यार दिया। गले लगे। मैं आपको गारंटी देकर कह सकता हूं कि यहां पर BJP की यात्रा नहीं निकल सकती, क्योंकि वो डरते हैं।

उधर, पाकिस्तान के पेशावर शहर की एक मस्जिद में फिदायीन हमला हुआ। पुलिस लाइन्स में बनी मस्जिद के अंदर हुए धमाके में 72 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। एक चश्मदीद के मुताबिक, नमाज के वक्त धमाका हुआ, मस्जिद में 500 से ज्यादा लोग मौजूद थे। धमाके में मस्जिद का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. संसद का बजट सेशन शुरू होगा। राष्ट्रपति मुर्मू लोकसभा-राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
  2. IMF की टीम पाकिस्तान पहुंचेगी, यहां फंड रिलीज करने पर फैसला होगा।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...

1. राहुल बोले-कश्मीरियों और फौजियों की तरह मैंने अपनों को खोने का दर्द सहा, मोदी-शाह यह दर्द नहीं समझते

राहुल गांधी ने श्रीनगर में कहा, 'कश्मीरियों और फौजियों की तरह मैंने अपनों को खोने का दर्द सहा है। मोदी-शाह यह दर्द नहीं समझ सकते। मैं कन्याकुमारी से चला था। पूरे देश में चले हम लोग। सच बताऊं तो मुझे लगा कन्याकुमारी से कश्मीर चलने में मुश्किल नहीं होगी। फिजिकली ये काम मुश्किल नहीं होगा। ये मैंने सोचा था। शायद मैं काफी वर्जिश करता हूं, इसलिए थोड़ा सा अहंकार आ गया।'

'मगर फिर बात बदल गई। 5-7 दिन चलने के बाद जबरदस्त प्रॉब्लम हुई थी। थोड़ा अहंकार उतर गया, मैं सोचने लगा कि जो 3500 किलोमीटर हैं, उन्हें चल पाऊंगा कि नहीं। मुझे जो आसान काम लगा, वो काफी मुश्किल हो गया। किसी न किसी तरह से मैंने ये काम पूरा कर लिया।
पढ़े पूरी खबर...

2. अडाणी ग्रुप का हिंडनबर्ग को जवाब, हिंडनबर्ग बोला- राष्ट्रवाद की आड़ में धोखाधड़ी ना छिपाएं
गौतम अडाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को भारत पर साजिश के तहत हमला बताया है। ग्रुप ने 413 पन्नों के जवाब में कहा कि लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। यह रिपोर्ट किसी खास कंपनी पर किया गया बेबुनियाद हमला नहीं है, बल्कि भारत पर किया गया सुनियोजित हमला है। वहीं, हिंडनबर्ग ने कहा, "राष्ट्रवाद की आड़ में धोखाधड़ी पर इस तरह के जवाब से पर्दा नहीं डाला जा सकता है।"

हिंडनबर्ग ने 24 जनवरी की एक रिपोर्ट में अडाणी ग्रुप पर धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाए थे। इसके बाद गौतम अडाणी की नेटवर्थ 10% कम हो गई थी। 25 जनवरी को उनकी नेटवर्थ 9.20 लाख करोड़ थी, जो 27 जनवरी को 7.88 लाख करोड़ रुपए पर आ गई थी। 30 जनवरी को अडाणी की नेटवर्थ घटकर 7.18 लाख करोड़ रुपए हो गई। वे अमीरों की लिस्ट में चौथे नंबर से खिसकर 8वें पर आ गए हैं।
पढ़े पूरी खबर...

3. उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, उत्तराखंड के चमोली में एवलांच, दिल्ली में शीत लहर

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के कई इलाको में बर्फबारी जारी है। जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों से पत्थर और मलबा गिरने के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद कर दिया गया है। श्रीनगर बर्फ की चादर से लिपटा हुआ है। इस वजह से श्रीनगर एयरपोर्ट पर भी उड़ानें प्रभावित हुईं।

वहीं, हिमाचल के किन्नौर में ढाई फीट तक बर्फबारी हुई है। यहां 4 हाईवे समेत 320 सड़कें बंद हो गई हैं। उधर, राजस्थान के कई जिलों में बारिश और ओलों से फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। दिल्ली में शीत लहर चल रही है। आज यहां तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
पढ़े पूरी खबर...

4. ‘पठान’ ने 5 दिन में 550 करोड़ कमाए, शाहरुख बोले- पिछले 4 दिन में बीते 4 साल भूल गया
शाहरुख खान की फिल्म पठान ने रिलीज के पांचवें दिन बॉक्स ऑफिस पर 271 करोड़ रुपए का बिजनेस किया। इस लिहाज से पठान ने KGF-2 हिंदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। KGF-2 ने ओपनिंग वीकेंड में 144 करोड़ का कमाए थे। उधर, पठान ने 5 दिनों में 540 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया है। वर्ल्ड वाइड ओपनिंग वीकेंड वाली फिल्मों की लिस्ट में अब पठान चौथे नंबर पर पहुंच गई है। बाहुबली-2, KGF चैप्टर-2 और RRR पहले, दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं।

बाहुबली-2 ने ओपनिंग वीकेंड पर वर्ल्ड वाइड 845 करोड़ का कलेक्शन किया था। पठान की सफलता के बाद शाहरुख मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा, 'फिल्म अच्छा बिजनेस करती है तो खुशी होती है। पठान रिलीज के पिछले चार दिनों में मैं गुजरे 4 साल भूल गया हूं।' वहीं, जॉन अब्राहम ने कहा, 'सबको लगता है मैं एक्शन हीरो हूं लेकिन दावे से कह सकता हूं कि शाहरुख देश के सबसे बड़े एक्शन हीरो हैं।'
पढ़े पूरी खबर...

5. पाकिस्तान की मस्जिद में फिदायीन हमला, करीब 550 नमाजियों के बीच हमलावर ने खुद को उड़ाया

पाकिस्तान के पेशावर शहर की एक मस्जिद में फिदायीन हमला हुआ। 150 लोग घायल हैं, इनमें से 47 की हालत गंभीर है। धमाके में मस्जिद के इमाम नूर-अल अमीन की भी मौत हो गई। पाक PM शाहबाज शरीफ ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। चश्मदीद के मुताबिक, नमाज के वक्त धमाका हुआ, इस दौरान मस्जिद में 550 लोग मौजूद थे।

चश्मदीद ने बताया- फिदायीन हमलावर बीच की एक लाइन में मौजूद था। यह साफ नहीं हो सका कि वो पुलिस लाइन्स पहुंचा कैसे, क्योंकि अंदर जाने के लिए गेट पास दिखाना होता है। सभी घायलों का इलाज पेशावर के लेडी हार्डिंग अस्पताल में चल रहा है।
पढ़े पूरी खबर...

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. आतंकी मुर्तजा को फांसी की सजा: 10 महीने पहले गोरखनाथ मंदिर पर किया था हमला, PAC जवानों को बनाया था निशाना (पढ़ें पूरी खबर)
  2. ऑपरेशन ब्लू स्टार के जनरल कुलदीप बराड़ का दावा: बोले- इंदिरा ने पहले भिंडरावाला का कद बढ़ाया, फिर खत्म करने के ऑर्डर दिए (पढ़ें पूरी खबर)
  3. BBC डॉक्यूमेंट्री बैन पर SC में सुनवाई 6 फरवरी को: याचिकाकर्ता ने कहा- बैन का फैसला मनमाना; रिजिजू बोले- याचिका से समय बर्बाद होगा (पढ़ें पूरी खबर)
  4. जयराम रमेश बोले-चीन पर सरकार की DDLJ पॉलिसी: कहा- फिल्म के केंद्र सरकार वाले वर्जन में विदेश मंत्री लीड रोल निभा रहे (पढ़ें पूरी खबर)
  5. नीतीश बोले- मर जाना कबूल, BJP में नहीं जाएंगे: BJP ने पूछा- पहले भी तो कहा था मिट्‌टी में मिल जाएंगे...फिर गठबंधन क्यों किया (पढ़ें पूरी खबर)

खबर लेकिन कुछ हटके…
19 साल की लड़की को आतंकी घोषित किया, घर में नजरबंद रखा: विरोध में ओलेसा ने पैर पर एंटी-पुतिन टैटू बनवाया

रूस ने एक 19 साल की लड़की को आतंकी घोषित कर उसका नाम आतंकवादियों की लिस्ट में शामिल किया है। इसका मतलब ये हुआ कि रूस इस लड़की को IS, अल-कायदा और तालिबान जितना खतरनाक मानता है। इतना ही नहीं उसे कैद करके जेल की सजा भी सुनाई है। हैरानी की बात ये है कि रूस ने इस लड़की को सिर्फ यूक्रेन हमले का विरोध करने पर ये सजा सुनाई है।

ओलेसा अपनी मां के साथ रूस के अर्खांगेलस्क शहर में रहती है। नजरबंद होने के कारण ओलेसा क्रिवत्सोवा के पैर में एक ट्रैकर लगाया गया है। इसके जरिए रूसी अथॉरिटीज उसकी हर एक्टिविटी पर नजर रख रही है। हाउस अरेस्ट होने के बाद ओलेसा ने अपने पैर पर एक स्पाइडर का टैटू बनवाया। इस स्पाइडर की बॉडी को पुतिन के चेहरे से रिप्लेस कर दिया गया है। ​​​​पढ़ें पूरी खबर...

खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...

मेष, वृष और कुंभ राशि वालों उपलब्धियां मिल सकती हैं। सिंह राशि के नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन मिलने की संभावना है। आप भी जानिए अपना राशिफल

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...

खबरें और भी हैं...