• Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; RBI Adani Group Loan | Pakistan Inflation, Kiren Rijiju Uniform Civil Code

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफफिलहाल कॉमन सिविल कोड नहीं आएगा:कानून मंत्री बोले- इसे लॉ कमीशन परख रहा; पाकिस्तान में 47 साल में सबसे ज्यादा महंगाई

4 महीने पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

केंद्र सरकार ने फिलहाल समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया है। कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में इसकी जानकारी दी है। दरअसल, राज्यसभा में सवाल पूछा गया था कि क्या सरकार की UCC बिल पास करने की कोई योजना है।

इस पर रिजिजू ने कहा कि सरकार ने 21वें लॉ कमीशन को समान नागरिक संहिता को लेकर उठे सवालों की जांच का जिम्मा सौंपा था। 21वें कमीशन का कार्यकाल 2018 में खत्म हो गया था। सरकार ने 21वें लॉ कमीशन से UCC से जुड़े अलग-अलग मुद्दों की जांच करने और उस पर सिफारिशें करने की अपील की थी। अब 22वें लॉ कमीशन की जांच के बाद कोई फैसला होगा।

उधर, पाकिस्तान में महंगाई ने बीते 47 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां महंगाई दर 27.6% है, जो 1975 के बाद सबसे ज्यादा है। 1975 में महंगाई दर 27.77% थी। पाकिस्तान ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल जनवरी में महंगाई दर 13% थी। यानी सिर्फ एक साल में महंगाई दर दोगुने से ज्यादा हो गई है।

आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. दिल्ली MCD चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई।
  2. BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा त्रिपुरा में इलेक्शन कैंपेन लॉन्च करेंगे।
  3. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण BJP सांसदों को बजट के बारे में ब्रीफ करेंगी।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...

1. कानून मंत्री राज्यसभा बोले- कॉमन सिविल कोड पर फिलहाल सरकार ने फैसला नहीं लिया

कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में बताया कि केंद्र सरकार ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने पर कोई फैसला नहीं लिया है। UCC से जुड़ा मामला 22वें लॉ कमीशन को भेजा जाएगा। इसलिए अभी तक इसे लागू करने पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होने से सभी समुदाय के लोगों को एक समान अधिकार दिए जाएंगे।

समान नागरिक संहिता लागू होने से भारत की महिलाओं की स्थिति में सुधार होगा। कुछ समुदाय के पर्सनल लॉ में महिलाओं के अधिकार सीमित हैं। ऐसे में यदि UCC लागू होता है तो महिलाओं को भी समान अधिकार का लाभ मिलेगा। महिलाओं का अपने पिता की संपत्ति पर अधिकार और गोद लेने से संबंधित सभी मामलों में एक सामान नियम लागू होंगे
पढ़ें पूरी खबर...

2. जम्मू-कश्मीर में पहली बार परफ्यूम IED मिला, टीचर से आतंकी बने शख्स ने ब्लास्ट को दिया अंजाम
जम्मू-कश्मीर के नरवाल में 21 जनवरी को 20 मिनट के अंतराल पर दो बम धमाके हुए थे। इसमें 9 लोग घायल हुए थे। राज्य के DGP दिलबाग सिंह ने दावा किया है कि ब्लास्ट में परफ्यूम IED का इस्तेमाल हुआ था। इस तरह का IED पहली बार बरामद हुआ है। धमाके में शामिल आतंकी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। DGP ने बताया कि आतंकी आरिफ एक सरकारी स्कूल में टीचर है।

DGP ने कहा कि परफ्यूम IED परफ्यूम की बोतल की तरह ही होता है। अगर कोई इसे दबाने या खोलने की कोशिश करेगा तो IED में विस्फोट हो जाएगा। इस तरह का IED पहली बार मिला है, इसलिए हम काफी सतर्क हो गए हैं। अब इस IED को हमारी स्पेशल टीम हैंडल करेगी।
पढ़ें पूरी खबर...

3. 2022 में 546 उड़ानों में तकनीकी खराबी आई, इंडिगो, स्पाइसजेट और विस्तारा में सबसे ज्यादा

घरेलू उड़ान के दौरान फ्लाइट्स में हुई तकनीकी खराबी को लेकर सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने लोकसभा में जानकारी दी। इसके मुताबिक साल 2022 में 546 फ्लाइट्स में तकनीकी खराबी आई। सबसे ज्यादा दिक्कतें इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के साथ हुईं। इंडिगो की फ्लाइट्स में 256 बार खराबी आई। वहीं स्पाइसजेट की फ्लाइट को 143 बार और विस्तारा को 97 बार तकनीकी गड़बड़ी का सामना करना पड़ा।

मंत्रालय ने बताया कि इन तीन एयरलाइंस कंपनियों के अलावा एअर इंडिया को 64 बार, गो फर्स्ट को 7 बार, अकासा एयरलाइंस को 6 बार, एयर एशिया (इंडिया) को 8 बार, एलायंस एयर को 3 बार, फ्लाईबिग को 1 बार, ट्रूजेट और ब्लूडार्ट एविएशन को एक-एक बार उड़ान के दौरान तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
पढ़ें पूरी खबर...

4. RBI ने बैंकों से पूछा-अडाणी ग्रुप को कितना कर्ज दिया, हंगामा की वजह से संसद की कार्यवाही रोकी
अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने संसदीय पैनल या सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से अडाणी ग्रुप के वित्तीय लेनदेन की जांच कराने की मांग की। हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा को कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। उधर, RBI ने सभी बैंकों से अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) को दिए कर्ज की जानकारी मांगी है।

अडाणी ग्रुप के शेयर्स में 10% तक की गिरावट देखी गई। बुधवार देर रात अडाणी ग्रुप ने 20 हजार करोड़ रुपए के फुली सबस्क्राइब्ड FPO को रद्द कर इन्वेस्टर्स का पैसा लौटाने की बात कही थी। बुधवार को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 26.70% गिरकर 2179.75 पर बंद हुआ था। इस गिरावट को ही FPO वापस लेने की वजह माना जा रहा है।
पढ़ें पूरी खबर...

5. PAK में महंगाई ने 47 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, जनवरी में इन्फ्लेशन रेट 27.6% रहा, 9 फरवरी के बाद और बढ़ेगा

पाकिस्तान में फिलहाल महंगाई दर 27.6% है, जो 1975 के बाद सबसे ज्यादा है। बैंकों के पास डॉलर न होने की वजह से पेमेंट रुका हुआ है और कराची पोर्ट पर करीब 6 हजार सप्लाई कंटेनर्स खड़े हैं। 31 जनवरी को इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी IMF की एक टीम पाकिस्तान पहुंची है। यह 6 अरब डॉलर के लोन की अगली किश्त (1.2 अरब डॉलर) जारी करने की शर्तों पर बातचीत कर रही है।

IMF ने बेहद सख्त शर्तें रखी हैं। इतना ही नहीं उसने इन तमाम शर्तों को पूरा करने के लिए पॉलिटिकल गारंटी भी मांगी है। IMF चाहता है कि पाकिस्तान सरकार इलेक्ट्रिसिटी और फ्यूल को 60% तक महंगा करे। टैक्स कलेक्शन दोगुना करने को कहा गया है। लिहाजा, यह तय माना जा रहा है कि 9 फरवरी को जब IMF और शाहबाज सरकार की बातचीत खत्म होगी और अगर सरकार यह शर्तें मान लेती है तो महंगाई करीब-करीब दोगुनी हो जाएगी।
पढ़ें पूरी खबर...

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में...

  1. रामदेव बोले- नमाज पढ़ो, जो मन में आए वो करो: चाहे हिंदू लड़कियां उठाओ; मुसलमानों को यही सिखाया जाता है (पढ़ें पूरी खबर)
  2. उपराष्ट्रपति-कानून मंत्री के खिलाफ बॉम्बे HC में PIL: लॉयर्स एसोसिएशन ने कहा- दोनों को संविधान पर भरोसा नहीं, अयोग्य घोषित करें (पढ़ें पूरी खबर)
  3. AAP ने शराब घोटाले का पैसा गोवा चुनाव में लगाया: ED का चार्जशीट में दावा, केजरीवाल बोले-आरोप पूरी तरह काल्पनिक (पढ़ें पूरी खबर)
  4. तेलंगाना CM को पूर्व CM की बेटी ने जूते दिखाए:कहा- इन्हें पहनकर मेरे साथ पदयात्रा में आएं, जिससे जनता की समस्याएं पता चलें (पढ़ें पूरी खबर)
  5. ऑस्ट्रेलिया के बैंक नोट से हटेगी क्वीन एलिजाबेथ की तस्वीर: 100 साल पुरानी परंपरा टूटेगी, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स की बजाय अपने नेता को जगह देंगे (पढ़ें पूरी खबर)

खबर लेकिन हटके...

LIVE सुसाइड कर रहा था युवक, फेसबुक अलर्ट ने बचाया, मोबाइल लोकेशन से 13 मिनट में पहुंची पुलिस

UP के गाजियाबाद में एक अलर्ट ने युवक की जान बचा ली। यहां अभय शुक्ला नाम का युवक इंस्टाग्राम लाइव में सुसाइड करने की तैयारी कर रहा था। अमेरिका के कैलिफोर्निया में फेसबुक और इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी मेटा हेडक्वार्टर में जैसे ही उसका वीडियो दिखाई दिया, टीम ने UP पुलिस को अलर्ट भेजा। मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने युवक को बचा लिया।

पूरे मामले में खास बात यह है कि अलर्ट भेजने से लेकर पुलिस के पहुंचने में महज 13 मिनट का समय लगा। करीब 6 घंटे तक काउंसिलिंग करने और युवक के परिवार के पहुंचने के बाद ही पुलिस वापस लौटी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने मेटा कंपनी से पिछले साल मार्च में यह करार किया था कि फेसबुक या इंस्टाग्राम पर किसी व्यक्ति की आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट दिखे, तो तुरंत पुलिस को अलर्ट किया जाए। पढ़ें पूरी खबर...

खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...

सिंह राशि वालों को तनाव से राहत मिलेगी। बिजनेस के काम तय समय पर पूरे हो जाएंगे। आप भी जानिए अपना राशिफल

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...