नमस्कार,
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो दिन पहले राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ मंच साझा किया था। मोदी ने गहलोत की तारीफ करते हुए कहा था, 'जब मैं CM था, तब हम मुख्यमंत्रियों की जमात में अशोक गहलोत जी हम सबसे सीनियर थे। आज भी मंच पर मौजूद शिवराज सिंह चौहान जी और भूपेन्द्र भाई के बीच वे ही सबसे सीनियर हैं।'
CM गहलोत की तारीफ पर राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट भड़क गए। उन्होंने बुधवार को गहलोत पर तंज कसते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री ने कल जो तारीफ की वह बड़ा दिलचस्प डेवलपमेंट है। इसी तरह प्रधानमंत्री ने सदन के अंदर गुलाम नबी आजाद की तारीफ की थी, उसके बाद क्या घटनाक्रम हुआ, वह हम सबने देखा है। इसे इतना लाइटली नहीं लेना चाहिए।'
उधर, गहलोत ने पायलट के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बयानबाजी से मना किया है। इसलिए सबको डिसिप्लिन का पालन करना चाहिए और बयानबाजी से बचना चाहिए। गहलोत ने आगे कहा कि हमारा ध्येय यही होना चाहिए कि राजस्थान में फिर से सरकार कैसे बनाएं।
अब बात टी-20 वर्ल्ड कप की...। विराट कोहली टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 1065 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 31 मैच में 1016 रन बनाए थे। वहीं, सूर्य कुमार यादव दुनिया के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ा है।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. गहलोत की तारीफ पर भड़के पायलट, कांग्रेस बोली- गहलोत ने मोदी को आइना दिखाया
सचिन पायलट ने CM बदलने की चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा- राजस्थान के संदर्भ में केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि इस पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। हम सब चुनाव में लगे हुए हैं, जल्दी ही गुजरात के चुनाव की घोषणा भी हो जाएगी। अनुशासन के मामले भी वेणुगोपाल के संज्ञान में है। पायलट ने कहा कि खड़गे जी ने पदभार संभाला है, ऐसा तो हो नहीं सकता कि अनुशासनहीनता हुई हो और उस पर फैसला नहीं लिया जाए। उधर, सचिन पायलट के तंज पर कांग्रेस ने रुख साफ करते हुए कहा कि गहलोत ने जनसभा में मोदी को एक तरह से आइना दिखाया है।
पढ़ें पूरी खबर...
2. ओरेवा को बिना टेंडर दिया था मोरबी पुल का कॉन्ट्रैक्ट, कंपनी ने जंग लगी केबलें तक नहीं बदलीं
गुजरात के मोरबी सस्पेंशन ब्रिज की मरम्मत का काम ओरेवा कंपनी को बिना टेंडर के ही दे दिया गया था। यह खुलासा गुजरात पुलिस के कोर्ट में दिए एफिडेविट से हुआ है। मोरबी के एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर एचएस पंचाल ने बताया कि ब्रिज की मरम्मत के लिए कोई टेंडर जारी नहीं किया गया। नगर पालिका ने सीधे ही ओरेवा कंपनी से पुल की मरम्मत का कॉन्ट्रैक्ट कर लिया था। पंचाल ने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिज की केबलें काफी पुरानी थीं और उनमें जंग लग चुका था। ब्रिज के लकड़ी के बेस को बदलकर एल्युमिनियम की चार लेयर वाली चादरें लगा दी गईं। इससे पुल का वजन बढ़ गया।
पुल हादसे में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक ओरेवा कंपनी का मैनेजर दीपक पारेख ने कोर्ट में कहा कि ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है, ये भगवान की इच्छा है।
3. टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 5 रन से हराया, सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय
टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 5 रन से हरा दिया। भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 184 रन बनाए। यह टीम इंडिया का टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है। इससे पहले भारत ने जून 2009 में बांग्लादेश के खिलाफ 180 रन बनाए थे। बुधवार को बारिश की वजह से बांग्लादेश को डकवर्थ-लुईस के तहत 16 ओवर में 151 का रिवाइज्ड टारगेट मिला। इस जीत के बाद हमारे 6 पॉइंट हो गए हैं और ग्रुप-2 में साउथ अफ्रीका को छोड़कर कोई अन्य टीम 6 पॉइंट के पार नहीं जा सकती है। भारत 6 नवंबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेलेगा। जिम्बाब्वे से जीत के बाद टीम इंडिया के 8 अंक हो जाएंगे और फिर सेमीफाइनल की राह पक्की हो जाएगी।
पढ़ें पूरी खबर...
भारत के सूर्य कुमार यादव दुनिया के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज बन गए हैं। वे ICC की टी-20 रैंकिंग में टॉप पर आ गए हैं। उधर, नीदरलैंड ने बुधवार को जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हरा दिया।
4. घूसखोर DSP को योगी ने दरोगा बनाया, गैंगरेप का मामला रफा-दफा करने को रिश्वत ली थी
उत्तर प्रदेश में सरकार ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ा एक्शन लिया है। जालौन जिले की PTC ब्रांच में तैनात DSP विद्या किशोर शर्मा का डिमोशन करके सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) बना दिया गया है। पिछले साल शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे झोले में 5 लाख रुपए की घूस लेते दिखे थे। शर्मा ने ये पैसे गैंगरेप के एक मामले को रफा-दफा करने को लिए थे। जांच में आरोप सही पाए गए। CM योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके विद्या किशोर शर्मा के डिमोशन करने की जानकारी दी।
पढ़ें पूरी खबर...
5. ब्लू टिक के लिए 660 रुपए, भारतवंशी श्रीराम कृष्णन ने दिया ब्लू-टिक के बदले पैसे लेने का सुझाव
ट्विटर पर ब्लू टिक यानी वैरिफाइड अकाउंट्स के यूजर को अब हर महीने 8 डॉलर (करीब 660 रुपए) देने होंगे। यह चार्ज सभी देशों में अलग-अलग होगा। ट्विटर खरीदने के पांच दिन बाद एलन मस्क ने इसका ऐलान किया। उधर, ब्लू टिक पेड करने पर दुनियाभर से शिकायतें मिलने के बाद एलन मस्क ने साफ किया कि भले ही लोग शिकायत करना जारी रखें, लेकिन ब्लू टिक यूजर्स को 8 डॉलर देना ही होगा। मस्क को ब्लू-टिक के बदले पैसे लेने का सुझाव भारतवंशी श्रीराम कृष्णन ने दिया था। कृष्णन पहले भी ट्विटर को 20% की ग्रोथ दिला चुके हैं।
पढ़ें पूरी खबर...
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ की खबरों का वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर दिए फोटो पर क्लिक करें।
आज का कार्टून...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
खबर लेकिन कुछ हटके…
शाहरुख खान की मां इंदिरा गांधी की करीबी रहीं, पिता दिल्ली में चाय बेचते थे
शाहरुख की मां लतीफ फातिमा मजिस्ट्रेट थीं। वे अपने जमाने की सबसे सफल मुस्लिम महिलाओं में से एक थीं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से उनके गहरे ताल्लुकात थे। मां जितनी हाई सोसाइटी वाली रहीं, पिता मीर ताज उतने ही जमीनी इंसान थे। वे विभाजन के बाद पाकिस्तान के पेशावर से दिल्ली आए और यहीं चाय बेचा करते थे। एक कार एक्सीडेंट ने दोनों को मिलवाया। दिल्ली के इंडिया गेट में एक दिन मीर ताज अपने दोस्तों के साथ सैर पर निकले थे। उन्होंने देखा कि वहां एक कार का एक्सीडेंट हो गया है। इसमें लतीफ फातिमा, उनकी बहनें और पिता थे। सभी जख्मी हालत में पड़े हुए थे।
मीर ताज ने अपने दोस्त की मदद से वो गाड़ी सीधी की। खून की जरूरत पड़ी तो मीर ताज ने खुद खून दिया। उनकी लतीफ फातिमा के परिवार से दोस्ती हो गई और घर आना-जाना शुरू हुआ। एक दिन लतीफ फातिमा के पिता ने पूछा- हमारी छोटी बेटी से शादी करोगे। मीर ताज ने कहा- नहीं मैं आपकी बड़ी बेटी से शादी करूंगा, जिसे मैंने खून दिया है। लतीफ फातिमा की उस समय सगाई क्रिकेटर अब्बास अली बेग से हो चुकी थी, जिसे तोड़कर उन्होंने मीर ताज से शादी कर ली। पढ़ें पूरी कहानी...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
फोटो जो खुद में खबर है…
यह तस्वीर दिल्ली के विज्ञान भवन की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली में 'इन-सीटू स्लम पुनर्वास' प्रोजेक्ट के तहत कालकाजी में बनाए गए 3024 EWS फ्लैट्स का उद्घाटन किया। PM ने झुग्गीवासी लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी भी सौंपी। इस मौके पर मोदी ने कहा कि आज दिल्ली के सैंकड़ों परिवारों, गरीब भाई बहनों के लिए बड़ा दिन है। इन फ्लैट्स का निर्माण करीब 345 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है।
आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
1. आजाद भारत के पहले PM के तौर पर UNGA में नेहरू का भाषण
आजाद भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर जवाहर लाल नेहरू ने 3 नवंबर 1948 को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को पहली बार संबोधित किया था। पेरिस में तीसरे UNGA में बोलते हुए नेहरू ने कहा था कि मैं ऐसे देश से आया हूं, जिसने लंबे, शांतिपूर्ण संघर्ष के बाद आजादी पाई है। हमारे महान नेता (महात्मा गांधी) ने संघर्ष के दिनों में हमें सिखाया कि अच्छे उद्देश्य को हासिल करना है, तो रास्ते भी अच्छे होने चाहिए। नेहरू ने अपने संबोधन में संयुक्त राष्ट्र महासभा को भविष्य की राह दिखाई थी। उन्होंने कहा था कि नफरत और हिंसा से दुनिया की समस्या का समाधान नहीं निकलने वाला। इसके लिए आर्थिक समस्याओं को दूर करना होगा।
2. रूस ने पहली बार कुत्ते को स्पेस में भेजा, सड़क से उठाया गया था
1957 में 3 नवंबर को ही सोवियत संघ ने स्पूतनिक 2 लॉन्च किया, जिसमें लाईका नाम के एक कुत्ते को भी अंतरिक्ष में पृथ्वी की कक्षा में भेजा गया था। वह स्पेस में जाने वाली पहली जीवित प्राणी बनी। लाईका 6 किलो की थी। वह दो साल की मिक्स ब्रीड फीमेल डॉग थी। सोवियत स्पेसफ्लाइट प्रोग्राम के लिए उसे सड़कों से उठाया गया था। छोटी जगहों पर मेल डॉग्स के मुकाबले फीमेल डॉग्स बेहतर ढंग से एडजस्ट कर सकते हैं, इस वजह से लाईका को चुना गया। सैटेलाइट 14 अप्रैल 1958 को पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते समय नष्ट हो गया था। हालांकि, लाइका कितने समय जीवित रही, यह एक बड़ा रहस्य है। मॉस्को में 2008 में लाईका की मूर्ति के साथ एक छोटा सा स्मारक भी बनाया गया है। रूसी भाषा में लाईका भौंकने को कहा जाता है, और वहीं से इसका नाम पड़ा।
मेष राशि वालों की इनकम बढ़ सकती है। रुके काम निपटाने के लिए वृष और कर्क राशि वालों का दिन अच्छा है। जानिए अपना राशिफल...
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.