नमस्कार, बस 2 महीने और, फिर 5G सर्विस हकीकत बनने वाली है। 5G मतलब इंटरनेट की 5वीं जनरेशन। इसके स्पेक्ट्रम नीलाम हो चुके हैं। जियो इसमें भी सबसे मजबूत खिलाड़ी है। नीलामी में सरकार को मिले डेढ़ लाख करोड़ रुपए में से 88 हजार करोड़, यानी 59% जियो ने खर्च किए हैं। कंपनी ने कहा है कि वह देश भर में 5G सर्विस शुरू करने के लिए तैयार है।
उधर, संसद में महंगाई पर चर्चा के दौरान तृणमूल की सांसद काकोली घोष कच्चा बैगन चबाने लगीं। कहने लगीं कि गैस सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि सब्जियां कच्ची ही खाने की नौबत आ रही है। पिछले कुछ महीनों में LGP सिलेंडर की कीमतें चार बार बढ़ाई गई हैं। 600 रुपए का सिलेंडर 1100 का हो गया। इसके रेट कम किए जाने चाहिए।
देश-दुनिया की बड़ी खबरें सिर्फ 5 मिनट में पढ़िए, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में…
सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. संजय राउत 4 अगस्त तक ED की कस्टडी में, उद्धव बोले- उन पर गर्व है
पात्रा चॉल घोटाले में अरेस्ट शिवसेना सांसद संजय राउत को PMLA कोर्ट ने 4 अगस्त तक ED की रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट ने कहा कि जांच एजेंसी रात 10 बजे के बाद राउत से पूछताछ नहीं करेगी। राउत को उनके वकील से मिलने दिया जाए। इस बीच शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे संजय राउत के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि संजय की गिरफ्तारी गलत है, मुझे उन पर गर्व है।
पढ़ें पूरी खबर...
ये भी पढ़ें...
2. महंगाई पर बोलीं वित्त मंत्री- दुनिया भर में हालात खराब, भारत फिर भी बेहतर
विपक्ष की लगातार मांग के बाद सोमवार को संसद में महंगाई पर चर्चा हुई। सरकार की तरफ से जवाब देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि रूस-यूक्रेन संकट, चीन में लॉकडाउन और कोरोना की वजह से अंतरराष्ट्रीय कारोबार पर असर पड़ा है। हम महंगाई को 7% से नीचे रखने की कोशिश कर रहे हैं। भारत की इकोनॉमी बेहतर हो रही है। हमारे यहां मंदी आने की आशंका शून्य है।
पढ़ें पूरी खबर...
3. जबलपुर के अस्पताल में आग से 8 की मौत, बिना फायर NOC के चल रहा था
मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोमवार को एक हॉस्पिटल में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें स्टाफ के भी 3 लोग हैं। 8 लोगों की हालत गंभीर है। प्रशासन ने बताया कि 30 बेड वाला ये हॉस्पिटल तीन मंजिला था। उसके एंट्रेंस गेट पर जनरेटर में शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। अस्पताल में 35 लोग थे। ये हॉस्पिटल बिना फायर NOC के चल रहा था।
पढ़ें पूरी खबर...
4. देश में अक्टूबर से 5G सर्विस, स्पेक्ट्रम खरीदने में जियो सबसे आगे
देश में अक्टूबर से 5G सर्विस शुरू हो सकती है। इसके लिए नीलामी प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। इससे सरकार को डेढ़ लाख करोड़ रुपए की कमाई हुई है। जियो ने सबसे ज्यादा 88 हजार करोड़ रुपए खर्च किए। दूसरे नंबर पर एयरटेल है, जिसने 43 हजार करोड़ की बोली लगाई। नीलामी पूरी होने पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हम अक्टूबर तक 5G लॉन्च करने में सक्षम होंगे।
पढ़ें पूरी खबर…
5. आमिर की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' का विरोध, एक्टर ने कहा- बॉयकॉट न करें
आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' 11 अगस्त को रिलीज होगी। इससे पहले सोशल मीडिया पर फिल्म का विरोध शुरू हो गया है। लोगों का आरोप है कि आमिर अपनी फिल्मों में हिंदू संस्कृति का अपमान करते हैं। बॉयकॉट की अपील से दुखी आमिर खान ने कहा है कि लोग ऐसा न करें। पता नहीं क्यों लोगों को लगता है कि मैं अपने देश से प्यार नहीं करता, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है।
पढ़ें पूरी खबर...
6. कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को जूडो में दो मेडल, लॉन बॉल्स में पहली बार टीम फाइनल में
कॉमनवेल्थ गेम्स में चौथे दिन भारत को जूडो में दो मेडल मिले। सुशीला देवी ने 48 किलो वेट कैटेगरी में सिल्वर और विजय यादव ने 60 किलो वेट कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं, मेंस हॉकी में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहा। एक वक्त भारत मैच में 3-1 से आगे था। लॉन बॉल्स में भारतीय विमेंस फोर्स टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर 92 साल में पहली बार फाइनल में जगह बना ली।
पढ़ें पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
खबर लेकिन कुछ हटके…
घरों में रखे पुराने फोन रिसाइकिल न किए, तो 20 साल में नहीं मिलेंगे नए मोबाइल
आपने नया फोन कब लिया था? 50% भारतीय तो हर दो साल में फोन बदल लेते हैं। करीब 10% हर 6 महीने में फोन बदलते हैं। मगर पुराने फोन रिसाइकिल कम ही लोग कराते हैं। दुनिया भर में अलमारियों में रखे पुराने फोन्स को एक सीध में रख दें तो उनकी लंबाई इतनी होगी कि पृथ्वी को 46 बार लपेटा जा सके। एक फोन बनाने में कई मेटल्स इस्तेमाल होती हैं। टच स्क्रीन बनाने में लगने वाला इंडियम तो इतना ही मौजूद है कि अगले 20 साल तक स्क्रीन बन पाएंगी। पढ़िए भास्कर रिसर्च...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
फोटो जो खुद में खबर है…
संसद में TMC की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने अलग तरह से बढ़ती कीमतों का विरोध जताया। लोकसभा में महंगाई पर चर्चा हो रही थी। अपनी बारी आने पर काकोली घोष ने कच्चा बैगन निकाला और खाने लगीं। उन्होंने कहा कि रसोई गैस इतनी महंगी है कि कच्ची सब्जियां ही खाना पड़ेगा। एक महीने में 4 बार गैस के दाम बढ़े हैं। क्या सरकार चाहती है कि हम कच्ची सब्जी खाएं।
आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था..
1857 की क्रांति के बाद ब्रिटिश सरकार में भारत का शासन सीधे अपने हाथ में लेने की बात उठने लगी। इसके बाद 1858 में आज के ही दिन ब्रिटिश संसद ने एक एक्ट पारित किया। इसे गवर्नमेंट ऑफ इंडिया एक्ट नाम दिया गया। इससे भारत का शासन ब्रिटिश क्राउन के हाथों में चला गया। इसी के साथ भारत ब्रिटिश कॉलोनी बन गया। लॉर्ड कैनिंग भारत के पहले वायसराय बनाए गए। 1 नवंबर 1858 से यह एक्ट लागू कर दिया गया।
वृष राशि वालों की नौकरी और बिजनेस के लिए दिन अच्छा रहेगा, जानिए अपना राशिफल..
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.