नमस्कार,
तुर्किये में सोमवार को 12 घंटे के भीतर तीन बड़े भूकंप आए। इनकी तीव्रता 7.8, 7.6 और 6.0 थी। भूकंप का केंद्र तुर्किये का गाजियांटेप शहर था। यह सीरिया बॉर्डर से 90 किमी दूर है। सबसे ज्यादा तबाही और मौतें तुर्किये और उसके पड़ोसी देश सीरिया में हुई। दोनों देशों में अब तक 4,300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। तुर्किये के दक्षिण पूर्वी शहरों में 3,400 से ज्यादा इमारतों के गिरने की खबर है।
तुर्किये में अब तक 2,921 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 15 हजार से ज्यादा लोग घायल हैं। सीरिया में 1,444 लोग मारे गए और 2 हजार से ज्यादा जख्मी हैं। 3 बड़े झटकों के अलावा 78 आफ्टर शॉक्स दर्ज किए गए, जिनकी तीव्रता 4 से 5 रही। भारत सरकार ने तुर्किए में मेडिकल टीम के अलावा राहत और बचाव कार्य के लिए 100 कर्मियों वाली NDRF की 2 टीम भेजने का फैसला किया है।
उधर, अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। इसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार अडाणी पर संसद में बहस नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि सरकार डरी हुई है। मोदीजी पूरी कोशिश करेंगे कि अडाणी पर संसद में बहस नहीं हो।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी...
1. तुर्किये-सीरिया में 12 घंटे में भूकंप के 3 बड़े झटके, मलबे में दबे लोगों के लिए रेस्क्यू जारी
मिडिल ईस्ट के 4 देशों तुर्किये, सीरिया, लेबनान और इजराइल में भूकंप के झटके आए। लेबनान और इजराइल में नुकसान की खबर नहीं है। तुर्किये के वाइस प्रेसिडेंट फुआत ओक्ते के ऑफिस की तरफ से एक बयान जारी किया गया। कहा- देश के 10 शहरों में इमरजेंसी और रेड अलर्ट जारी रहेगा। सभी स्कूल-कॉलेज एक हफ्ते बंद रहेंगे। मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
तुर्किये के समय के मुताबिक, पहला झटका सुबह करीब चार बजे (7.8), दूसरा करीब 10 बजे (7.6) और तीसरा दोपहर 3 बजे (6.0) आया। 84 साल पहले 1929 में नॉर्थ ईस्ट तुर्किये के में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 30 हजार लोग मारे गए थे। वहीं साल 1999 में पश्चिम तुर्किये के इजमिट शहर में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप में 17 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
2. अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 13 दिन में करीब 55% गिरे, अडाणी अमीरों की लिस्ट में 18वें स्थान पर खिसके
हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट पब्लिश होने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 13 दिन में करीब 55% गिर चुके हैं। कंपनी के शेयर्स में सोमवार सुबह 5% की गिरावट आई। हालांकि, बाद में शेयर में रिकवरी दिखी और ये केवल 2% गिरकर 1,554 रुपए पर बंद हुआ।
शेयरों में गिरावट के बाद गौतम अडाणी की नेटवर्थ 60 बिलियन डॉलर हो गई है। पिछले साल ये 150 बिलियन डॉलर के करीब थी। सोमवार को जारी हुई फोर्ब्स की अमीरों की रियल टाइम लिस्ट में अडाणी 18वें स्थान पर आ गए। शुक्रवार को वह 22वें स्थान पर खिसक गए थे। 27 फरवरी के पहले अडाणी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे और एशिया में पहले नंबर पर थे।
पढ़ें पूरी खबर...
3. SC में याचिका- भाजपा नेता हाईकोर्ट जज कैसे बनीं, गौरी ने इस्लाम को हरा आतंक और ईसाई को सफेद आतंक कहा था
एडवोकेट लक्ष्मण चंद्रा विक्टोरिया गौरी को मद्रास हाईकोर्ट का जज बनाए जाने का विरोध शुरू हो गया है। गौरी की नियुक्ति के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई, जिस पर आज सुनवाई होगी। गौरी को सोमवार को ही सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की ओर से मद्रास हाईकोर्ट का जज नियुक्त किया गया।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जैसे ही राष्ट्रपति के पास गौरी के नाम की सिफारिश भेजी, मद्रास हाईकोर्ट के वकीलों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। वकीलों का कहना है कि गौरी भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव हैं। वकीलों ने कॉलेजियम और राष्ट्रपति को लिखे लेटर में गौरी के विवादित बयानों का जिक्र किया है। इसमें गौरी ने इस्लाम को हरा आतंक और ईसाई को सफेद आतंक बताया था।
पढ़ें पूरी खबर...
4. एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्ट्री का उद्घाटन, PM मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के तुमकुरु में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की हेलिकॉप्टर फैक्ट्री का उद्घाटन किया। यह फैक्ट्री हर साल करीब 30 हेलिकॉप्टर्स मैन्युफैक्चर करेगी। आने वाले 20 साल में यहां हजार से अधिक हेलिकॉप्टर बनाए जाएंगे। शुरुआत में यहां लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर (LUH) बनाए जाएंगे। हर साल इसकी क्षमता को 60 से 90 हेलिकॉप्टर की दर से बढ़ाया जा सकता है।
इस मौके पर PM मोदी ने कहा, 'यही HAL है जिसे बहाना बनाकर हमारी सरकार पर तरह-तरह के झूठे आरोप लगाए गए। राफेल जेट को लेकर लोगों को भड़काया गया और संसद का समय बर्बाद किया गया। यह फैक्ट्री विपक्ष के आरोपों का जवाब है। सच आज सामने आ रहा है।'
पढ़ें पूरी खबर...
5. चुनाव के दो महीने बाद भी दिल्ली को मेयर नहीं मिला, हंगामे के बाद तीसरी बार चुनाव टला
दिल्ली में मेयर का चुनाव तीसरी बार टल गया। इससे पहले 6 और 24 जनवरी को भी चुनाव नहीं हो पाए थे। नॉमिनेटेड मेंबर्स को वोट की मंजूरी मिलने के बाद भाजपा और AAP के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। नगर निगम का चुनाव हुए दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन शहर को अब तक मेयर नहीं मिल पाया है।
इस मामले पर AAP सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है। सदन स्थगित होने के बाद AAP ने भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी नेता आतिशी ने कहा कि भाजपा की मंशा साफ नजर आ रही है कि पार्टी मेयर का चुनाव नहीं करवाना चाहती है। दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि दिल्ली को एक भ्रष्ट मुख्यमंत्री मिला है, जिसका नाम लगातार शराब घोटाले में आ रहा है।
पढ़ें पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में...
खबर लेकिन हटके...
भारत में बने जंगी जहाज पर पहली बार विमान लैंडिंग, INS विक्रांत पर नेवी ने इतिहास रचा
इंडियन नेवी ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की है। नौसेना के पायलटों ने पहली बार स्वदेशी INS विक्रांत पर दो लड़ाकू विमानों की सफल लैंडिंग की। नेवी ने बयान जारी कर बताया कि हमने लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट और मिग-29K से सफल टेक ऑफ और लैंडिंग की है।
नेवी के वाइस चीफ वाइस एडमिरल एस.एन. घोरमाडे ने कहा कि यह ऐतिहासिक पल और बड़ी उपलब्धि है। PM मोदी ने 2 सितंबर 2022 को कोच्चि शिपयार्ड में भारत के पहले मेड इन इंडिया एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत को नौसेना में शामिल किया था। इसके साथ ही भारत 40 हजार टन से अधिक श्रेणी के एयरक्राफ्ट कैरियर बनाने की क्षमता रखने वाले देशों में शामिल हो गया।
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं...
वृषभ, कन्या, धनु और कुंभ राशि के लोगों के अटके काम पूरे हो सकते हैं। मिथुन-मीन राशि के लोग सतर्क रहें। आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.