नमस्कार, देश की सियासत में उलटफेर वाला दौर चल रहा है। महाराष्ट्र में बागियों ने शिवसेना की राजनीति पलट रखी है, तो UP और पंजाब में उपचुनावों के नतीजों ने समीकरण बदल दिए। BJP ने रामपुर और आजमगढ़ सपा से छीन लिए। आजमगढ़ की सीट सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने खाली की थी। यहां से उनके चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव हारे हैं। पंजाब में संगरूर सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरमेल सिंह चुनाव हार गए। ये सीट CM भगवंत मान ने छोड़ी थी। अब लोकसभा में आप का एक भी सांसद नहीं है।
देश-दुनिया की बड़ी खबरें सिर्फ 5 मिनट में पढ़िए, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में…
सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. महाराष्ट्र के बागी विधायकों के घरों की सुरक्षा बढ़ी, एक और मंत्री गुवाहाटी पहुंचे
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बागी विधायकों के लिए केंद्र से सुरक्षा मांगी है। हमले का खतरा देख उन्होंने राज्य के DGP से विधायकों के घरों के आसपास पुलिस तैनात करने के लिए कहा था। इस बीच केंद्र सरकार ने शिवसेना से बगावत करने वाले 15 विधायकों को Y प्लस कैटेगरी की सिक्योरिटी दी है। उधर, बागी गुट ने कहा है कि वह विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार है।
पढ़ें पूरी खबर…
2. सपा के गढ़ रामपुर-आजमगढ़ में BJP की जीत, पंजाब की संगरूर सीट हारी आप
लोकसभा की तीन और विधानसभा की 7 सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे आ गए हैं। UP की रामपुर और आजमगढ़ सीट BJP ने जीती हैं। ये दोनों सीटें सपा का गढ़ मानी जाती थीं। आजमगढ़ से भोजपुरी सिनेमा के स्टार दिनेश लाल निरहुआ जीते हैं। पंजाब के संगरूर में आप को हार मिली है। विधानसभा सीटों में 3 पर BJP, 2 पर कांग्रेस, एक पर आप और एक पर YSR कांग्रेस जीती है।
पढ़ें पूरी खबर…
3. तीस्ता सीतलवाड़ को कोर्ट ने 2 जुलाई तक कस्टडी में भेजा, आरोपों की जांच SIT करेगी
एक्टिविस्ट तीस्ता सीतलवाड़ और पूर्व DGP श्रीकुमार को अहमदाबाद मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 2 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उन पर गुजरात दंगे से जुड़े मामलों में सबूत गढ़ने के आरोप हैं। आरोपों की जांच के लिए SIT बनाई गई है। SIT को गुजरात ATS के DIG लीड करेंगे। तीस्ता को मुंबई में उनके घर से हिरासत में लेने के बाद अहमदाबाद लाया गया था।
पढ़ें पूरी खबर...
4. टीम इंडिया ने आयरलैंड को 7 विकेट से हराया, पंड्या की कप्तानी में पहली जीत
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में भारत ने आयरलैंड को 7 विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए आयरलैंड ने 109 रनों का टारगेट दिया। हैरी टेक्टर ने सबसे ज्यादा 64 रन बनाए। डेब्यू मैच में उमरान मलिक ने एक ओवर फेंका और 14 रन दिए। जवाब में टीम इंडिया ने 9.2 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया। दीपक हुड्डा ने 47 रन बनाए। पंड्या ने 24 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिया।
पढ़ें पूरी खबर...
5. मध्यप्रदेश ने पहली बार रणजी ट्रॉफी जीती, 41 बार की चैंपियन मुंबई को हराया
मध्यप्रदेश ने 41 बार की चैंपियन मुंबई को हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी जीत ली। मध्यप्रदेश की टीम पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी। मुंबई ने पहली पारी में 374 रन बनाए थे। जवाब में मध्यप्रदेश ने 536 रन बनाकर 162 रनों की बढ़त ली। दूसरी पारी में मुंबई ने 269 रन बनाकर मध्यप्रदेश के सामने 108 रनों का टारगेट रखा, जिसे MP की टीम ने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पढ़ें पूरी खबर...
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
खबर लेकिन कुछ हटके…
राजस्थान में पूर्व विधायकों की पेंशन का खर्च 37 करोड़ रुपए, गुजरात एक रुपया नहीं देता
एक विधायक या सांसद एक दिन के लिए भी कुर्सी पर रहे, तो उन्हें जिंदगीभर पेंशन मिलती है। जितनी बार विधायक या सांसद बनेंगे, उतनी ही बार की पेंशन जुड़ जाएगी। राजस्थान में ही 483 पूर्व विधायक पेंशन ले रहे हैं। प्रदेश सरकार इस पर हर साल 37 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। वहीं पड़ोसी गुजरात अपने विधायकों को एक रुपया पेंशन नहीं देता। पंजाब में कितनी भी बार विधायक बनें, पेंशन एक ही टर्म की मिलती है। राजस्थान में पेंशन का गणित जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर...
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
फोटो जो खुद में खबर है…
रूस ने रविवार को यूक्रेन की राजधानी कीव पर एक के बाद एक कई मिसाइलें दागीं। ये हमले जिस वक्त हुए, तभी जर्मनी में जी-7 की मीटिंग शुरू हो रही थी। यूक्रेन एयरफोर्स के प्रवक्ता ने बताया कि राजधानी पर 4 से 6 मिसाइल अटैक हुए हैं। पूरी जंग के दौरान रूस ने कीव पर कम ही हमले किए हैं। ताजा हमला भी 21 दिन बाद हुआ है। जी-7 की मीटिंग के वक्त मिसाइल अटैक को अमेरिका और यूरोप को संदेश की तरह देखा जा रहा है।
आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
लंदन में 1967 में आज के ही दिन दुनिया की पहले ATM की शुरुआत हुई थी। बैंक की लाइन में खड़े रहने से परेशान जॉन शेफर्ड बैरन ने ये मशीन बनाई थी। इसका आइडिया उन्हें चॉकलेट वेंडिंग मशीन से आया था। पहले उन्होंने 6 अंकों का पिन रखा था, लेकिन पत्नी को याद न रहने की वजह से इसे 4 अंकों का कर दिया। तब एक बार में 10 पाउंड (आज के हिसाब से करीब 1 हजार रुपए) ही निकलते थे। 1977 में सिटी बैंक ने न्यूयॉर्क में ATM लगाने के लिए 100 मिलियन डॉलर खर्च किए। सिटी बैंक को भारत में भी ATM को बढ़ावा देने का श्रेय जाता है।
कन्या राशि के नौकरीपेशा लोगों के लिए दिन अच्छा रहेगा, आप भी जानिए अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें..
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.