राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई इलाकों के साथ ही दिल्ली-मुंबई में शनिवार को बादलों का डेरा रहा। मौसम के यूटर्न ने यहां सर्दी और बढ़ा दी है। राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर संभाग के 12 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई है। जयपुर में जनवरी में एक दिन में हुई बारिश का 4 साल का रिकॉर्ड टूट गया। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर संभाग के जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया।
मध्यप्रदेश में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, रतलाम, इंदौर और भोपाल में हल्की बारिश हुई है। प्रदेश के 17 जिलों में आगे भी हल्की से तेज बारिश हो सकती है। मुंबई और दिल्ली में भी शनिवार को बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में इस साल जनवरी में लगभग 70 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले 32 साल में इस महीने में सबसे ज्यादा है। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में शनिवार रात साढ़े नौ बजे तक 69.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
कोरोना के कारण वेस्टइंडीज के भारत दौरे का शेड्यूल बदला
कोरोना की तीसरी लहर के कारण वेस्टइंडीज के भारत दौरे का शेड्यूल बदला गया है। BCCI ने तय किया है कि यह मुकाबले 6 नहीं, बल्कि 2 शहरों में होंगे। बोर्ड ने कहा कि वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले अहमदाबाद और टी-20 सीरीज के 3 मैच कोलकाता में खेले जाएंगे।
बोर्ड का कहना है कि टीमों, मैच ऑफिशियल्स, ब्रॉडकास्टर्स के ट्रैवल को सीमित रखने के लिए यह फैसला किया गया है ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम रहे। वेस्टइंडीज की टीम 6 फरवरी से 20 फरवरी तक वनडे और टी-20 सीरीज खेलेगी। पहले ये मुकाबले कोलकाता और अहमदाबाद के अलावा 4 अन्य शहरों विशाखापट्टनम, तिरुअनंतपुरम, जयपुर और कटक में भी होने थे।
कश्मीर के शोपियां जिले में लश्कर से जुड़े दो आतंकी ढेर
कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने शनिवार को लश्कर से जुड़े 2 आतंकियों को मार गिराया। यह एनकाउंटर किलबल एरिया में हुआ। कश्मीर जोन पुलिस के मुताबिक, यहां ऑपरेशन अब भी चल रहा है। मारे गए आतंकी लोकल बताए जा रहे हैं, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के किलबल में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। जवान इलाके में तलाशी ले रहे थे तो आतंकवादियों ने उन पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए। दोनों लश्कर-ए-तैयबा के शेडो ग्रुप द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) के सदस्य थे। एनकाउंटर वाली जगह से हथियार और गोला-बारूद मिले हैं।
असदुद्दीन ओवैसी ने UP में गठबंधन का ऐलान किया, 2 CM का फॉर्मूला भी दिया
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। ओवैसी ने बाबू सिंह कुशवाहा और भारत मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने 2 CM और 3 डिप्टी CM का फॉर्मूला भी सामने रखा।
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- अगर हमारा गठबंधन 'भागीदारी परिवर्तन मोर्चा' सत्ता में आता है तो यूपी में दो मुख्यमंत्री होंगे, एक ओबीसी कम्युनिटी से और दूसरा दलित कम्युनिटी से। इसके अलावा 3 उप मुख्यमंत्री भी होंगे, जिनमें से एक मुस्लिम कम्युनिटी से होगा।
ओवैसी ने कहा कि 95 प्रतिशत सीटों पर भागीदारी परिवर्तन मोर्चा के उम्मीदवार खड़े होंगे। किस पार्टी के उम्मीदवार कहां से चुनाव लड़ेंगे, यह बात तय की जा चुकी है। मोर्चा के कन्वीनर बाबू सिंह कुशवाहा होंगे। इस दौरान ओवैसी ने दलितों को साधने की पूरी कोशिश की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह पूछे जाने पर कि क्या यह गठबंधन मजबूरी से बना है, बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह मजबूरी का अलायंस नहीं है। हमने लंबे समय तक दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए काम किया है।
IPL 2022 के सभी मुकाबले मुंबई के 3 स्टेडियम में होंगे
IPL 2022 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। टूर्नामेंट भारत में ही होगा और इसके सभी मैच मुंबई में ही खेले जाएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने ANI से इस बात की पुष्टि की है। सूत्र के मुताबिक टूर्नामेंट की शुरुआत 27 मार्च से हो सकती है। इस पर आखिरी मुहर 20 फरवरी को होने वाली मीटिंग के बाद लगेगी। मुंबई में 3 स्टेडियम- वानखेड़े स्टेडियम, क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) और डीवाई पाटिल स्टेडियम (नवी मुंबई) हैं। इनके अलावा अगर जरूरत पड़ी तो कुछ मैच पुणे में भी कराए जा सकते हैं।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में धनीपुर हवाई पट्टी के पास शनिवार को एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। हादसे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरक्राफ्ट में सवार पायलट और ट्रेनी छात्र सुरक्षित हैं।
जेन बौद्ध विचारक और गुरु तिक न्यात हन्ह का 95 साल की उम्र में निधन
प्रबुद्ध जेन बौद्ध महंत, विचारक, कवि और एक्टिविस्ट तिक न्यात हन्ह का 95 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने वियतनाम के उसी तु हियु मंदिर में प्राण त्यागे, जहां से उनकी आध्यात्मिक यात्रा शुरू हुई थी। उनके अनुनायियों ने उनके आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करके उनके निधन की जानकारी दी।
वियतनाम युद्ध को खत्म करने का आह्वान करने के लिए करीब 40 साल के लिए उन्हें देश से निष्कासित किया गया था, लेकिन अपनी शिक्षाओं के चलते वे बुद्ध धर्म में प्रभावी होते चले गए और दलाई लामा के बाद उन्हें ही सबसे प्रमुख माना जाने लगा।
BSP ने 51 नामों की दूसरी सूची जारी की
बसपा प्रमुख मायावती ने दूसरे चरण की 55 में से 51 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नया नारा भी दिया। कहा- हर पोलिंग बूथ को जिताना है, बसपा को सत्ता में लाना है। बचे हुए 4 उम्मीदवारों के नाम भी जल्द घोषित किए जाएंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें...
मैनुपरी के करहल से ही लड़ेंगे अखिलेश यादव, कहा- 22 लाख युवाओं को रोजगार देंगे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का मैनपुरी की करहल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ना तय हो गया है। लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। दो दिन से अखिलेश के इस सीट से चुनाव लड़ने की बात कही जा रही थी। आज इसकी आधिकारिक घोषणा हो चुकी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
मुंबई के ताड़देव इलाके में 20 मंजिला इमारत में भीषण आग; दो लोगों की मौत, 19 झुलसे
मुंबई में शनिवार सुबह एक 20 मंजिला इमारत में आग लग गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों में से दो बुजुर्ग हैं। वहीं, 15 लोग झुलस गए। इनमें 6 बुजुर्ग हैं। आग ताड़देव इलाके की इमारत कमला सोसायटी में लगी। 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझा पाया गया। पूरी खबर यहां पढ़ें...
देश के पूर्व फुटबॉलर सुभाष भौमिक का निधन, 72 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
एशियाई खेलों के पदक विजेता एवं पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी सुभाष भौमिक का शनिवार की सुबह निधन हो गया है। सुबह 3:30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। ये जानकारी उनके परिवार के एक सदस्य ने दी है। 72 साल के सुभाष लंबे समय से किडनी व डायबिटीज की बीमारी से जूझ रहे थें। सुभाष भौमिक 1970 में एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
पारिवार के सद्स्य ने बताया, 'उन्हें लगभग साढ़े तीन महीने तक लगातार डायलिसिस से गुजरना पड़ा। करीब 23 साल पहले उनकी बाइपास सर्जरी भी हुई थी। हाल ही में, उन्हें छाती में संक्रमण के साथ एकबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।'
जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में 4.0 तीव्रता का भूकंप
जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिएक्ट स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 मापी गई है। एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। इससे पहले कारगिल में भी आज रात 02.53 भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे।
मथुरा-पलवल रूट पर मालगाड़ी पटरी से उतरी; भोपाल शताब्दी रद्द, 10 से ज्यादा ट्रेन के रूट बदले
भोपाल से होकर आने-जाने वाले रेल यात्रियों के लिए आज परेशानी हो सकती है। उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल के मथुरा-पलवल रेल मार्ग पर भूतेश्वर-वृंदावन के मध्य मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे ट्रैक पर रेल ट्रैफिक पूरी तरह बंद हो गया। इस कारण आज यानी शनिवार को नई दिल्ली-रानी कमलापति शताब्दी ट्रेन दोनों तरफ से रद्द कर दी गई है।
इस ट्रैक से होकर चलने वाली कुछ गाड़ियों को निरस्त किया गया है। कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है। हजरत निजामुद्दीन-कन्याकुमारी एक्सप्रेस और हजरत निजामुद्दीन विशाखापत्तनम एक्सप्रेस भी प्रारंभिक स्टेशन से कैंसिल रहेगी। इसके साथ ही 10 से ज्यादा ट्रेन के रूट बदले गए हैं। सभी ट्रेन की स्थिति यहां देखें..
उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए कांग्रेस की लिस्ट तैयार
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने कैंडिडेट्स की लिस्ट तैयार कर ली है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी है। शनिवार को कांग्रेस की तरफ से इन नामों का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। टिकट फाइनल करने के लिए शुक्रवार देर रात तक चली मीटिंग के बाद उत्तराखंड के इंचार्ज देवेंद्र यादव ने कहा, 'सभी सीटों पर कैंडिडेट के नामों पर चर्चा हुई है। पूरी लिस्ट शनिवार को सार्वजनिक की जाएगी।'
गोवा में ममता ने कांग्रेस को दिया था गठबंधन का ऑफर
गोवा विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस यानी TMC ने कांग्रेस को गठबंधन करने का ऑफर दिया था। इसके लिए पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कुछ हफ्ते पहले खुद सोनिया गांधी से संपर्क किया था। TMC के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन के वर्मा ने न्यूज एजेंसी से कहा, 'ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से कहा था कि पिछली बातों को भूलकर हम 2022 में नई शुरुआत कर सकते हैं।'
पवन वर्मा ने कहा कि ममता बनर्जी के प्रस्ताव पर सोनिया गांधी ने विचार करके जवाब देने की बात कही थी, लेकिन उनकी तरफ से कोई उत्तर नहीं आया। यह पूछे जाने पर कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के खिलाफ लड़ने वाली TMC गोवा में कांग्रेस से गठबंधन क्यों करना चाहती है, वर्मा ने कहा कि ऐसा करने के पीछे भाजपा के खिलाफ मजबूत गठबंधन तैयार करने की मंशा थी।
कारगिल में भूकंप, 4 रही तीव्रता
जम्मू-कश्मीर के कारगिल में आज रात 02.53 भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिएक्ट स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 मापी गई है। भूकंप का केंद्र कारगिल से 169 किलोमीटर उत्तर में था। इसके अलावा शुक्रवार को रात 9.38 बजे जापान के नागासाकी में 6.3 का और अरुणाचल प्रदेश के पांगिन में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने इसके बारे में जानकारी दी है।
UP समेत पांच राज्यों में चुनावी रैलियों पर फैसला आज
चुनाव आयोग शनिवार यानी आज पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान चुनावी रैलियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक करने वाला है। इस बैठक में इस बात पर फैसला लिया जाएगा कि चुनावी रैलियों पर पाबंदी को आगे बढ़ाया जाना है या नहीं। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव समेत राज्यों के अधिकारी शामिल होंगे।
इससे पहले चुनाव आयोग ने कोरोना की वजह से 8 जनवरी से 15 जनवरी और 15 जनवरी से 22 जनवरी तक के लिए जनसभाओं पर पाबंदी लगाई थी। इस पाबंदी की मियाद आज यानी शनिवार को खत्म हो रही है।
देश में पहली बार ATS शुरू करने वाले पूर्व IPS आफताब अहमद खान का निधन
देश में पहली बार आतंक निरोधी दस्ता (ATS) की स्थापना करने वाले पूर्व IPS आफताब अहमद खान का शुक्रवार को 81 साल की उम्र में निधन हो गया। 1963 बैच के अफसर खान ने 1995 में IG पद से इस्तीफा दिया था। 1990 में मुंबई पुलिस में ATS का गठन किया। लोखंडवाला शूटआउट टीम का नेतृत्व भी खान ने ही किया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.