दिल्ली के कंझावला केस में आरोपियों ने माना है कि गाड़ी के नीचे अंजलि के फंसे होने की बात उन्हें मालुम थी। आरोपियाें ने कहा कि हादसे के बाद उन्होंने कई बार कार का यू टर्न लिया, क्योंकि वे बहुत डर गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने ये भी माना है कि गाड़ी में तेज म्यूजिक चलने वाली कहानी झूठी थी।
31 दिसंबर की रात करीब 1.30 बजे कंझावला इलाके में अंजलि का एक्सीडेंट हुआ था। पुलिस के मुताबिक अंजलि स्कूटी से घर लौट रही थी। तभी कार सवार 5 युवकों ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भाग निकले। अंजलि कार के नीचे फंसी रही। उसे 12 किमी तक घसीटा गया। पहले 4 किमी घसीटने की बात सामने आई थी। बाद में यह भी खुलासा हुआ कि अंजलि के साथ उसकी दोस्त निधि भी थी और उसे मामूली चोटें आईं, लेकिन हादसे के बाद वह मौके से भाग गई थी।
निधि 8 महीने से आगरा तारीख पर नहीं गई
उधर, निधि को लेकर आगरा में उसके वकील ने खुलासा किया है। वकील मो. आसिफ आजाद ने बताया कि निधि पिछले 8 महीने से गांजा तस्करी के केस में कोर्ट में पेश नहीं हुई। सिर्फ यही नहीं, निधि ने वकील से संपर्क भी नहीं किया।
निध को आगरा में गांजा तस्करी में GRP ने पकड़ा था। दिल्ली हादसे की जानकारी मिलते ही GRP ने अपने रिकॉर्ड खंगाले। पता चला कि 6 दिसंबर 2020 को आगरा कैंट स्टेशन पर निधि को पकड़ा गया था। वहां से उसे जेल भेजा गया था। पढ़ें पूरी खबर
मामले से जुड़े बड़े अपडेट्स ...
भाई को बचाने की साजिश रचने वाले आरोपी को जमानत मिली
केस में भाई को बचाने की साजिश रचने और बाकी आरोपियों को छुपाने वाले आरोपी अंकुश खन्ना को शनिवार को जमानत मिल गई। कोर्ट ने 20 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दी। कोर्ट ने कहा कि जांच में जरूरत पड़ने पर आना होगा।
शुक्रवार को अंकुश खन्ना ने सुल्तानपुरी थाने में सरेंडर किया था। उसने अपने बयान में पुलिस से झूठ बोला था। अंकुश ने कहा था कि हादसे के वक्त कार उसका भाई अमित खन्ना नहीं, बल्कि दीपक चला रहा था। हालांकि बाद में, पुलिस जांच में पता चला कि अमित ही गाड़ी चला रहा था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। बाकी 6 आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है।
अब तक के घटनाक्रम को ऐसे समझिए...
31 दिसंबर: कार से लड़की को 12 किमी तक घसीटा
रात करीब 1.30 बजे कंझावला इलाके में यह हादसा होता है। पुलिस के मुताबिक, अंजलि स्कूटी से घर लौट रही थी। कार सवार 5 युवकों ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भाग निकले। अंजलि कार के नीचे फंसी रही। उसे 12 किमी तक घसीटा गया। पहले 4 किमी घसीटने की बात सामने आई थी। निधि हादसे के बाद मौके से भाग गई और घर पहुंच गई थी।
1 जनवरी: पुलिस ने बिना कपड़ों के लाश बरामद की, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपी मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को गिरफ्तार कर लिया। कार भी जब्त कर ली। DCP हरेन्द्र सिंह ने बताया कि शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे पुलिस को खबर मिली कि कंझावला इलाके में एक लड़की सड़क किनारे बिना कपड़ों के पड़ी है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो लड़की का शव पड़ा मिला।
2 जनवरी: लड़की को कार से घसीटने के फुटेज सामने आए
सोमवार को सुल्तानपुर से कंझावला इलाके का एक CCTV फुटेज सामने आया। इसमें युवती को कार के नीचे घिसटते देखा जा सकता है। इसके बाद आम आदमी पार्टी ( AAP) ने प्रदर्शन किया। CM अरविंद केजरीवाल ने सख्त से सख्त सजा देने की मांग की।
पुलिस ने एक्सीडेंट तो परिवार ने मर्डर बताया
पीड़ित का परिवार: मां का कहना था कि वह बहुत सारे कपड़े पहने थी, लेकिन जब उसकी बॉडी मिली तो वह पूरी तरह नेकेड थी। एक भी कपड़ा नहीं था। ये कैसा एक्सीडेंट है?
पुलिस का दावा: DCP हरेन्द्र सिंह ने बताया कि ये पूरा मामला एक्सीडेंट का है। हादसे से लड़की की बॉडी क्षतविक्षत हो गई। लहूलुहान हो गई।
3 जनवरी: स्कूटी पर साथ दिखी निधि का दावा- अंजलि बहुत नशे की हालत में थी
मंगलवार को इस मामले में निधि नाम की लड़की की एंट्री हुई। अंजलि और निधि का 31 दिसंबर की रात का एक फुटेज मिला। यह OYO होटल के सामने का था। इसमें दोनों स्कूटी के पास बात करती देखी जा सकती हैं। इसके बाद दोनों स्कूटी से घर के लिए निकल जाती हैं।
छानबीन में सामने आया कि अंजलि निधि के साथ न्यू-ईयर पार्टी करने होटल गई थी। होटल के मैनेजर ने पुलिस को बताया कि लड़कियों की किसी बात पर दोस्तों से लड़ाई हो गई थी, बाद में उनकी आपस में भी लड़ाई हुई और फिर होटल स्टाफ ने उन्हें जाने के लिए कहा था।
निधि ने दावा किया, "अंजलि बहुत नशे की हालत में थी। मैंने उसे कहा था कि मुझे स्कूटी चलाने दे लेकिन उसने मुझे स्कूटी चलाने नहीं दी। कार से टक्कर हुई उसके बाद मैं एक तरफ गिर गई और वो कार के नीचे आ गई, उसके बाद गाड़ी के नीचे वह किसी चीज में अटक गई। उसे गाड़ी घसीटते हुए ले गई। मैं डर गई थी इसलिए मैं वहां से चली गई और किसी को कुछ नहीं बताया।"
उधर, दोपहर तक अंजलि की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप न होने की पुष्टि होती है। इसमें उसके शरीर पर 40 जख्मों के निशान मिलने की बात सामने आती है।
4 जनवरी: फोरेंसिक रिपोर्ट सामने आई, निर्भया की मां अंजलि के परिवार से मिलीं
अंजलि की मां ने शक जाहिर किया कि खुद को अंजलि की दोस्त बता रही निधि भी इसमें शामिल हो सकती है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मृतका की मां से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने 10 लाख रुपए देने का ऐलान किया।
फोरेंसिक रिपोर्ट सामने आई। इसमें कार के अंदर अंजलि के होने का कोई सबूत नहीं मिला। इसमें बताया गया कि अंजलि कार के फ्रंट लेफ्ट टायर में फंसी थी, क्योंकि इसी टायर के पीछे ज्यादातर खून के धब्बे पाए गए हैं। कार के नीचे दूसरे हिस्सों में भी खून के धब्बे मिले। निर्भया की मां आशा देवी ने अंजलि के परिवार से मुलाकात की।
5 जनवरी: पुलिस ने दावा किया- आरोपी 5 नहीं, बल्कि 7 हैं
पुलिस ने 5 जनवरी को 3 बड़े खुलासे किए। पहला- आरोपी 5 नहीं, बल्कि 7 हैं। दूसरा- आरोपियों का मृतक लड़की अंजलि और चश्मदीद निधि के साथ पुराना कनेक्शन नहीं है। तीसरा- जो लड़का कार चला रहा था, उसका नाम अमित है। उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है।
इसके अलावा पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पता था कि लड़की कार के नीचे फंसी है। इसके बाद भी वे गाड़ी चलाते रहे। हादसा 31 दिसंबर की रात को 2 बजकर 4 मिनट से 2 बजकर 6 मिनट के बीच हुआ। अंजलि का मोबाइल अभी तक नहीं मिल पाया।
6 जनवरी: निधि-अंजलि के साथ स्कूटी पर एक लड़का भी दिखा
हादसे से पहले के दो वीडियो शुक्रवार शाम को सामने आए। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि पहले वीडियो में एक लड़का स्कूटी चलाता दिख रहा है, पीछे निधि और अंजलि बैठी हैं। यह लड़का इन्हें गली के बाहर छोड़ देता है। अंजलि के हाथ में मोबाइल है और वो कुछ देर लड़के से बात भी करती है।वहीं, दूसरे वीडियो में गली से निकलकर अंजलि और निधि आती दिख रही हैं, लेकिन अब लड़का साथ में नहीं है। अंजलि और निधि एक साथ जाती दिख रही हैं। निधि पीछे बैठी है, जबकि अंजलि स्कूटी चला रही है।
शुक्रवार को ही दिल्ली सरकार ने अंजलि के परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की मंजूरी दी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अंजलि की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया। इसकी भरपाई नहीं की जा सकती। शाहरुख खान का NGO मीर फाउंडेशन भी आर्थिक मदद के लिए आगे आया है।
7 जनवरी: अंजलि का 6 महीने भी हुआ था एक्सीडेंट, निधि ड्रग्स में पकड़ी गई
अंजलि और निधि को लेकर शनिवार को बड़े खुलासे हुए हैं। निधि दो साल पहले आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ड्रग तस्करी करते हुए पकड़ी गई थी तो वहीं, अंजलि का छह महीने पहले नशे में तेज रफ्तार में स्कूटी चलाने की वजह से एक्सीडेंट हुआ था। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें स्कूटी हवा में उछलकर दूर गिरती दिख रही है।
16 जुलाई 2022 का यह वीडियो रात करीब 2 बजे का है। हादसे के बाद हुई मेडिकल जांच की रिपोर्ट में बताया गया है कि अंजलि ने कई बार उल्टियां कीं। नाक या गले से खून आया। इसके अलावा सांस में एल्कोहल की गंध भी पाई गई।
शनिवार को ही दिल्ली पुलिस ने बताया है कि स्कूटी पर अंजलि के पीछे बैठी निधि NDPS एक्ट के तहत ड्रग्स केस में गिरफ्तार हो चुकी है। वह 6 जनवरी 2020 को तेलंगाना से गांजा लेकर आगरा रेलवे स्टेशन पहुंची थी, जहां उसे पकड़ा गया था। निधि के साथ समीर और रवि नाम के दो लड़के भी गिरफ्तार हुए थे। फिलहाल निधि जमानत पर बाहर है। रिपोर्ट के मुताबिक, निधि और उसके साथी आगरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक बेंच पर बैठे हुए थे। वे पुलिस को देखकर घबरा गए और तुरंत अपना बैग लेकर भागने लगे। रोकने पर भी नहीं रुके। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। तीनों ने ही बैग में गांजा होने की बात को स्वीकारा था।
कंझावला केस से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए ...
1. अंजलि एक्सीडेंट केस के आरोपियों के घरों पर ताले
कंझावला में 20 साल की अंजलि को कार से घसीटकर मारने के आरोपियों के घर ताले लटके हैं। पड़ोसियों से बात करने पर पता चला कि चार आरोपियों का झगड़े या शराब पीकर हंगामा करने का रिकॉर्ड नहीं है। बस मनोज मित्तल के बारे में एक पड़ोसी ने बताया कि वह सट्टे का काम करता था। पढ़ें पूरी खबर...
2. कंझावला केस का गवाह बोला-कार के नीचे लड़की देख जान निकल गई
जोमैटो डिलीवरी बॉय विकास मेहरा कंझावला कांड के चश्मदीद गवाहों में से एक हैं। विकास बताते हैं- ‘मुझे कार के नीचे लड़की का सिर नजर आया, उसकी पूरी बॉडी कार के नीचे घिसट रही थी। मेरी तो जान ही निकल गई। वो गाड़ी मुझसे भी टकराने वाली थी, लेकिन स्पीड बढ़ाकर मुझसे आगे निकल गई।’ पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.