नेशनल हेराल्ड केस में मंगलवार को राहुल गांधी से लगातार दूसरे दिन पूछताछ की गई। ED अफसर ने पहले राउंड में राहुल से 4 घंटे से भी ज्यादा समय तक पूछताछ की। लंच ब्रेक में राहुल तुगलक रोड स्थित अपने बंगले पहुंचे। लंच के बाद फिर एजेंसी के दफ्तर पहुंचे राहुल से करीब 6 घंटे दोबारा पूछताछ हुई। उन्हें बुधवार को फिर बुलाया गया है।
इससे पहले सोमवार को पूछताछ के बाद लंच ब्रेक में राहुल मां सोनिया गांधी से मिलने सर गंगाराम हॉस्पिटल पहुंचे थे। सोमवार को उनसे करीब 9 घंटे तक पूछताछ की गई थी। राहुल कार से जांच एजेंसी के ऑफिस पहुंचे। उनके साथ प्रियंका गांधी भी थीं। राहुल को छोड़ने के बाद प्रियंका वहां से चली गईं। दोनों दिन कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुए हंगामे के कारण वहां धारा 144 लागू कर दी है।
राहुल के साथ पैदल मार्च कर रहे कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को घसीटकर पुलिस ने वैन में बैठा लिया। मार्च में शामिल अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया गया था। सुरजेवाला ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें चोट आई है। पी चिदंबरम को भी पसली में चोट आई है।
CM बघेल की पुलिस से झड़प
कांग्रेस कार्यालय के पास लगे बैरिकेड पर रोके जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दिल्ली पुलिस से झड़प हो गई। उन्होंने पुलिस से कहा- आप एक मुख्यमंत्री को नहीं रोक सकते हैं। लेकिन, पुलिस ने उन्हें नहीं जाने दिया। इससे पहले राहुल अपने घर से प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। जहां कांग्रेस के तमाम नेताओं ने ओपन एरिया में बातचीत की। यहां से रणनीति तैयार होने के बाद राहुल ED दफ्तर के लिए रवाना हुए।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का हंगामा
बैरिकेड पर रोके जाने के बाद दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने हंगामा किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और जोर-जोर से चिल्लाने लगे कि गोली मारो मुझे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर वैन में बैठाया तो पुलिस और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
ये नेता हिरासत में
रणदीप सिंह सुरजेवाला, हरीश रावत, केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, गौरव गोगोई, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, रंजीत रंजन, इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अकबर रोड से हिरासत में ले लिया है। इन्हें बद्रपुर थाने ले जाया गया है। सोमवार को करीब एक हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें देर रात छोड़ दिया गया था।
सरकार संपत्ति बेच रही, विरोध करने वालों की आवाज दबा रही: सुरजेवाला
कांग्रेस कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा- सरकार 70 साल में बनाई गईं संपत्तियों को बेच रही है। इसके विरोध में उठने वाली राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस डरने वाली नहीं है।
पहले भ्रष्टाचार किया, अब ड्रामा कर रहे हैं: पात्रा
राहुल की पेशी के विरोध में हो रहे कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का बयान आया है। उन्होंने कहा- गांधी परिवार खुद को देश का प्रथम परिवार समझता है। राहुल खुद को राजकुमार समझते हैं। देश में ना को राजा है ना राजकुमार। हमारे प्रधानमंत्री भी खुद को प्रधान सेवक कहते हैं। सोनिया-राहुल ने पहले भ्रष्टाचार किया, अब ड्रामा कर रहे हैं।
सोमवार को ED अफसरों से कहा था- रात में यहीं रोकने का इरादा है क्या?
जांच एजेंसी ने सोमवार को राहुल गांधी से करीब 9 घंटे पूछताछ की थी। राहुल ने देर रात तक हो रही पूछताछ के दौरान ED के अफसर से कहा कि 'क्या रात को यहीं रोकने का इरादा है। यदि ऐसा है, तो मैं डिनर के बाद आऊं।'
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान एजेंसी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं दिखी। उनसे कुछ पेपर्स भी मांगे गए हैं। राहुल कई बार एजेंसी के सवाल का जवाब देने से बचते नजर आए। इसके चलते उन्हें मंगलवार को दोबारा बुलाया गया।
ED ने पूछा- 50 लाख के शेयर के लिए पैसे कैसे जुटाए?
हिरासत में लिए गए नेताओं से मिलने पहुंचीं प्रियंका
पुलिस ने सोमवार को राहुल गांधी के साथ ED ऑफिस जा रहे नेताओं को हिरासत में ले लिया था। इनमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई नेता शामिल हैं। प्रियंका गांधी ने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन पहुंचकर इन नेताओं से मुलाकात की थी।
राहुल को घर से ED ऑफिस पहुंचने में 45 मिनट लगे
कांग्रेस मुख्यालय से ED ऑफिस तक का रास्ता सील रहा
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से ED ऑफिस तक का रास्ता सील कर दिया था। ED दफ्तर के पास थ्री-लेयर सुरक्षा घेरा है। पहले घेरे के पास ही पुलिस ने कांग्रेस का मार्च रोक लिया था। यहां कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इससे पहले सोमवार सुबह राहुल गांधी से जांच के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से हिरासत में ले लिया था।
ED ने सोनिया को भी बुलाया
ED ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को 23 जून को पूछताछ के लिए बुलाया है। इससे पहले 8 जून को पूछताछ के लिए समन किया था, लेकिन 1 जून को वे कोरोना पॉजटिव हो गई थीं। इसी वजह से वे पेश नहीं हो पाईं। वहीं, रविवार को कोरोना के चलते सोनिया की तबीयत बिगड़ गई। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
केस को ऐसे समझिए
1938 में कांग्रेस पार्टी ने एसोसिएट जर्नल्स लिमिटेड (AJL) बनाई थी। इसी के तहत नेशनल हेराल्ड अखबार निकाला जाता था। 26 फरवरी 2011 को AJL पर 90 करोड़ से ज्यादा का कर्ज था और इसी को खत्म करने के लिए एक और कंपनी बनाई गई। जिसका नाम था यंग इंडिया लिमिटेड। इसमें राहुल और सोनिया की हिस्सेदारी 38-38% थी।
यंग इंडिया को AJL के 9 करोड़ शेयर दिए गए। कहा गया कि इसके एवज में यंग इंडिया AJL की देनदारियां चुकाएगी, लेकिन शेयर की हिस्सेदारी ज्यादा होने की वजह से यंग इंडिया को मालिकाना हक मिला। AJL की देनदारियां चुकाने के लिए कांग्रेस ने जो 90 करोड़ का लोन दिया था, वह भी बाद में माफ कर दिया गया।
55 करोड़ की हेराफेरी का है आरोप
2012 में सुब्रमण्यम स्वामी ने सोनिया और राहुल के खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज कराया था। इसमें स्वामी ने गांधी परिवार पर 55 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप लगाया था। हालांकि, इस केस में ED की एंट्री साल 2015 में हुई।
केस में अब तक क्या-क्या हुआ
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.