सरल वास्तु एक्सपर्ट चंद्रशेखर अंगड़ी की मंगलवार को दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वे हुबली के द प्रेसिडेंट होटल में ठहरे थे। यहां आए दो लोगों ने उन्हें चाकू से ताबड़तोड़ वार करके मौत के घाट उतार दिया। पुलिस का कहना है कि वारदात का CCTV फुटेज मिला है, जिसमें युवकों को उनका पैर छूते और चाकू से हमला करते देखा जा सकता है।
घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने अंगड़ी को KIMS हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि बागलकोट के रहने वाले चंद्रशेखर ने बतौर कॉन्ट्रैक्टर अपना करियर शुरू किया था। उन्हें मुंबई में एक नौकरी मिली और वे वहीं बस गए। बाद में उन्होंने मुंबई में ही वास्तु को अपना प्रोफेशन बना लिया।
पुलिस ने ये भी बताया कि 3 दिन पहले उनके परिवार में एक बच्चे की हुबली में मौत हो गई थी, इस वजह से वह हुबली आए थे। घटना की जानकारी मिलते ही हुबली पुलिस आयुक्त लाभू राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
सीएम बोले- मैंने वीडियो देखा है
इस घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है- यह एक जघन्य हत्या है। मैंने वीडियो देखा है। हुबली पुलिस कमिश्नर से बात की है। अभी जांच चल रही है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे और हत्या का कारण भी पता चल जाएगा। मैं इस हत्या की निंदा करता हूं।
CCTV में कैद हुआ हत्याकांड
होटल के CCTV वीडियो में चंद्रशेखर अंगड़ी को होटल के रिसेप्शन पर पहुंचते और वहां एक कुर्सी पर बैठते देखा जा सकता है। तभी वहां पहले से मौजूद दो युवक उनके पास जाते नजर आते हैं। एक उनके बाईं ओर खड़ा हो गया और दूसरा सामने से जाकर पैर छूने लगा। चंद्रशेखर ने जैसे ही उसे उठाया, बगल में खड़े लड़के ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। वह खुद को संभाल पाते, तब तक पैर छूने वाले युवक ने भी उन्हें चाकू मारना शुरू कर दिया।
चंद्रशेखर ने खुद को बचाने का प्रयास किया, पर वह गिर गए। इसके बाद दोनों युवकों ने उनके ऊपर चढ़कर ताबड़तोड़ चाकू मारे। उनकी हत्या के बाद दोनों युवक आराम से टहलते हुए होटल से निकल गए। इस दौरान होटल में मौजूद अन्य लोग और स्टाफ यह सब देख रहे थे, लेकिन उन्हें बचाने की जगह लोग डरकर भाग गए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.