गुजरात के मोरबी में पैदल यात्रियों के लिए बना सस्पेंशन ब्रिज रविवार रात को टूट गया। कुछ दिन पहले ही इसकी मरम्मत हुई थी। आम लोगों के लिए खोले जाने के महज 5 दिन बाद ही यह ब्रिज टूट गया। पुल पर मौजूद करीब 500 लोग नदी में जा गिरे। इनमें से 134 की अब तक मौत हो चुकी है। मृतकों में महिलाएं और 30 से ज्यादा बच्चे भी शामिल हैं। ब्रिज की केबल-जाली थामे रहे 200 लोगों को बचा लिया गया।
मोरबी की पहचान कहा जाने वाला यह ब्रिज 143 साल पुराना था। इसकी चौड़ाई 1.25 मीटर (4.6 फीट) है। यानी करीब इतनी ही कि दो लोग आमने-सामने से गुजर सकें। इसकी लंबाई 233 मीटर (765 फीट) थी। इतनी कि अगर 500 लोग एक साथ पुल पर खड़े हों तो हर कोई लगभग एक-दूसरे से टच करता हुआ ही दिखाई देगा।
पैदल यात्रियों के लिए बना यह पुल मोरबी के लखधीरजी इंजीनियरिंग कॉलेज को दरबारगढ़ महल से जोड़ता था। हादसे के बाद कई सवाल उठे, जो दिखाते हैं कि जिम्मेदारों की अनदेखी ने एक साथ सैकड़ों लोगों की जान ले ली। अब हम सिलसिलेवार तरीके से वो सवाल आपके सामने रख रहे हैं, जिनके जवाब अगर वक्त रहते खोज लिए जाते, तो शायद इतनी बड़ी त्रासदी को टाला जा सकता था...
1. यह पुल पिछले 6 महीने से बंद था। क्या जल्दबाजी में चालू किया गया?
मोरबी का केबल सस्पेंशन ब्रिज 20 फरवरी 1879 को शुरू किया गया था। 143 साल पुराना होने से इसकी कई बार मरम्मत हो चुकी है। हाल ही में 2 करोड़ रुपए की लागत से 6 महीने तक ब्रिज का रेनोवेशन हुआ था। गुजराती नव वर्ष यानी 26 अक्टूबर को ही यह दोबारा खुला था। गुजरात विधानसभा चुनाव की घोषणा एक-दो दिन में ही होने वाली है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनावी फायदा लेने के लिए इसे बिना टेस्टिंग अफरातफरी में शुरू कर दिया गया।
2. पुल के रेनोवेशन के बाद क्या उसकी मजबूती जांची गई?
नया पुल हो या किसी पुल का रेनोवेशन किया गया हो, उसको शुरू करने से पहले जरूरी है कि उसकी मजबूती की विशेषज्ञ जांच करें। ये परखते हैं कि इस पर कितना भार दिया जा सकता है। मोरबी के नगर पालिका के मुख्य अधिकारी संदीप सिंह झाला ने कहा कि ओरेवा ने प्रशासन को सूचना दिए बिना ही लोगों को पुल पर जाने की इजाजत दे दी।
कंपनी ने न तो पुल खोलने से पहले नगरपालिका के इंजीनियरों से उसका वेरिफिकेशन कराया और न ही फिटनेस स्पेसिफिकेशन सर्टिफिकेट लिया। अब बड़ा सवाल ये है कि 26 अक्टूबर को ओरेवा कंपनी के MD जयसुख पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुल को चालू करने की घोषणा की थी, तब नगर पालिका ने इसे रोका क्यों नहीं?
3. प्रशासन ने घड़ी-बल्ब बनाने वाली कंपनी के जिम्मे ही छोड़ दिया पुल?
मोरबी का यह ऐतिहासिक पुल शहर की नगर पालिका के अधिकार में था। नगर पालिका ने इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी अजंता ओरेवा ग्रुप ऑफ कंपनीज को सौंपी थी। यह इलेक्ट्रॉनिक घड़ियों, कैलकुलेटर, घरेलू उपकरणों और एलईडी बल्ब बनाने वाली कंपनी है। ओरेवा ने ही देश में सबसे पहले एक साल की वारंटी के साथ एलईडी बल्ब बेचने की शुरुआत की थी।
नगर पालिका के CMO संदीप सिंह झाला ने माना कि मरम्मत के दौरान कंपनी के कामकाज की निगरानी के लिए कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं थी। यानी पूरी तरह से कंपनी के ऊपर छोड़ दिया गया कि वह पुल को कैसे और किससे बनवाती है और कब चालू करती है?
4. कहीं चेतावनी या सूचना बोर्ड ही नहीं, तो लोगों को कैसे पता चलेगा कि ब्रिज की क्षमता कितनी?
ओरेवा कंपनी से अगले 15 साल यानी 2037 तक के लिए पुल की मरम्मत, रख-रखाव और ऑपरेशन का समझौता किया गया था। पुल पर कंपनी के नाम का बोर्ड तो मौजूद था, लेकिन क्षमता को लेकर दोनों छोरों पर कोई सूचना या चेतावनी नहीं लिखी गई थी।
जानकारी मिली है कि पुल पर जाने के लिए बड़ों से 17 और बच्चों से 12 रुपए का टिकट वसूला जा रहा था। ओरेवा कंपनी ही टिकट के पैसे वसूल रही थी, लेकिन टिकट चेक करने के लिए दोनों सिरों पर खड़े गार्ड्स ने लोगों की संख्या को चेक नहीं किया।
5. अचानक इतनी भीड़ कैसे हो गई?
यह ब्रिज पिकनिक स्पॉट के तौर पर मशहूर था। दिवाली बाद के वीकेंड में लोग घूमने निकले हुए थे। ब्रिज 6 महीने बाद खुलने की वजह से भी इसको लेकर लोगों में आकर्षण था। इस वजह से इतने ज्यादा लोग एक साथ वहां घूमने पहुंच गए। लोगों को रोका नहीं जा रहा था, इसलिए 17 रुपए का टिकट खरीदकर करीब 400 लोग एक साथ ब्रिज पर जा पहुंचे।
6. क्या ब्रिज उधर से टूटा, जिधर भीड़ ज्यादा थी?
फोटो और वीडियो देखकर सस्पेंशन ब्रिज बीच में से ही टूटा दिखाई दे रहा है, लेकिन ब्रिज के टूटने की शुरुआत कहां से हुई, इसकी पुख्ता जानकारी अभी मिलनी बाकी है। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ब्रिज कहां से टूटा और इसकी वजह क्या थी, यह जानकारी एफएसएल रिपोर्ट से ही मिल सकेगी।
7. इतनी ज्यादा मौतों की वजह क्या है?
पैदल पुल और पानी के बीच करीब 100 फीट की दूरी होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। पानी की गहराई भी 15 फीट के करीब बताई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि पुल टूटने के बाद लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरे थे। NDRF ने इसके नीचे गाद होने की बात भी कही है। ऐसे में बहुत संभव है कि पुल से गिरने के बाद कई लोग गाद में जा धंसे हों।
8. पिकनिक स्पॉट था, फिर रेस्क्यू और मेडिकल टीम कितनी अलर्ट थी?
हादसे के 15 से 20 मिनट के अंदर ही 108 की एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना बड़ी होने की वजह से 108 कमांड सेंटर ने आसपास के सभी जिलों की एंबुलेंस भी बुला ली थीं। करीब आधे घंटे में 300 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थीं। घायलों को दुर्घटनास्थल से 7 मिनट की दूरी पर मौजूद जिला अस्पताल ले जाया गया।
गुजरात के शासक वाघजी ने बनवाया था पुल, इंग्लैंड से मंगवाया था सामान
मोरबी का यह पुल गुजरात के राजकोट से 64 किलोमीटर दूरी पर बना हुआ है। विक्टोरियन लंदन स्टाइल में बने इस पुल को मोरबी के पूर्व शासक सर वाघजी ने बनवाया था। इसके लिए मटेरियल इंग्लैंड से मंगवाया गया था। तब इसे यूरोप में उपलब्ध सबसे बेहतरीन तकनीक के जरिए बनाया गया था।
देश में पुल टूटने से हुए तीन सबसे बड़े हादसे...
गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे से जुड़ी भास्कर की ये खास खबरें भी पढ़ें...
गुजरात ब्रिज हादसे के दर्दनाक VIDEO: कोई तैरकर बचा, तो कोई कंधे पर लाश लेकर भागा
गुजरात के मोरबी में रविवार को सस्पेंशन ब्रिज हादसे में कई परिवार बर्बाद हो गए। शाम करीब साढ़े छह बजे मच्छू नदी पर बना 143 साल पुराना ब्रिज अचानक टूट गया। करीब 500 लोग नदी में जा गिरे। बचाओ-बचाओ की पुकार और चारों तरफ अफरा-तफरी। कुछ लोग तैरकर बाहर आ गए। कुछ ने दूसरों को निकाला भी। कई लोग टूटे ब्रिज पर जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे थे। कुछ लाशें लेकर अस्पताल की ओर दौड़ रहे थे। पढ़ें पूरी खबर...
मोरबी हादसे की 11 कहानियां: परिवार में बचा 4 साल का जियांश; रूपेश के घर से एकसाथ उठीं चार अर्थियां
किसी ने औलाद खो दी, किसी ने जीवन साथी। किसी की कोख में ही उसकी औलाद की कब्र बन गई। किसी के अपने उसकी आंखों के आगे डूब गए। कहीं मासूम परिवार में अकेला बचा, तो किसी के घर से एक साथ कई अर्थियां उठीं... एक शख्स ने 8 महीने की गर्भवती की लाश देखी और फिर उसकी आंखें ये दहलाने वाला दृश्य भूल नहीं पाईं। पढ़ें पूरी खबर...
43 साल बाद... वही कहर, वैसा ही मौत का तांडव:तब गुजरात के मोरबी शहर में खंभों पर लटकती मिली थीं लाशें
इस भयानक हादसे ने मोरबी के लोगों की फिर से एक दर्दनाक घटना की याद दिला दी थी। यह हादसा मच्छू नदी के डैम टूटने से हुआ था। आइए जानते हैं कि किस तरह 11 अगस्त 1979 को यह पूरा शहर किस तरह श्मशान में तब्दील हो गया था। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.