सेंट्रल हेल्थ मिनिस्ट्री की वेबसाइट गुरुवार को हैक हो गई। बताया जाता है कि रूसी हैकर्स ने ये वेबसाइट हैक की। इसके बाद मिनिस्ट्री ने इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम से मामले की जांच करने को कहा है।
क्लाउड एक्स के साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने दावा किया है कि रूसी हैकरों के ग्रुप फीनिक्स ने हेल्थ मिनिस्ट्री की वेबसाइट को निशाना बनाया है। इसके जरिए हैकर्स देश के सभी अस्पतालों के कर्मचारियों और मुख्य चिकित्सकों के डेटा तक पहुंच गए हैं।
मंत्रालय ने CERT-In से रिपोर्ट मांगी
मंत्रालय के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) से इस बारे में जानकारी मांगी गई है। वो इसकी जांच कर रहे हैं, जल्द ही इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे।
CERT-In भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड IT मिनिस्ट्री के तहत काम करती है। यह हैकिंग और फिशिंग जैसे साइबर सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए नोडल एजेंसी है, जो भारतीय इंटरनेट डोमेन की सुरक्षा को मजबूत करती है।
CloudSEK की एक रिपोर्ट के अनुसार हैकरों के ग्रुप ने बताया कि उसने ये साइबर हमला ऑयल प्राइस कैप पर भारत के एग्रीमेंट और रूस-यूक्रेन युद्ध पर G20 के प्रतिबंधों के कारण किया है। CloudSEK ने कहा कि इस वेबसाइट को टारगेट करने के पीछे मकसद रशियन फेडरेशन के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंध थे।
2022 से एक्टिव है फीनिक्स
CloudSEK ने कहा कि फीनिक्स जनवरी 2022 से एक्टिव है और यह ग्रुप फिशिंग घोटालों और US, जापान व UK के अस्पतालों को टारगेट करने के लिए जाना जाता है। अमेरिकी सेना की सेवा करने वाले हेल्थ संगठन और स्पेनिश विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर हमले के पीछे भी यही ग्रुप है।
हैकिंग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें...
चीनी हैकर्स ने किया था AIIMS के सर्वर पर अटैक, 5 सर्वर का डेटा रिकवर
दिसंबर 2022 में दिल्ली AIIMS का सर्वर हैक हुआ था। इस मामले में चीन की साजिश सामने आई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि AIIMS के सर्वर पर चीनी हैकर्स ने अटैक किया था। मंत्रालय के मुताबिक, AIIMS के 100 में से 5 सर्वर हैक किए गए थे, इन सभी का डेटा रिकवर कर लिया गया है। OPD का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.