- पाकिस्तान में 27 अगस्त को सिख लड़की और 31 अगस्त को एक हिंदू लड़की को अगवा करने का मामला सामने आया
- पाक के हिंदू पंचायत संगठन का दावा- इमरान खान की पार्टी के कार्यकर्ता ने हिंदू लड़की को अगवा कर धर्म परिवर्तन कराया
Dainik Bhaskar
Sep 02, 2019, 02:11 PM ISTनई दिल्ली. पाकिस्तान में एक हफ्ते के अंदर सिख और हिंदू समुदाय की दो लड़कियों को अगवा कर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया। इसके विरोध में सिख समुदाय ने सोमवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगे। सभी ने प्रधानमंत्री इमरान खान से पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा की मांग की।
पाकिस्तान के ननकाना साहिब में एक सिख परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी 19 साल की बेटी को 27 अगस्त की रात अगवा कर जबरन धर्म परिवर्तन करवाया गया। इसके बाद लड़की का एक मुस्लिम लड़के से निकाह करा दिया। वहीं, 31 अगस्त को सिंध प्रांत में रेणुका कुमारी को अगवा कर उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया। पाक में हिंदुओं के अधिकारों के लिए काम करने वाले ऑल पाकिस्तान हिंदू पंचायत संगठन ने फेसबुक पोस्ट में हिंदू लड़की को अगवा करने का दावा किया है।
रेणुका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन साथ पढ़ने वाले बाबर अमन से प्रेम करती थी। दोनों को पीटीआई कार्यकर्ता मिर्जा दिलावर बेग ने सियालकोट स्थित अपने घर पर रखा है। पुलिस ने अमन के भाई को शनिवार रात गिरफ्तार किया था।
सिख लड़की को शेल्टर होम में भेजा
वहीं, ननकाना साहिब से अगवा हुई सिख लड़की 30 अगस्त को मिल गई थी। कोर्ट के आदेश पर उसे शेल्टर होम भेज दिया है। पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दावा किया कि लड़की अगवा नहीं हुई बल्कि उसने मर्जी से भागकर निकाह किया। वहीं, लड़की ने वकील के जरिए परिजन के आरोपों को नकार दिया। वकील ने लाहौर कोर्ट में पुलिस और परिजनों के खिलाफ याचिका दायर की है।
