उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा में कोहरा छाया हुआ है। नजारा कुछ ऐसा है कि समझ पाना मुश्किल है कि कहां धरती खत्म हो रही है और कहां आसमान शुरू हो रहा है। जैसे आसमान धरती पर ही उतर आया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कई दिनों तक उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर रहेगी। इन राज्यों में पंजाब, हरियाणा, चंड़ीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं।
20 जनवरी तक रहेगा शीतलहर का प्रकोप
पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी के चलते सप्ताहभर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन में धूप नहीं निकल रही। इससे लोग घरों में ही दुबके रहने को मजबूर हैं। रविवार को हरियाणा के अधिकतर जिलों में सिवियर कोल्ड-डे और कोल्ड-डे की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में 20 जनवरी तक घने कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। देश के उत्तर पश्चिमी भाग में 19 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में अगले 3 दिन कोहरे के साथ शीतलहर जारी रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट के साथ सर्दी भी और बढ़ेगी। दिल्ली में 17 जनवरी से 20 जनवरी तक घने कोहरे के साथ शीतलहर जारी रहेगी, जिसके चलते दिन में भी धूप देखने को नहीं मिलेगी और हाड़ कंपा देने वाली ठंड से लोगों को सामना करना पड़ेगा।
रविवार को न्यूनतम तापमान समान्य से दो सेल्सियस 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले शनिवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पर ही सिमट गया था।
मंगलवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इससे ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
राजस्थान में 50 मीटर रह गई विजिबिलिटी
राजस्थान का आधा हिस्सा घने कोहरे की चपेट में है। धुंध की वजह से 50 मीटर से ज्यादा दूर कुछ नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि पांच साल बाद राजस्थान में विजिबिलिटी 50 मीटर तक घट गई। इससे पहले 14 जनवरी 2016 को विजिबिलिटी 50 मीटर रिकॉर्ड की गई थी। प्रदेश में एक कम तीव्रता का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ऐसी परिस्थितियां बनी हैं। शीतलहर के चलते कड़ाके की ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि 4-5 दिन बाद मौसम बदलने के आसार हैं, तब ठिठुरन से राहत मिल सकती है। पूरी खबर यहां पढ़े...
MP में रात का पारा 10 से नीचे रहा
मध्यप्रदेश के शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया। सीजन में यह पहली बार है, जब प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान एक डिजिट (यानी 10 से कम) में आ गया। सिर्फ होशंगाबाद और सतना में पारा 10 डिग्री रहा। बाकी जगह इससे नीचे। दो दिन से कोहरा और बादल हैं। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अगले 24 घंटे तक मौसम इसी तरह रहेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें...
कश्मीर से कन्याकुमारी तक अगले दो दिन ठंड रहेगी जारी
मौसम विभाग ने बताया है कि हिमालयी क्षेत्र में 18 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ेगा, इसके बाद 21 जनवरी से अगला पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी भारत पर असर डालेगा। दिल्ली, मध्यप्रदेश और राजस्थान में अगले 24 घंटों के दौरान रात और अलसुबह बहुत घना कोहरा हो सकता है।
दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में सोमवार और केरल में अगले दो दिन बारिश की आशंका है। पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 और 20 जनवरी को बारिश हो सकती है।
कश्मीर घाटी में कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर
कश्मीर में भीषण शीतलहर की स्थिति से कुछ राहत मिली है। न्यूनतम तापमान में कई डिग्री का सुधार हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान से कम था। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में 2.5 डिग्री अधिक है।
हिमाचल में 154 सड़कें बंद, फिर बर्फबारी संभव
हिमाचल में भारी हिमपात के कारण 154 सड़कें अब भी बंद हैं। रविवार काे पश्चिमी विक्षोभ ने दस्तक दे दी। अधिकांश क्षेत्रों में घने बादल छाए रहे। अगले चार दिन के लिए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
सिवियर कोल्ड-डे और कोल्ड-डे में अंतर
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.