कोरोना से बेहाल दुनिया को डेंगू भी परेशान कर रहा है। मच्छरों के काटने से होने वाली यह बीमारी भारत में इस साल 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुकी है। इस साल अब तक 1.20 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। यह संख्या 2017 के बाद सबसे ज्यादा है। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में 23 हजार से ज्यादा केस मिले हैं। वहीं दिल्ली, में 2700 से ज्यादा मरीज मिले।
दुनिया की बात करें तो पड़ोसी बांग्लादेश और पाकिस्तान में भी डेंगू का कहर टूट रहा है। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 19 हजार से ज्यादा, तो सिंध प्रांत में 4200 से ज्यादा लोग डेंगू से पीड़ित मिले हैं। दोनों राज्यों में करीब 80 लोगों की जान डेंगू से गई है।
वहीं, बांग्लादेश में भी 25 हजार से ज्यादा डेंगू मरीज मिले हैं। वहां इस साल 90 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि दुनिया की आधी आबादी यानी करीब 400 करोड़ लोग ऐसे इलाकों में रहते हैं, जहां डेंगू होने का सबसे ज्यादा खतरा है।
हर साल दुनिया में 40 हजार मौतें, 40 करोड़ लोग संक्रमित
अफ्रीका, अमेरिका, एशिया के 100 से ज्यादा देशों में इस स्थानिक बीमारी का खतरा है। हर साल 10 से 40 करोड़ लोग डेंगू से संक्रमित होते हैं। इनमें से गंभीर 40 हजार लोगों की जान चली जाती है। संगठन के मुताबिक हाल के दशकों में डेंगू के वैश्विक प्रसार में अत्यधिक वृद्धि हुई है और इसे 17 उपेक्षित उष्णकटिबंधीय रोगों (एनटीडी) में से एक माना जाता है।
दिल्ली-एनसीआर में 43% परिवारों में 1 सदस्य को डेंगू
दिल्ली-एनसीआर में डेंगू का कहर जारी है। एक अध्ययन में 43% लोगों ने बताया कि इस साल उनके परिवार में या करीबी संपर्क वाले के यहां किसी न किसी सदस्य को डेंगू हुआ है। 71% लोग बोले कि नगर निगम ने शुरुआत में इसे रोकने के उपाय नहीं किए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.