• Hindi News
  • National
  • India Today Conclave 2023 Update; Narendra Modi, Justice UU Lalit | Sachin Tendulkar

PM मोदी बोले- कुछ लोग देश को नीचा दिखा रहे:कहा- इतना शुभ हो रहा कि कुछ लोगों ने काला टीका लगाने का जिम्मा लिया

नई दिल्ली2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एक कार्यक्रम में कहा कि जब देश संकल्प से भरा है ऐसे में कुछ लोग देश को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत का मनोबल तोड़ने की बातें भी होती रहती हैं। PM ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब कहीं पर भी शुभ होता है तो काला टीका लगाते हैं। आज इतना शुभ हो रहा है कि कुछ लोगों ने काला टीका लगाने का जिम्मा लिया है।

प्रधानमंत्री मोदी इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज दुनिया मान रही है कि यह भारत का समय है। ये कालखंड देश के लिए महत्वपूर्ण है। नया इतिहास बन रहा है। आज भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है।

PM मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें...

1. आज जिन परिस्थितियों में भारत आगे बढ़ रहा है उसके सामने चुनौतियां बड़ी और अलग हैं आज सबसे बड़ी महामारी फैली, दो देश युद्ध में हैं। इस समय इंडिया मोमेंट आना अलग बात है। भारत ग्लोबल फिनटेक अडॉप्शन रेट में सबसे आगे है। स्टार्टअप्स की संख्या के मामले में भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर है। जीएसटी काउंसिल की वजह से देश में आधुनिक टैक्स व्यवस्था बनी है।

2. मैं 2023 के केवल 75 दिनों की बात करना चाहता हूं। इन 75 दिनों में शिवमोगा में एयरपोर्ट बना, सबसे बड़ा रिवर क्रूज चला, IIT धारवाड़ के कैंपस का उद्घाटन हुआ। भारत ने ई-संजीवनी की शुरुआत हुई। देश में 100% रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन हुआ। देश को 2 ऑस्कर मिले। तुर्किए में ऑपरेशन दोस्त चलाया। जी-20 की 28 बैठकें हुईं। इन 75 दिनों में जो हुआ वही इंडिया मोमेंट हैं।

3. गुलामी के चलते देश ने गरीबी का दौर देखा है। देश का गरीब इससे मुक्ति चाहता था। वह दो वक्त की रोटी तक सीमित नहीं रहना चाहता। हमने देश में 11 करोड़ टॉयलेट बनाए। 48 करोड़ लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा। 9 सालों में गरीबों के लिए 3 करोड़ से ज्यादा घर बनाए। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ किसानों के खातों में ढाई लाख करोड़ रुपए भेजे हैं।

4. पहले रेल हादसों की खबरें आती थीं, आज नई ट्रेन चलने की खबरें आती हैं। दुनिया की 30% आबादी के पास उनकी प्रॉपर्टी का कानूनी दस्तावेज नहीं है। यह वैश्विक विकास के लिए रुकावट है। देश में पीएम स्वामित्व योजना के तहत 34 हजार गांवों में ड्रोन सर्वे हो चुका है। यहां प्रॉपर्टी कार्ड दिए जा चुके हैं। गांव के लोगों का यह डर भी कम हुआ है कि वे गांव से बाहर गए तो उनकी प्रॉपर्टी पर कब्जा हो जाएगा।

5. हमने गवर्नेंस में ह्यूमन टच दिया है, इसके बिना हम कोरोना के खिलाफ इतनी बड़ी लड़ाई जीत नहीं पाते। दशकों तक बॉर्डर के विलेज को आखिरी गांव माना गया। हमने उन्हें पहला गांव होने का विश्वास दिया। नॉर्थ-ईस्ट के लोगों को पहले दिल की और दिल्ली की दूरी बहुत अखरती थी। अब अधिकारी वहां नियमित विजिट करते हैं। मैं भी नॉर्थ-ईस्ट जाने की हाफ सेंचुरी मार चुका हूं।

इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2023 शुक्रवार 17 मार्च को शुरू हुआ था। इसमें पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अभिनेता रामचरण, केंद्रीय मंत्रियों समेत कई अन्य बड़ी हस्तियों ने अलग-अलग मुद्दों पर बात की। कॉन्क्लेव का यह 20वां एडिशन है।

शुक्रवार को गृहमंत्री अमित शाह ने भी संबोधित किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कॉन्क्लेव में कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद गरीबों के मन में सपना देखने की उम्मीद जगी है। आने वाले वक्त में जब देश आजादी की शताब्दी वर्षगांठ मनाएगा तब दुनिया में भारत आगे खड़ा दिखेगा।

जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के कार्यकाल से प्रधानमंत्री मोदी के कामों की तुलना किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा- सभी ने अपने-अपने समय में अच्छा काम करने का प्रयास किया है। अपनी-अपनी समझ-शक्ति और समय के हिसाब से काम किया है। क्योंकि हर समय में अलग-अलग चुनौतियां होती हैं।

हर व्यक्ति की अलग प्रकार की क्षमता होती है और उसका विजन होता है। मगर सभी ने अच्छा प्रयास किया है- मैं तो ये मानता हूं। जहां तक मोदी जी का सवाल है, मोदी जी ने भारत के लोगों के अंदर महत्वाकांक्षा को जीवित करने का काम किया है।