- रिसर्च फर्म आईडीसी की रिपोर्ट- भारत में दिसंबर तिमाही में बिक्री 19.5% बढ़ी
- बीते साल भारत में 14.23 करोड़ स्मार्टफोन बिके, 2017 में 12.43 करोड़ बिके थे
नई दिल्ली. साल 2018 में दुनिया में पहली बार स्मार्टफोन की बिक्री घटी। इसमें 4% की गिरावट आई। लेकिन, इसके उलट भारत में 2018 में ही स्मार्टफोन की बिक्री 14.5% बढ़ी है। यह जानकारी रिसर्च फर्म आईडीसी की रिपोर्ट से सामने आई है।
भारत में श्याओमी नंबर-1 ब्रांड
-
2018 में भारत में 14.23 करोड़ स्मार्टफोन बिके। वहीं, 2017 में भारत में कुल 12.43 करोड़ स्मार्टफोन बिके थे। श्याओमी भारत में नंबर-1 स्मार्टफोन ब्रांड है। इसका मार्केट शेयर 28.9% रहा। 22.4% शेयर के साथ सैमसंग दूसरे और 10% शेयर के साथ वीवो तीसरे स्थान पर है।
-
भारत में दिसंबर तिमाही में स्मार्टफोन की बिक्री 19.5% बढ़ी। इस तिमाही में 3.63 करोड़ हैंडसेट बेचे गए। 2017 की दिसंबर तिमाही में 3.03 करोड़ स्मार्टफोन बिके थे।
-
दिवाली के बाद भी ई-कॉमर्स कंपनियों ने दिसंबर तक कई ऑनलाइन सेल रखे थे। इससे स्मार्टफोन की बिक्री में तेजी आई। हालांकि, 2018 की सितंबर तिमाही की तुलना में दिसंबर तिमाही में बिक्री 15.1% घटी।
-
ट्रेंड: सस्ते इंटरनेट, डिवाइस की घटती कीमतों से बिक्री में तेजी
भारत में बिक्री बढ़ने के तीन सबसे बड़े कारण
- 2018 के आंकड़े के अनुसार भारत की 28% आबादी के पास स्मार्टफोन है। यानी ग्रोथ की काफी संभावना मौजूद है।
- रिलायंस जियो के आने के बाद भारत में इंटरनेट दुनिया में सबसे सस्ता हो गया। इससे स्मार्टफोन की डिमांड बढ़ी।
- चीनी कंपनियों के आने से बजट रेंज में स्मार्टफोन विकल्प की बाढ़ सी आ गई है। कीमत 30 से 40% कम हुई।
-
दुनिया में बिक्री 4% घटी, ये तीन बड़ी वजहें
- दुनिया के सबसे बड़े स्मार्टफोन मार्केट चीन में डिमांड में कमी आई। वहां पहले ही 60% लोगों के पास स्मार्टफोन है।
- विकसित मार्केट में बेहतर क्वालिटी का होने के कारण स्मार्टफोन का रिप्लेसमेंट साइकिल पहले से लंबा हो गया है।
- 2018 में ऐसी कोई नई तकनीक नहीं आई जो लोगों को नया स्मार्टफोन खरीदने के लिए बाध्य कर सके।
-
ऑनलाइन बिके 38.4% स्मार्टफोन, नया रिकॉर्ड
आईडीसी इंडिया की रिसर्च मैनेजर उपासना जोशी ने कहा कि 2018 की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इस साल ऑनलाइन चैनल से स्मार्टफोन की बिक्री अब तक की सबसे ज्यादा 38.4% रही। वहीं, 2018 की चौथी तिमाही में यह आंकड़ा 42.2% तक पहुंच गया।
-
जोशी ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा कई राउंड सेल लगाने के अलावा, फाइनेंस के कई विकल्प उपलब्ध कराने, कैशबैक और बायबैक स्कीम देने के कारण ऑनलाइन बिक्री में इस तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली है। आईडीसी के मुताबिक ऑफलाइन चैनल में ग्रोथ की रफ्तार सुस्त रही और 2018 में इसमें 6.7% की ग्रोथ ही देखने को मिली।
-
2018: भारत में टॉप-3 स्मार्ट फोन ब्रांड
कंपनी मार्केट शेयर (2018) मार्केट शेयर (दिसंबर तिमाही) श्याओमी (चीन) 28.9% 28.9% सैमसंग (कोरिया) 22.4% 18.7% वीवो (चीन) 10% 9.7% -
भारतीय कंपनियों का कुल मार्केट शेयर 10% से कम
हाल ही में आई एक अन्य रिपोर्ट के मुताबित सभी भारतीय कंपनियों को मिलाकर भारत में मार्केट शेयर 10% से भी कम है। चार साल पहले (2015 में) यह हिस्सेदारी 43% थी। भारतीय कंपनियों में माइक्रोमैक्स 4% शेयर के साथ सबसे आगे है। इसके बाद लावा (2%) और इनटैक्स (1%) का नंबर आता है।
-
स्मार्टफोन की औसत कीमत 11,179 रुपए
- 2018 में भारत में बिके स्मार्टफोन की औसत कीमत 11,179 रुपए (158 डॉलर) रही। आधे स्मार्टफोन 100 से 200 डॉलर की रेंज के बिके।प्रीमियम सेगमेंट में 43.9% की ग्रोथ दर्ज की गई। हालांकि, ओवरऑल स्मार्टफोन मार्केट में प्रीमियम सेगमेंट का शेयर सिर्फ 3% है।
- वन प्लस 35,000 से 50,000 रुपए की रेंज में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन ब्रांड रहा।
- सुपर प्रीमियम सेगमेंट में सैमसंग नंबर-1 बना।
-
तकनीकी बदलाव में पिछड़ गईं भारतीय कंपनियां
भारत जब 3जी से 4जी की दुनिया में प्रवेश कर रहा था तब भारतीय कंपनियां समय रहते जरूरी बदलाव नहीं कर पाईं। उन्होंने 4जी हैंडसेट लॉन्च करने में देरी की और इससे बजट सेगमेंट में चीनी कंपनियां छा गईं। इसके बाद डुअल कैमरा, फिंगर प्रिंट स्कैनर, ग्लास बैक पैनल जैसे फीचर में भी पीछे रहे।