मिशन कर्नाटक... BJP केंद्रीय नेतृत्व के भरोसे:साल की शुरुआत से भाजपा नेताओं के दौरे बढ़े, कांग्रेस को स्थानीय नेतृत्व का सहारा

बेंगलुरु2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

दक्षिण भारत में भाजपा के खाते के अकेले राज्य कर्नाटक को बचाकर रखने के लिए पार्टी नेता एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। भाजपा की पूरी टीम के साथ ही दक्षिण भारतीय राज्यों तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के नेताओं को खासकर तैनात किया जा रहा है।

राज्य में कांग्रेस का अभियान जहां प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व CM सिद्दारमैया के भरोसे पर है वहीं, भाजपा का दारोमदार केंद्रीय नेतृत्व के साथ ही पूर्व CM बीएस येदियुरप्पा पर है। इस साल शुरू में ही भाजपा के केंद्रीय नेताओं के दौरे बढ़ गए हैं। PM मोदी ने 7, शाह ने 8, नड्डा ने 10 बार प्रदेश की यात्रा की है।

24 मार्च को गृहमंत्री अमित शाह कर्नाटक के दौरे पर थे। उन्होंने बीएस येदियुरप्पा से मुलाकात की, इस दौरान ज्यादातर वक्त येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र (पीछे) अमित शाह के करीब रहे।
24 मार्च को गृहमंत्री अमित शाह कर्नाटक के दौरे पर थे। उन्होंने बीएस येदियुरप्पा से मुलाकात की, इस दौरान ज्यादातर वक्त येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र (पीछे) अमित शाह के करीब रहे।

चुनाव से पहले कर्नाटक को 40 हजार करोड़ की सौगात मिली
PM मोदी तटीय कर्नाटक छोड़कर पूरे राज्य का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने 40 हजार करोड़ की परियोजनाओं की नींव रखी या उद्घाटन किया। लोकनीति नेटवर्क के राष्ट्रीय समन्वयक और राजनीतिक विश्लेषक प्रो. संदीप शास्त्री का कहना है कि राज्य में केंद्रीय नेतृत्व प्रचार की कमान संभाले हुए है।

यह राज्य सरकार की उपलब्धियों को सामने नहीं ला रहा। न ही राज्य के नेताओं को आगे बढ़ा रहा है। इसमें केवल येदियुरप्पा की बात की है जो चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। भाजपा सरकार सत्ता विरोधी रुझान का सामना कर रही है। यही कारण है कि उसके नेता केवल केंद्र सरकार के कामों की बात कर रहे हैं।

PM मोदी एक हफ्ते पहले बेंगलुरु में मेट्रो के फेस-2 की 13.71 किमी लंबी लाइन का उद्घाटन किया। इस दौरान मेट्रो की सवारी की और मेट्रो के कर्मचारियों से बातचीत भी की।
PM मोदी एक हफ्ते पहले बेंगलुरु में मेट्रो के फेस-2 की 13.71 किमी लंबी लाइन का उद्घाटन किया। इस दौरान मेट्रो की सवारी की और मेट्रो के कर्मचारियों से बातचीत भी की।

उम्मीदवार चुनने के लिए बैठक अगले हफ्ते
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मिशन कर्नाटक के लिए अगले हफ्ते दिल्ली में राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक बुलाई है। 40 स्टार प्रचारकों में केंद्रीय मंत्रियों राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हैं। 5-6 अप्रैल को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो सकती है जिसमें उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे। सभी से राज्य में दो हफ्ते का समय देने को कहा गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि करीब 40% विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं।

9 अप्रैल को मोदी-राहुल दोनों का कर्नाटक दौरा
PM मोदी 9 अप्रैल को कर्नाटक में प्रोजेक्ट टाइगर के गोल्डन जुबली कार्यक्रम में शामिल होंगे। उसी दिन कोलार में राहुल गांधी सत्यमेव जयते सहित कई कार्यक्रम में हिस्सेदारी करेंगे।

कर्नाटक चुनाव से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें...

कर्नाटक में 10 मई को चुनाव, 13 को नतीजे:वायनाड में उपचुनाव पर चुनाव आयोग ने कहा- 6 महीने का वक्त है, इंतजार करेंगे

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 10 मई को होंगे। नतीजे 13 मई को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को कहा कि वोटिंग एक चरण में कराई जाएगी। कर्नाटक में 5.21 करोड़ मतदाता हैं, जो 224 विधानसभा सीटों पर मतदान करेंगे। राजीव कुमार ने कहा कि जो लोग 1 अप्रैल को 18 साल के होंगे, वो भी वोट डाल सकेंगे। इसके लिए हमने एडवांस एप्लिकेशन मंगवा ली है। पूरी खबर पढ़ें...