कर्नाटक में मैसूरु ऊटी रोड पर बने बस स्टॉप का रंग रूप बदल दिया गया है। दरअसल पहले इस पर तीन गुंबद थे। एक भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ये मस्जिद जैसा दिख रहा था। उन्होंने कहा था कि इसे ठीक नहीं किया तो वे इसे बुलडोजर से गिरा देंगे। इस पर बस स्टॉप का रूप रंग बदल दिया गया। अब इस पर केवल एक ही गुंबद दिख रहा है, जिसे लाल रंग से रंगा गया है।
पहले समझें क्यों विवादों में था ये बस स्टॉप
पिछले रविवार (13 नवंबर) को कर्नाटक भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा मैसूरु में 'टीपू निजाकंसुगलु' (टीपू के सच्चे सपने) नाम के इवेंट को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया था। उनका मानना था कि यहां का यह बस स्टॉप दूर से किसी मस्जिद की तरह नजर आता है। इसके बाद उन्होंने इसे बुलडोजर से गिराने की चेतावनी दी थी।
उन्होंने कहा था- सोशल मीडिया पर इस बस स्टॉप को देखा था। इसमें 3 गुंबद हैं, बीच में बड़ा और अगल-बगल छोटे गुंबद। वह केवल एक मस्जिद है। मैंने इंजीनियरों से तीन-चार दिनों में इस ढांचे को गिराने के लिए कहा है। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो मैं खुद एक JCB लाकर उसे तोड़ दूंगा।
कांग्रेस का सवाल- गुंबद वाले सरकारी दफ्तर भी गिरा दोगे?
भाजपा सांसद के बयान के बाद उठे विवाद पर कांग्रेस भी कूद गई थी। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख सलीम अहमद ने सांसद के बयान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा था- मैसूर सांसद का यह बयान मूर्खतापूर्ण है। प्रताप सिम्हा एक सांसद हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि वे क्या बोल रहे हैं। क्या वह उन सरकारी दफ्तरों को भी गिरा देंगे, जिनमें गुंबद बने हैं? पहले उन्हें इसका जवाब देने दें। लोग इस सरकार से तंग आ चुके हैं क्योंकि कोई विकास नहीं हुआ है।
पिछले दिनों हुए इन विवादों से जुड़ी खबरें भी पढ़ें...
मलाली मस्जिद विवाद में कोर्ट सुनवाई को राजी
मेंगलुरु स्थित मलाली मस्जिद विवाद पर यहां की एडिशनल सिविल कोर्ट सुनवाई के लिए राजी हो गई है। अदालत ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) की अर्जी मंजूर कर ली। वहीं, मुस्लिम पक्ष की अर्जी खारिज कर दी। VHP का दावा है कि मलाली मस्जिद मंदिर को ढहाकर बनाई गई थी। यह वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद की ही तरह केस है। पढ़ें पूरी खबर...
कांग्रेस नेता बोले- हिंदू शब्द का अर्थ बहुत गंदा
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सतीश जारकीहोली ने कहा है कि हिंदू शब्द का मतलब बहुत गंदा होता है। उनके इस बयान से विवाद पैदा हो गया है। भाजपा ने उनके बयान को हिंदुओं का अपमान और उकसाने वाला बताया है। वहीं कांग्रेस ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.